
Hansi News: हांसी। बॉक्सिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हांसी की शहीद भगत सिंह बॉक्सिंग एकेडमी की होनहार खिलाड़ी मानसी मोर ने सीनियर राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 12 से 15 नवंबर तक हिसार स्थित मंजीत लोहान बॉक्सिंग एकेडमी में आयोजित की गई, जिसमें मानसी ने दमदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
मानसी की इस शानदार उपलब्धि से उनके परिवार, कोच और क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। मानसी के कोच विनोद कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान मानसी ने पूरे आत्मविश्वास और दमखम के साथ अपने मुकाबले खेले। उन्होंने बेहतरीन तकनीक और दमदार पंचों के दम पर प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को चुनौती देते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया।

उन्होंने बताया कि मानसी की इस सफलता के पीछे उनके पिता हरवीर मोर, दादा दलबीर मोर और कोच विनय कुमार का भी अहम योगदान रहा है। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल को निखारने के लिए लगातार मेहनत की गई।
मानसी की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ कोचों के मार्गदर्शन का परिणाम आज स्वर्ण पदक के रूप में सामने आया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरी शहीद भगत सिंह बॉक्सिंग एकेडमी और हांसी क्षेत्र को गर्व महसूस हो रहा है।
Back to top button



