Hisar News: हिसार की 16 अक्टूबर 2025 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
Hisar News: हिसार की 16 अक्टूबर 2025 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

हिसार, 16 अक्टूबर।
स्थानीय लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में वीरवार को उपायुक्त अनीश यादव ने समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं को सुना। उन्होंने शिविर में विशेष रूप से परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए क्रीड विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
समाधान शिविर में गांव मिर्चपुर के एक शिकायतकर्ता ने एक महिला द्वारा फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवाने की शिकायत दी, जिस पर उपायुक्त अनीश यादव ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मामले की गहनता से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। हिसार मोती नगर निवासी सुभाष चंद्र शर्मा की घर के मेन गेट के सामने सीवरेज के चैंबर को दूसरी जगह शिफ्ट करने की शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। गांव खरकड़ा निवासी राकेश ने तालाब की भूमि में अवैध गलियां बनाने की शिकायत तथा एक अन्य शिकायत में तालाब, रास्ता मंदिर शामलात पंचायत भूमि का नाजायज कब्जा छुड़वाने की शिकायत पर उपायुक्त ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मामले की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्घा, नगराधीश हरिराम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हरियाणा सरकार के तीसरा कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा जिला स्तरीय जन विश्वास-जन विकास समारोह
हिसार, 16 अक्टूबर।
हरियाणा सरकार के तीसरा कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में शुक्रवार को जन विश्वास-जन विकास समारोह आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आयोजित वीसी के दौरान आयोजन के संबंध में जिला अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए।
उपायुक्त अनीश यादव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हिसार में यह समारोह लघु सचिवालय परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 के तहत जिले के चिन्हित किए गए 722 लाभार्थियों को अधिकार पत्र वितरित करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान पंचकूला में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का भी प्रसारण किया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्घा, नगराधीश हरिराम, डीआईओ दीपक भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य खरीद एजेंसी हैफेड एमएसपी पर करेगी किसानों से धान की खरीद
हिसार, 16 अक्टूबर।
आदमपुर क्षेत्र के किसान स्थानीय मंडी में भी धान की बिक्री कर सकते हैं। आदमपुर मंडी में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीद के लिए राज्य खरीद एजेंसी हैफेड को निर्देशित किया गया है।
इस संबंध में शुक्रवार को जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक की अध्यक्षता में एक बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें धान खरीद प्रबंधों के बारे में चर्चा की गई। डीएफएसओ अमित शेखावत ने बताया कि इस बार आदमपुर क्षेत्र में लगभग 3500-4000 मीट्रिक टन के आवक की संभावना है। क्षेत्र के किसानों से न्यूनतम समर्थन मुल्य 2389 रुपये के भाव से धान की खरीद की जाएगी।
हिसार, 16 अक्टूबर।
प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के 10 नगर निगमों में 50-50 ई-बसें खरीदने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत हिसार नगर निगम को भी 50 नई ई-बसें मिलेंगी। इस महत्वपूर्ण घोषणा पर कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित में ठोस व दूरदर्शी निर्णय ले रही है। हिसार में ई-बसों के आने से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और लोगों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक तथा पर्यावरण के अनुकूल यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह कदम मुख्यमंत्री की उस सोच का परिणाम है, जिसके तहत हरियाणा को स्वच्छ, हरित और आधुनिक परिवहन प्रणाली से जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। ई-बसों के संचालन से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि ईंधन की बचत भी होगी और शहर की सडक़ों पर ट्रैफिक प्रबंधन और सुगमता बढ़ेगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हिसार वासियों के लिए यह मुख्यमंत्री का बहुत बड़ा तोहफा है। प्रदेश सरकार की यह पहल जन सुविधाओं को बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निरंतर प्रदेश के प्रत्येक जिले के संतुलित विकास के लिए कार्य कर रहे हैं, जिससे हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं और विकास का लाभ मिल सके।
युवाओं के रक्त की जरूरत राष्ट्र को है, न कि नशे को – राहुल शर्मा
हिसार, 16 अक्तूबर।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के मास्टर वालंटियर एवं जिला सुकून काउंसलर राहुल शर्मा ने दीपावली के अवसर पर रक्तदान करते हुए युवाओं को प्रेरक संदेश दिया।
राहुल शर्मा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। यह वह अमूल्य उपहार है जिसे न कोई मशीन बना सकती है और न कोई दवा तैयार कर सकती है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। इसलिए युवाओं को चाहिए कि वे नशे से दूर रहें और रक्तदान कर राष्ट्र की सेवा करें।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में पहली बार रक्तदान किया था और तब से अब तक हर साल तीन बार नियमित रक्तदान करते हैं। उनका उद्देश्य है कि थैलेसीमिया, हीमोफीलिया और सड़क दुर्घटनाओं से पीड़ित मरीजों को समय पर रक्त मिल सके।
दीपावली के पावन अवसर पर राहुल शर्मा ने संदेश देते हुए कहा कि दीपावली का असली अर्थ है अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ना। अगर हम नशे के अंधकार को छोड़कर रक्तदान और सेवा के दीप जलाएं, तो यही सच्ची दीपावली होगी। उन्होंने अंत में सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील करते हुए कहा कि इस दीपावली हम सब एक संकल्प लें कि नशा नहीं, रक्तदान करेंगे।







