Haryana News: पेयजल के लिए चैनत का संघर्ष जायज, सरकार बिना किसी कारण अड़ी हुई है – डॉ अजय सिंह चौटाला
Haryana News: जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि पेयजल की मांग को लेकर चैनत के ग्रामीण लंबे समय से संघर्षरत है और भाजपा सरकार ग्रामीणों की मांगे मानने की बजाय बिना किसी कारण अड़ी हुई है।

Haryana News: जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि पेयजल की मांग को लेकर चैनत के ग्रामीण लंबे समय से संघर्षरत है और भाजपा सरकार ग्रामीणों की मांगे मानने की बजाय बिना किसी कारण अड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा बनाई गई सरकार को जनहित में कानून बनाने चाहिए, न कि कानून नहीं होने का बहाना बनाना चाहिए। मंगलवार को वे चैनत में ग्रामीणों द्वारा दिए जा रहे धरने को संबोधित कर रहे थे।
डॉ चौटाला ने कहा कि समय-समय पर लोगों की भलाई के लिए कानूनों में परिवर्तन और नए कानून बनाए गए है। उन्होंने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल ने बुजुर्गों के सम्मान में बुढ़ापा पेंशन, किसानों की कर्जमाफी के लिए कानून बनाए थे, जिनकी कोई कल्पना तक नहीं कर सकता था। उन्होंने एक और उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने अपनी सरकार के कार्यकाल के दौरान राजस्थान में जाने वाली इंदिरा गांधी नहर से हरियाणा के अनेक सूखाग्रस्त गांवों को कानून बनाकर ही पानी दिलाने का काम किया था। इसी तरह उन्होंने भी सांसद रहते हुए हिसार क्षेत्र के हरिता गांव के ग्रामीणों की मांग अनुसार उन्हें नहर से पेयजल उपलब्ध करवाया था, जहां कभी बाजरे की फसल नहीं होती थी, वहां आज धान लहलहा रही है।
डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार कहती है कि पाइपलाइन में टी लगाने का कानून नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार ग्रामीणों के हित में कानून नहीं बना सकती ? अजय चौटाला ने आगे कहा कि अगर भाजपा सरकार जनहित में कोई कानून नहीं बना सकती है तो उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि अगर हमारे पास कानून बनाने की ताकत होती तो वे टी क्या चैनत में नहर मोड़कर भी ग्रामीणों को पीने का पानी उपलब्ध करवा देते। डॉ चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी डमी सीएम है, असली सरकार तो खट्टर और खुल्लर चला रहे है। उन्होंने कहा कि ऐसे डमी लोगों और जनता के हित में काम नहीं करने वाली सरकारों को बदलने की जरूरत है और लोगों को संगठित होकर बदलाव लाना चाहिए। अजय चौटाला ने धरने पर बैठे ग्रामीणों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि कहा कि वे अपनी जायज मांग को लेकर संघर्ष जारी रखे, क्योंकि आपके संघर्ष का परिणाम चैनत के हक में आएगा। इस अवसर पर हरियाणा खादी बोर्ड के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा, वरिष्ठ नेता राधे श्याम शर्मा, प्रो रणधीर चीका, कृष्ण राठी, जेजेपी जिला अध्यक्ष अमित बूरा, अनिल बालकिया, अजीत ओडीएम, अशोक वर्मा सहित भारी संख्या में ग्रामीण आदि मौजूद रहे।
Back to top button



