Haryana News: हरियाणा में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना मोबाइल ऐप लॉन्च, पढ़िए सूबे की आज की बड़ी खबरें
Haryana News: हरियाणा में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना मोबाइल ऐप लॉन्च, पढ़िए सूबे की आज की बड़ी खबरें

Haryana News: हरियाणा में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना मोबाइल ऐप लॉन्च, पढ़िए सूबे की आज की बड़ी खबरें
सही आंकड़े सही निर्णय का आधार होते हैं- नायब सिंह सैनी
कोई भी नीति वास्तविक आंकड़ों के आधार पर होती है सफल – मुख्यमंत्री
डिजिटल इंडिया के माध्यम से डेटा संग्रहण और पारदर्शिता को दी नई ऊंचाई
मुख्यमंत्री ने 29वें केंद्रीय एवं राज्य सांख्यिकी संगठन सम्मेलन में राज्यों के प्रतिनिधियों को किया सम्बोधित
‘स्थानीय स्तर के शासन का सशक्तिकरण‘ विषय पर सम्मेलन आयोजित
नई दिल्ली, 25 सितम्बर — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सही आंकड़े सही निर्णय का आधार होते हैं और तथ्यों के बिना विकास अधूरा है। हर क्षेत्र में सटीक आंकड़ों की भूमिका निर्णायक होती है तथा कोई भी नीति तभी सफल होगी, जब वह वास्तविक आंकड़ों पर आधारित होगी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह बात आज यहां ‘स्थानीय स्तर के शासन का सशक्तिकरण‘ विषय पर आयोजित 29वें केंद्रीय एवं राज्य सांख्यिकी संगठन सम्मेलन के दौरान नीति-निर्माताओं, सांख्यिकीविदों और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कही। इस अवसर पर केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी उपस्थित रहे।
स्थानीय स्तर पर शासन को सशक्त बनाना नए भारत की आकांक्षाओं की पूर्ति का मार्ग भी
उन्होंने कहा कि ‘स्थानीय स्तर पर शासन को सशक्त बनाना‘ है। यह न केवल समय की मांग है, बल्कि नए भारत की आकांक्षाओं की पूर्ति का मार्ग भी है। जब शासन को स्थानीय स्तर पर सशक्त किया जाता है, तब योजनाएं केवल फाइलों में नहीं रहतीं, बल्कि जन-जन तक पहुंचती हैं तो यही लोकतंत्र की ताकत है। इस दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय राज्यमंत्री ने ‘चिल्ड्रन इन इंडिया 2025‘ और एनवायरनमेंट एकाउंटिंग ऑन फॉरेस्ट 2025 का विमोचन किया।
प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में ‘डाटा ड्राइवन गवर्नेंस‘ को दी प्राथमिकता
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पिछले एक दशक में डाटा ड्राइवन गवर्नेंस को प्राथमिकता दी है। उन्होंने आधार कार्ड से पहचान को सुनिश्चित किया और जनधन खातों से गरीबों तक योजनाएं सीधे पहुंचाने का कार्य किया है। डिजिटल इंडिया के माध्यम से डेटा संग्रहण और पारदर्शिता को नई ऊंचाई दी। केंद्रीय और राज्य सांख्यिकी संगठनों की भूमिका नीति-निर्माण से लेकर नीति कार्यान्वयन तक हर चरण पर महत्वपूर्ण होती है।
आंकड़ों का तकनीक के साथ समन्वय ही देता है वास्तविक और प्रभावी परिणाम
उन्होंने कहा कि आज का युग तकनीक का युग है। आंकड़ों का तकनीक के साथ समन्वय ही वास्तविक और प्रभावी परिणाम देता है। आंकड़ों व तकनीक के मेल से हमने हरियाणा में अनेक सफल प्रयोग किए हैं। आज देश के अनेक राज्य भी उनका अनुसरण कर रहे हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण ‘मेरा परिवार मेरी पहचान‘ कार्यक्रम है। इसके माध्यम से सरकार ने हर परिवार का डाटाबेस तैयार किया है। इस डाटा के आधार पर योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सीधा पात्र परिवारों तक पहुंच रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, हर क्षेत्र में यह डाटा एक क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है।
हर राज्य सटीक डेटा संग्रहण और उपयोग में एक-दूसरे से करे प्रतिस्पर्धा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत‘ बनाने का लक्ष्य रखा है। इसको पूरा करने में स्थानीय शासन और सटीक आंकड़े सबसे अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हर पंचायत के पास डेटा डैशबोर्ड हो, हर जिले में सांख्यिकीय नवाचार प्रयोगशाला स्थापित हो और हर राज्य सटीक डेटा संग्रहण और उपयोग में एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करे।
हरियाणा के आर्थिक विकास की तस्वीर भी आंकड़ों की सटीकता से होती है स्पष्ट
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के आर्थिक विकास की तस्वीर भी आंकड़ों की सटीकता से स्पष्ट होती है। वर्ष 2014-15 में राज्य की जी.डी.पी. 4 लाख 37 हजार करोड़ रुपये थी। यह वर्ष 2024-25 में बढ़कर 12 लाख 13 हजार करोड़ रुपये हो गई है। इसी अवधि में प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 47 हजार रुपये से बढ़कर 3 लाख 53 हजार रुपये हो गई है।
डाटा के महत्व को पहचानते हुए हरियाणा में अनेक डाटा सेंटर आरम्भ करने की पहल की
उन्होंने कहा कि डाटा के महत्व को पहचानते हुए हरियाणा में अनेक डाटा सेंटर आरम्भ करने की पहल की है। नारायणगढ़ में 11 अगस्त, 2025 से ‘ऑनलाइन पेपरलेस डीड रजिस्ट्रेशन‘ का एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि हमें स्थानीय स्तर पर शासन को सशक्त करना है तो सटीक आंकड़े, गांव, वार्ड और मोहल्ले स्तर पर हर जानकारी का अपडेटिड रिकॉर्ड, जन-भागीदारी, तकनीक का उपयोग जैसे कि एआई, मशीन लर्निंग और डिजिटल टूलस के ज़रिये योजनाओं की निगरानी करनी होगी।
‘हरियाणा ए.आई. विकास परियोजना‘ के तहत करने जा रहा 474 करोड़ रुपये का निवेश
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘हरियाणा ए.आई. विकास परियोजना‘ वर्ष 2025-28 के तहत 474 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रहे हैं। इसके तहत गुरुग्राम में वैश्विक कृत्रिम बुद्धिमत्ता केंद्र तथा पंचकूला में एडवांस्ड कंप्यूटिंग सुविधा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सांख्यिकी मंत्रालय ने हरियाणा की सांख्यिकीय प्रणाली को और अधिक सशक्त एवं तकनीकी दृष्टि से उन्नत बनाने हेतु 5 करोड़ रुपये के एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर किये हैं। यह सम्मेलन केंद्रीय और राज्य सांख्यिकी संगठनों के बीच साझा मुद्दों पर चर्चा करने और क्षमता विकास का कारगर मंच साबित होगा।
इस अवसर पर सम्मेलन में सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सचिव डॉ. सौरभ गर्ग, हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, पंजाब के मुख्य सचिव श्री के.ए.पी. सिन्हा और हिमाचल प्रदेश के योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री भवानी सिंह पठानिया सहित विभिन्न राज्यों से आए अधिकारी मौजूद रहे।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती हरियाणा में अंत्योदय उत्थान और नारी शक्ति को रही समर्पित
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ करते हुए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना मोबाइल ऐप किया लॉन्च
पहले चरण में लगभग 20 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने 326.25 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं का भी किया उद्घाटन एवं शिलान्यास
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रेरित होकर हरियाणा सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध – मुख्यमंत्री
नई दिल्ली, 25 सितंबर – हरियाणा सरकार ने अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को विकास, अंत्योदय उत्थान और नारी शक्ति को समर्पित करते हुए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं और परियोजनाओं की सौगात जनता को दी। इस अवसर पर वीरवार को जिला पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं की आर्थिक व सामाजिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत की और योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए विशेष मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया।
मुख्यमंत्री ने आवेदन के समय आने वाली समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18001802231 और हेल्पलाइन नंबर 01724880500 भी लॉन्च किया। कार्यक्रम के दौरान ही योजना के तहत पात्र पांच महिलाओं का लाइव पंजीकरण भी करवाया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि मोबाइल ऐप लॉन्च होने के कुछ समय के भीतर ही लगभग 50 हजार महिलाओं ने अपने मोबाइल पर इस ऐप को डाउनलोड किया है और लगभग 8,000 महिलाओं ने आवेदन किया है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात देते हुए 326.25 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं का भी उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने की दिशा में 78.04करोड़ रुपये की लागत के 31 उद्घाटन और 78.12 करोड़ रुपये की लागत की 97 परियोजनाओं के शिलान्यास शामिल हैं। इसके अलावा 80 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से 10 स्वास्थ्य संस्थाओं का नवीनीकरण भी किया गया है। साथ ही, लोक निर्माण विभाग व शहरी स्थानीय निकाय की एक-एक परियोजना का शिलान्यास भी किया गया है, जिनकी लागत 89 करोड़ 37 लाख रुपये है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं को अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रेरित होकर हरियाणा सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने शारदीय नवरात्रों और कर्मयोगी व राष्ट्रनायक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि ‘राष्ट्र तभी महान बन सकता है, जब उसकी नारी सुरक्षित, शिक्षित और सम्मानित होगी। हरियाणा सरकार का यह दृढ़ संकल्प है कि महिलाएं और बेटियां आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर हो और समाज की मुख्य धारा में भाग लें। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लागू किया जा रहा है
पहले चरण में लगभग 20 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का लाभ 23 वर्ष से 60वर्ष की आयु की उन विवाहित व अविवाहित बहनों को मिलेगा, जिनके परिवार की सालाना आय 1 लाख रुपये तक है। 2100 रुपये मासिक आर्थिक सहायता पात्र महिलाओं के बैंक खातों में मिलनी शुरू हो जाएगी। इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण बात है कि एक परिवार की कितनी भी महिलाएं पात्र हों, सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना का 2025-26 का वार्षिक बजट 5 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया है। पहले चरण में प्रदेश की लगभग 20 लाख माताओं बहनों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना ऐप’ के माध्यम से आवेदन, सत्यापन और शिकायत निवारण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सरल होगी। आवेदन केवल मोबाइल ऐप के माध्यम से ही किया जाएगा। किसी भी कॉमन सर्विस सेंटर या केंद्र पर जाने की आवश्यकता नहीं है। प्रत्येक पात्र महिला मोबाइल से, अपने घर पर ही यह फॉर्म भर सकती है। जो महिलाएं 25 सितम्बर तक इस योजना के लिए पात्र हैं, वे आज से ही आवेदन कर सकती हैं। जो आज के बाद, जिस दिन से पात्र होंगी, वे उसी दिन आवेदन कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने बेटियों से अनुरोध किया करते हुए कहा कि जो आज 23 वर्ष से कम आयु की हैं, वे अपना 23वां जन्मदिन इस योजना के लिए आवेदन करते हुए मनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू करके संकल्प पत्र के 217 संकल्पों में से 42वां संकल्प पूरा किया है। इस साल के अंत तक 90 संकल्प पूरे कर लिये जाएंगे। आज यह योजना शुरू होने से प्रदेश की उन बहनों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा मिलेगी, जो गरीबी के कारण दिन-रात अपना परिवार पालने के लिए कड़ा संघर्ष कर रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हुई ऐतिहासिक पहलें
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्श का अनुकरण करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं को स्वावलंबी बनाकर सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रहे हैं। नारी वंदन बिल से संसद व विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था हुई है। प्रधानमंत्री ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘बीमा सखी’, ‘ड्रोन दीदी’ और’लखपति दीदी’ जैसी योजनाएं शुरू कीं, जिनसे लाखों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री ने अपने जन्म दिवस पर मध्य प्रदेश से राष्ट्रव्यापी ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ और ‘8वें पोषण माह’ का शुभारंभ किया। यह अभियान पूरे भारत में महिलाओं,किशोरियों और बच्चों के लिए स्वास्थ्य सेवा व पोषण सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है
उन्होंने कहा कि हरियाणा में 5 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। अब तक 2 लाख 13 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। इसी प्रकार ड्रोन दीदी योजना में 100 महिलाओं को मुफ्त ड्रोन व प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस साल 100और महिलाओं प्रशिक्षण दिया जाएगा। हरियाणा में 18लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व, ‘अटल किसान मजदूर कैंटीन’ व वीटा बिक्री केन्द्रों का संचालन और एक-तिहाई राशन डिपो महिलाओं को देने का प्रावधान किया गया है। राज्य में 66 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ऋण लेने पर स्टाम्प शुल्क से छूट दी गई है। उत्कृष्ट महिला शिल्पकार पुरस्कार योजना के तहत राज्य हस्तशिल्प पुरस्कार के लिए 3 लाख रुपये, उत्कृष्ट महिला शिल्पकार पुरस्कार के लिए 3 लाख रुपये की राशि दी जाती है। साथ ही 51-51 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिये जाते हैं। उच्च शिक्षा के लिए प्रदेश में खोले गये 80 कॉलेजों में से 30लड़कियों के हैं। गरीबी के कारण कोई बेटी उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित न रहे, इसलिए सरकार ने पोस्ट ग्रेजुएशन तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा देने की व्यवस्था की है। इसके अलावा, प्रदेश में कामकाजी महिलाओं के नन्हें बच्चों की देखभाल के लिए ‘विस्तृत क्रेच नीति’ लागू की है। यह नीति लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। इस समय प्रदेश में 572 आंगनवाड़ी एवं क्रेच और 273 स्टैंड लोन क्रेच चल रहे हैं। इसके अलावा, 4 हजार प्ले-वे स्कूल खोले गये हैं।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को गति देने के लिए ‘लाडो सखी’ योजना शुरू की है। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए ‘लाडो सखी’ को लगाया जाएगा। बेटी पैदा होने पर हर ‘लाडो सखी’ को 1 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘महिला हेल्पलाइन 1091 नम्बर’ स्थापित किया गया है। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से निपटने के लिए प्रदेश में 33 महिला पुलिस थाने स्थापित किये गये हैं
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम एक ऐसे विकसित भारत-विकसित हरियाणा का निर्माण करेंगे, जहां हर महिला अपने आप में पूर्ण हो, सशक्त हो और आत्मसम्मान से भरी हो।
दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल- हरविन्द्र कल्याण
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती एवं सेवा पखवाड़े के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ राज्य की बेटियों व महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन पर चलते हुए वर्तमान सरकार लगातार गरीब और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना केवल एक योजना नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति है। इससे महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वतंत्रता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि जब हमारे देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे तो हमारा देश एक विकसित राष्ट्र होगा। प्रधानमंत्री ने विकसित राष्ट्र के चार स्तंभ बताए हैं उनमें नारी शक्ति प्रमुख स्तम्भ है। आज शुरू की गई इस योजना से हमारी 50 प्रतिशत आबादी सशक्त होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूह, दुर्गा शक्ति ऐप, महिला पेंशन जैसी अनेक योजनाओं से महिलाओं को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई यह योजना महिलाओं के जीवन में नई दिशा प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि हमारी सनातन और प्राचीन परंपरा हमें सिखाती है नारी का सम्मान और उसका पूजन करना। आज विशेष रूप से समाज से आह्वान करता हूं कि जहां हम महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं, वहीं हमें बेटों को भी वो संस्कार देने पड़ेंगे, जहां पर अपनी बेटियों को एक सुरक्षित वातावरण देते हुए उनको आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करें। सरकार गंभीरता से इस दिशा में ठोस कदम उठा रही है परंतु ये जिम्मेवारी समाज के हर व्यक्ति की भी है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना बनेगी मील का पत्थर – मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
इस अवसर पर सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि यह दिन हरियाणा वासियों के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि अंत्योदय की भावना से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री ने बहनों और बेटियों के लिए लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ और मोबाइल ऐप लॉन्च कर एक नई पहल की है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण व उत्थान के लिए समय समय पर विभिन्न पहल की गई है। राज्य की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए आज दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ हुआ है। इसके तहत 23 वर्ष से अधिक आयु की माताओ, बहनों और बेटियों जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय का 1 लाख रुपये से कम है, उनको 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह राशि सीधे खाते में डीबीटी के माध्यम से पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं के सामने आने वाली विविध चुनौतियों का समाधान करना है, जिससे उनकी आर्थिक स्वतंत्रता बढ़ेगी और उनके स्वास्थ्य व कल्याण में सुधार होगा। इसके लिए हरियाणा सरकार ने इस योजना के लिए 2025 – 26 के वार्षिक बजट में 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। श्री बेदी ने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना मोबाइल ऐप से महिलाओं को किसी भी सरकारी कार्यालय या सीएससी सेंटर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने मोबाइल पर ही आसानी से आवेदन कर सकेंगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह योजना लाखों बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी और समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सरकार चौबीसों घंटे जनता के साथ खड़ी है और महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
ज्योतिबा फुले ने जगाई महिला शिक्षा की अलख – कुमारी आरती सिंह राव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले ने शिक्षा आंदोलन की अलख जगाई थी। कल्पना चावला से लेकर सुनीता विलियम्स जैसी महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण का उदाहरण प्रस्तुत किया है। महिला संस्कारों से देश को रोशनी मिली है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया है। उन्होने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत करने के साथ साथ स्वास्थ्य विभाग की करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का उदघाटन व शिलान्यास किया है। इनमें भिवानी व कोरियावास महेंद्रगढ़ के मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पानीपत से की थी और आज 15 जिलों में 900 से अधिक लिंगानुपात हो गया है।
कार्यक्रम में कालका विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी अनुपमा, पंचकूला के उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री बी.बी. भारती और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय सहित अन्य गणमान्य
मुख्यमंत्री ने पंचकूला में विशेष श्रमदान अभियान ‘‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ‘‘ के अंतर्गत किया श्रमदान
लोगों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का किया आह्वान
सेक्टर-23 डंपिंग ग्राउंड से लगभग डेढ़ लाख टन कचरे को उठवाकर किया जाएगा उचित तरीके से निस्तारण – मुख्यमंत्री
हरियाणा ने स्वच्छता की दिशा में कई मील के पत्थर किए स्थापित
नई दिल्ली, 25 सितंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नगर निकायों में स्वच्छता के प्रति प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करने के उद्देश्य से स्वच्छता रैंकिंग शुरू की जाएगी। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले निकायों को प्रोत्साहित किया जाएगा और साथ ही इस अभियान में लगे स्वच्छता मित्रों को भी सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री आज पंचकूला में शहीद स्मारक सेक्टर-2 में विशेष श्रमदान अभियान ‘‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ‘‘ के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शहीद मेजर संदीप सांखला की प्रतिमा पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शहीद की माता श्रीमती मंजू कंवर का आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने विशेष श्रमदान अभियान के तहत श्रमदान किया और सभी समाजसेवी संस्थाओं, युवाओं, माताओं,बहनों और आम नागरिकों से इस स्वच्छता अभियान में अपना भरपूर सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होने कहा कि स्वच्छता के लिए एक घंटे का श्रमदान आज पूरे देश में किया जा रहा है। इसे एक दिन का अभियान मात्र न समझें बल्कि प्रतिदिन सफाई बनाएं रखें, तभी हमारा आस-पड़ोस, गांव-शहर व प्रदेश स्वच्छ हो पाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला भी स्वच्छता रैंकिंग में अव्वल आए इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि सेक्टर-23 के डंपिंग ग्राउंड में पड़े लगभग डेढ़ लाख टन कचरे को उठाकर उसका उचित तरीके से निस्तारण किया जाएगा ताकि शहर और स्वच्छ व सुंदर बने। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनका संरक्षण भी करें। सरकार द्वारा 2014 से अब तक प्रदेश में 18 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। इस वर्ष भी 2 करोड़ 10 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने से जहां प्रदूषण कम होता है वहीं हरियाली होने से स्वच्छता और सुंदरता भी बढ़ती है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी। हरियाणा वासियों ने भी प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किये गये इस अभियान पर पूरा ध्यान दिया है। इसी का परिणाम है कि आज हरियाणा खुले में शौच से मुक्त है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ने स्वच्छता की दिशा में कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं। स्वच्छ भारत अभियान के तहत आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण – 2024-25 में हरियाणा राज्य के दो शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। गत 17 जुलाई को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने जहां करनाल को स्वच्छ शहर पुरस्कार प्रदान किया, तो वहीं सोनीपत को स्वच्छता का मिनिस्टीरियल स्टार अवॉर्ड दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 से ही हरियाणा खुले में शौच से मुक्त है। प्रदेश के 14 शहरी निकाय ओ.डी.एफ़़ ++ और 39 शहरी निकायों को ओ.डी.एफ़ + तथा 34शहरी निकायों को ओ.डी.एफ के रूप में प्रमाणित किया गया है। हरियाणा प्रदेश के गांवों में 7 लाख 30 हजार घरों में शौचालयों का निर्माण करवाया गया है। इसके अलावा, लगभग 6 हजार सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण भी करवाया है। प्रदेश के शहरों में 66,662 घरों में और 2,334 सामुदायिक व लगभग 7 हजार सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण किया गया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री विकास गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने शहरों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया है। अगले 6महीनों में प्रदेश के सभी शहरों को स्वच्छतम शहर बनाया जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा कचरा संग्रहण और निस्तारण के कार्य को एक मिशन मोड में किया जा रहा है।
इस अवसर पर मेयर श्री कुलभूषण गोयल, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक पंकज, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, नगर निगम पंचकूला के आयुक्त आरके सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।







