Palwal News: पलवल में कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन एवं हड़ताल नोटिस सौंपा
Palwal News: पलवल में कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन एवं हड़ताल नोटिस सौंपा

Palwal News: मुकेश बघेल, ब्यूरो चीफ, पलवल, दिनांक 19 जनवरी 2025: सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा (जिला पलवल) के आह्वान पर आज लघु सचिवालय, पलवल परिसर में कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन माननीय उच्च न्यायालय द्वारा कच्चे कर्मचारियों के नियमितीकरण के संबंध में 23 दिसंबर एवं 31 दिसंबर 2025 को दिए गए स्पष्ट एवं बाध्यकारी आदेशों को सरकार द्वारा जानबूझकर लागू न किए जाने के विरोध में किया गया।
प्रदर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम ज्ञापन उपायुक्त की अनुपस्थिति में डीसी के बिहाफ पर तहसीलदार पलवल को सौंपे गए। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार कभी अपील, कभी तकनीकी बहानों और कभी एजेंसियों की आड़ लेकर न्यायालय के आदेशों से बचने का प्रयास कर रही है, जो सीधे तौर पर अदालत की अवमानना और कर्मचारियों के साथ विश्वासघात है।
मुख्य ज्ञापन के अतिरिक्त वन विभाग में वन रक्षकों की भर्ती शीघ्र शुरू किए जाने, स्वास्थ्य विभाग में HKRNL पोर्टल से हटाए गए कर्मचारियों के नामों को तुरंत पुनः जोड़ने की मांग को लेकर भी अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। साथ ही 12 फरवरी 2025 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल का नोटिस भी प्रशासन को सौंपा गया।
वक्ताओं ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी हड़ताल BMS को छोड़कर देश की सभी 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, केंद्र सरकार कर्मचारी परिसंघ, AISGEF, राज्य कर्मचारी संघों, रिटायर्ड कर्मचारी संगठनों एवं किसान संगठनों के संयुक्त आह्वान पर की जा रही है। इससे स्पष्ट है कि यह आंदोलन केवल कर्मचारियों का नहीं, बल्कि व्यापक जन आंदोलन का रूप ले चुका है।

प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान श्री जितेंद्र तेवतिया ने की तथा संचालन जिला सचिव श्री हरेंद्र देशवाल ने किया। इस अवसर पर वन कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान श्री प्रविंद्र गुलिया HEMSA के राज्य उप प्रधान श्री भूपेंद्र शर्मा,PWD मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के राज्य उपप्रधान श्री राकेश तंवर,राज्य मुख्य संगठन सचिव श्री योगेश शर्मा,अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान श्री रूपचंद ,धर्मपाल CITU की राज्य महासचिव श्रीमती उर्मिला रावत,जिला कैशियर रमेश चंद ,अध्यापक संघ के श्री थानसिंह शर्मा,होडल बिजली विभाग से नरेंद्र सौरौत,सर्व कर्मचारी संघ के पलवल,होडल,हथीन,हसनपुर प्रधान श्री राजकुमार डागर ,पवन,प्रेम सहरावत,अनिल कुमार क्रमशः,नगर पालिक से विजय बैनीवाल,वन मजदूर एसोसिएशन से विनोद कुमार रिटायर्ड कर्मचारी संघ से हरिचंद वर्मा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त सर्व कर्मचारी संघ (SKS) की टीम द्वारा लघु सचिवालय परिसर में सीट-टू-सीट अभियान चलाकर 12 फरवरी की हड़ताल को सफल बनाने के लिए कर्मचारियों को हैंडबिल एवं पेम्फलेट वितरित किए गए।
वक्ताओं ने दो टूक कहा कि 19 जनवरी का यह कार्यक्रम कच्चे कर्मचारियों की निर्णायक लड़ाई और 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल की मजबूत तैयारी है। यदि सरकार ने शीघ्र सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।







