Hansi Hisar News: हांसी और हिसार की आज की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
Hansi Hisar News: हांसी और हिसार की आज की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Hansi Hisar News: हांसी और हिसार की आज की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
उपायुक्त अनीश यादव ने समाधान शिविर मेें सुनी जन शिकायतें
हिसार, 09 अक्टूबर।
उपायुक्त अनीश यादव ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ वीरवार को समाधान शिविर के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को सुना। नागरिकों की अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निदान किया गया और शेष पर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए।
समाधान शिविर में गांव पंघाल निवासी छबील दास की खेत से पानी निकलवाने व गांव कुंभा खेड़ा निवासी सतीश कुमार द्वारा स्थाई रूप से खाल खुलवाने की मांग पर उपायुक्त अनीश यादव ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को उचित कार्यवाही करते हुए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं शास्त्री नगर निवासी रामनिवास द्वारा गली में सीवरेज पानी निकालने की मांग समाधान शिविर में प्राप्त हुई, जिस पर उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को मामले की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत खानपुर द्वारा हिसार से घिराय जाने वाली बस का रूट खानपुर-सिंधड़ तक बढ़वाने की मांग पर उपायुक्त ने महाप्रबंधक रोडवेज को विभागीय कार्यवाही करते हुए मामले का उचित समाधान करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार खेत से सामान चोरी, जमीन पर नाजायज कब्जे, रास्ते के निर्माण, बरसात का पानी निकलवाने आदि की शिकायत समाधान शिविर में रखी गईं, जिस पर उपायुक्त अनीश यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामले की गहनता से जांच करने की हिदायत दी।
समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्घा, नगराधीश हरिराम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मेक इन इंडिया से मेक फॉर द वर्ल्ड तक भारत का सफर आत्मनिर्भरता की मिसाल : विधायक रणधीर पनिहार
कहा, स्वदेशी संकल्प देश की आर्थिक स्वतंत्रता का आधार, हर नागरिक बने भागीदार
हिसार, 09 अक्टूबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत आत्मनिर्भरता की नई परिभाषा लिख रहा है। आत्मनिर्भर भारत का आधार स्वदेशी संकल्प है। यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश की आत्मा से जुड़ा हुआ जनआंदोलन है। स्वदेशी अपनाने से ही भारत का आर्थिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक उत्थान संभव है। दुनिया में योग, आयुर्वेद, हस्तशिल्प, परंपरागत उद्योग आदि वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुके हैं।
यह बात नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने वीरवार को नलवा हलके के आजाद नगर क्षेत्र में हर घर स्वदेशी-घर-घर स्वदेशी व जीएसटी कटौती को लेकर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि स्वदेशी संकल्प का अर्थ केवल देश में बने उत्पादों को खरीदना नहीं, बल्कि देश की मिट्टी, किसानों, कारीगरों, लघु उद्योगों और युवाओं के श्रम का सम्मान करना है। जब हम स्वदेशी अपनाते हैं, तब हम न केवल अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि देश की आत्मा को भी सशक्त बनाते हैं। विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि स्वदेशी संकल्प, आत्मनिर्भर भारत की सबसे बड़ी ताकत है। आज भारत मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों के जरिए आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा, विज्ञान, शिक्षा, डिजिटल और औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से स्वावलंबन की ओर बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जब विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्थाएं संकट में थीं, तब भारत पीपीई किट, वैक्सीन और वेंटिलेटर जैसे आवश्यक उत्पाद स्वदेशी स्तर पर बनाकर आत्मनिर्भरता का जीवंत परिचय दिया। विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि आज गांव-गांव तक डिजिटल क्रांति पहुंच चुकी है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन चुका है। ऑनलाइन भुगतान प्रणाली ने भारत को तकनीकी रूप से दुनिया में अग्रणी बनाया है। यह सब स्वदेशी नवाचारों और आत्मविश्वास का परिणाम है। अब हर नागरिक को हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी का संकल्प लेना चाहिए। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संदेश स्पष्ट है कि जो भी खरीदो, वह भारत में बना होना चाहिए। चाहे दीवाली के दीये हों, मूर्तियां हों या घरेलू सामान, उसमें भारत की मिट्टी की खुशबू होनी चाहिए। भारत आज स्वदेशी ताकत और किसानों की मेहनत से कृषि उत्पादन में नई ऊंचाइयां छू रहा है। देश न केवल चना उत्पादन में विश्व में अव्वल स्थान पर है, बल्कि बाजरा उत्पादन के क्षेत्र में भी भारत ने वैश्विक स्तर पर अपना परचम लहराया है। इसके अलावा भारत केला, अदरक, प्याज, आम और मसालों के उत्पादन में भी अग्रणी देशों में शामिल है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वदेशी संकल्प के वाहक बनें, अपनी भाषा, अपनी वेशभूषा और अपने उद्योग को सम्मान दें। स्वदेशी का अर्थ केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि आत्मगौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद, दीनदयाल उपाध्याय, दत्तोपंत ठेंगड़ी और महात्मा गांधी जैसे महापुरुषों ने स्वदेशी के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत का स्वप्न देखा था। आज वही स्वप्न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में साकार होता दिख रहा है। विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह आत्मनिर्भर भारत अभियान का हिस्सा बने। स्वदेशी को जीवनशैली में अपनाना ही सच्ची देशभक्ति है। हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी का यह मंत्र तभी सफल होगा जब समाज के हर वर्ग की भागीदारी होगी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर यह प्रण लेना चाहिए कि जो भी खरीदेंगे, जो भी उपयोग करेंगे, वह भारत में बना होगा। स्वदेशी अपनाना ही आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सबसे बड़ा कदम है। यही हमारे राष्ट्र की शक्ति, सम्मान और भविष्य का मार्ग है। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याओं की भी सुनवाई की।
इस अवसर पर हिसार जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, भाजपा नेता जितेंद्र पनिहार, जिला प्रवक्ता पीयूष मेहता, चेयरमैन मार्केट कमेटी सुरेंद्र बेदी, जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना, जोगीराम खुंडिया, पार्षद गुलाब धानक, पार्षद राजेंद्र बिडलान, पार्षद राजेश अरोड़ा, पार्षद सुरेश जांगड़ा, जिलाध्यक्ष एससी मोर्चा राजकुमार इंदौरा, पूर्व पार्षद सतीश सुरलिया, मंडल अध्यक्ष सुमन, पूर्व पार्षद पिंकी शर्मा, कुलदीप दुग्गल, अनिल गोदारा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे
उद्धघोषित अपराधी गिरफ्तार पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के दिशा-निर्देशानुसार व जिला भर में उद्धघोषित अपराधी, बेल जंपर के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस पीओ स्टाफ हांसी पुलिस ने थाना शहर हांसी मामलें में उद्धघोषित अपराधी अजमेर पुत्र मांगेराम निवासी सोरखी को गिरफ्तार किया गया।
पीओ स्टाफ हांसी में तैनात एएसआई सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि माननीय अदालत ने आरोपी को थाना शहर हांसी के मामले में उद्धघोषित अपराधी करार दिया हुआ था। पीओ स्टाफ हांसी पुलिस ने कार्रावई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
धोखाधड़ी मामलें आरोपी गिरफ्तार
टेलिग्राम पर लिंक भेजकर ट्रेडिंग के नाम पर की थी 106920/- रुपए की धोखाधड़ी
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के दिशा-निर्देशानुसार जिला भर में अपराधों पर लगाम लगाते हुए थाना साइबर क्राइम हांसी पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर 106920/- रुपए की धोखाधड़ी के मामलें में आरोपी अजय पुत्र मोहनलाल निवासी ऐलनाबाद सिरसा को गिरफ्तार किया गया है।
थाना साइबर क्राइम हांसी में तैनात मुख्य सिपाही अमित कुमार ने बताया कि आरोपी ने दिनांक 18.08.2025 को दयाल सिंह निवासी दीपक पुत्र राजकुमार के टेलीग्राम पर लिंक भेजकर ट्रेडिंग करवाने के बहाने 106920/- रुपए की धोखाधड़ी की थी। थाना साइबर क्राइम हांसी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से 20 हजार रुपए बरामद कर कब्जा पुलिस में लिए गए है। आरोपी को न्यायालय में पेश करके न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. ने किया कार्यालय का गहन निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. ने आज कार्यालय पुलिस अधीक्षक हांसी का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं जैसे आर्थिक अपराध शाखा, लेखा शाखा, सुरक्षा शाखा, साइबर शाखा, स्थापना शाखा, रिकार्ड शाखा एवं शिकायत निवारण शाखा के कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि पुलिस संगठन का मुख्य उद्देश्य जनता को निष्पक्ष, पारदर्शी व तत्पर सेवा प्रदान करना है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को समयबद्ध कार्य प्रणाली अपनाने, रिकॉर्ड को अद्यतन रखने और आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन, कार्यस्थल की व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव तथा आगंतुक नागरिकों के साथ व्यवहार का भी गहराई से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि कार्यालय पुलिस विभाग की कार्य संस्कृति का दर्पण होता है, इसलिए यहां आने वाला प्रत्येक नागरिक यह महसूस करे कि पुलिस जनता की मित्र है।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों का निपटारा करते समय संवेदनशीलता, व्यवहारिकता और कानून सम्मत दृष्टिकोण बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रत्येक कर्मचारी जनता के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना पैदा करे, यही सच्ची पुलिसिंग है।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और टीम भावना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रयोग कर पुलिस व्यवस्था को और सशक्त व पारदर्शी बनाना समय की आवश्यकता है।
“जनसेवा ही पुलिस की पहचान है। हर पुलिसकर्मी का व्यवहार और कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए कि जनता पुलिस को अपना साथी और संरक्षक समझे।”







