Haryana CM on Japan Tour: ओसाका में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जापान के मेयरों के साथ की अहम बैठक
Haryana CM on Japan Tour: ओसाका में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जापान के मेयरों के साथ की अहम बैठक

Haryana CM on Japan Tour: ओसाका में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जापान के मेयरों के साथ की अहम बैठक
जापान के शहरों के आधुनिक मॉडल को सांझा करते हुए हरियाणा में भी शहरों के विस्तारीकरण और सुधारीकरण पर बनाई जाएगी नीतियां- नायब सिंह सैनी
हरियाणा जापान के साथ शहरी नियोजन और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में करेगा प्रयास – मुख्यमंत्री
नई दिल्ली, 7 अक्तूबर — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जापान के दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को ओसाका में जापान के मेयरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें हरियाणा और जापान के बीच परस्पर सहयोग को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों प्रांतों के बीच सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक साझेदारी की संभावनाओं पर विचार साझा किए तथा मेयरों की भूमिका को इस सहयोग के महत्वपूर्ण सेतु के रूप में रेखांकित किया।
प्रतिनिधिमंडल में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. यश गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
बैठक के दौरान श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों की भूमिका आज वैश्विक साझेदारियों के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के दौर में और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर शहरों में विकास एवं सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता है। ऐसे में जापान के शहरों के आधुनिक मॉडल को सांझा करते हुए हरियाणा में भी शहरों के विस्तारीकरण और सुधारीकरण पर नीतियां बनाई जाएंगी।
बैठक के दौरान जापान के मेयरों ने प्रस्तुतिकरण देते हुए जापान-भारत संबंधों और ऑटोमोटिव इंडस्ट्री में सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जापान की कंपनियां हरियाणा को एक भरोसेमंद और तेजी से विकसित होते औद्योगिक गंतव्य के रूप में देखती हैं।
वहीं, हरियाणा की ओर से प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तीव्र आर्थिक वृद्धि और हरियाणा में मौजूद वैश्विक औद्योगिक अवसरों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश-अनुकूल नीतियों और औद्योगिक क्लस्टरों की संभावनाओं को रेखांकित किया गया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार “विकसित भारत – विकसित हरियाणा” के दृष्टिकोण के तहत जापान के साथ दीर्घकालिक और परिणामोन्मुख सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

शहरी नियोजन पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा जापान से शहरी प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन, जल संरक्षण और स्मार्ट सिटी मॉडल के क्षेत्रों में सीखने और तकनीकी सहयोग के लिए उत्सुक है। उन्होंने कहा कि जापान की नगर नियोजन प्रणाली विश्वभर में अनुकरणीय मानी जाती है, और हरियाणा सरकार मेट्रोपोलिटन शहरों और बड़े शहरों को आधुनिक शहरी ढांचे से सुसज्जित करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में हरियाणा में जापान की स्मार्ट मोबिलिटी, ग्रीन बिल्डिंग और सस्टेनेबल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी अवधारणाओं को अपनाया जाएगा। इस सहयोग से न केवल शहरों का बेहतर विकास होगा बल्कि नागरिकों की जीवन गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
इस मौके पर बूज़ेन शहर, इज़ुमिसानो शहर, हिगाशी-ओसाका शहर, काशीहारा शहर, साकाई शहर, मात्सुबारा शहर, टोंडाबायाशी शहर, मिसाकी नगर, इज़ुमी शहर, ताइशी नगर और ताकाइशी शहर के मेयर व डिप्टी मेयर उपस्थित रहे।







