
Haryana News: हिसार में आगामी 1 नवंबर को होने वाले राज्य स्तरीय मेगा जॉब फेयर के सफल आयोजन को लेकर उप मण्डल अधिकारी ज्योति मित्तल की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान विभाग और जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत बुलाई गई थी।
बैठक में युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, मेले के सुचारू आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था, और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों व उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। एसडीएम ज्योति मित्तल ने बैठक में उपस्थित सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस विभाग, जिला उच्चतर शिक्षा, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय व गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, जिला उद्योग केन्द्र, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान व राजकीय आईटीआई, जिला रोजगार विभाग के अधिकारियों को आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई। एसडीएम ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इस मेगा जॉब फेयर के माध्यम से अधिक से अधिक योग्य युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करना है, जिसमें सभी विभागों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अमोल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Back to top button



