Haryana News: देश के 28 राज्यों में हरियाणा में महिला अपराध दर सबसे ज्यादा होना बड़े शर्म की बात: डॉ सुशील गुप्ता
Haryana News: आम आदमी पार्टी (आप) हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने राज्य की कानून व्यवस्था, बेलगाम अपराध, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश की मौजूदा स्थिति को पूरी तरह से "जंगल राज" करार देते हुए कहा कि आज हरियाणा में न तो बहन-बेटियां सुरक्षित हैं और न ही व्यापार करने वाले व्यापारी। और तो और शव भी सुरक्षित नहीं है क्योंकि हिसार के ताजा घटनाक्रम में शव को चूहे खा रहे हैं।

Haryana News: आम आदमी पार्टी (आप) हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने राज्य की कानून व्यवस्था, बेलगाम अपराध, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश की मौजूदा स्थिति को पूरी तरह से “जंगल राज” करार देते हुए कहा कि आज हरियाणा में न तो बहन-बेटियां सुरक्षित हैं और न ही व्यापार करने वाले व्यापारी। और तो और शव भी सुरक्षित नहीं है क्योंकि हिसार के ताजा घटनाक्रम में शव को चूहे खा रहे हैं।
डॉ. सुशील गुप्ता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा:
“मुख्यमंत्री सैनी हरियाणा के लोगों को अपराधियों और राम भरोसे छोड़कर ‘नकली सरदार’ बनकर पंजाब में चुनाव प्रचार करने जा रहे हैं और वहां खाली कुर्सियों को संबोधित कर रहे हैं। उन्हें हरियाणा की कानून-व्यवस्था की कोई चिंता नहीं है।”
व्यापारियों से सरेआम फिरौती और गोलीबारी (जंगल राज का प्रमाण)
डॉ. सुशील गुप्ता ने पिछले कुछ दिनों के भीतर प्रदेश में हुए गंभीर अपराधों का हवाला देते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि व्यापारियों को सरेआम निशाना बनाया जा रहा है।
पंचकुला फायरिंग: अभी हाल ही में पंचकुला के सेक्टर-5 में गैंगस्टरों ने एक स्थानीय व्यवसायी को रंगदारी और फिरौती न देने पर सरेआम गोलियों से भून दिया। वही पिंजौर में पुलिस थाने से मात्र 100 मीटर की दूरी पर चाकूओ से हमला करके मौत के घाट उतारना, हरियाणा की भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था की पोल खोलता हैं।
गुरुग्राम-उद्योग विहार फिरौती और अपहरण: गुरुग्राम में एक आयुर्वेद व्यवसायी का सरेआम अपहरण कर उसे बेरहमी से पीटा गया और लाखों की रंगदारी वसूली गई।
पलवल एक्सप्रेसवे पर लूट: दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर एक व्यापारी से 30 किलो चांदी और ₹8 लाख की डकैती की वारदात ने यह साफ कर दिया है कि प्रदेश के हाईवे भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में व्यापारियों को धमकियां देना, रंगदारी मांगना और गोली मारना अब आम बात हो चुकी है, जिससे व्यापारी पूरी तरह खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं।
पूरे देश में हरियाणा में महिलाएं सबसे असुरक्षित: हर रोज रेप और डकैती
डॉ गुप्ता ने हाल ही में जारी हुई एसबीआई की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि देश के 28 राज्यों में महिलाओं पर हो रहे अपराधों पर हुई रिसर्च में हरियाणा की महिला अपराध दर पूरे देश में सबसे ज्यादा 96 प्रतिशत प्रति लाख है। और वर्कफोर्स में हिस्सेदारी सबसे कम 23.8% है। यह बड़ी शर्म की बात है। हरियाणा में पिछले 12 साल के भाजपा सरकार के कुशासन में महिलाओं पर अत्याचार सबसे ज्यादा बढ़े हैं। महिलाओं की सुरक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के कुशासन में हरियाणा महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राज्य बन चुका है। प्रदेश के हर कोने से हर रोज महिलाओं के साथ बलात्कार, छेड़छाड़, अपहरण और डकैती जैसी घोर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। सरकार का ‘बेटी बचाओ’ का नारा केवल विज्ञापनों तक सीमित रह गया है, जमीनी हकीकत यह है कि बहन-बेटियां घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रही हैं। अभी हाल ही में कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल 15 वर्षीय बच्ची से रेप और करनाल के सरकारी स्कूल में महिला कोच व छात्राओं के साथ सरेआम छेड़छाड़ की हुई घटनाएं अपराधिक घटनाओं के जीते जागते उदाहरण है। हरियाणा में महिलाओं के 96% अपराध दर के मुकाबले पंजाब में केवल 36% है। जबकि राष्ट्रीय औसत 64.4% है। इसलिए केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की सैनी सरकार को पंजाब की भगवंत मान सरकार से कानून व्यवस्था सिखनी चाहिए।
हरियाणा में बेरोजगारी के कारण नशे की गिरफ्त में युवा, महंगाई से जनता बेहाल
डॉ. सुशील गुप्ता ने बेरोजगारी और नशाखोरी के सीधे संबंध को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। हरियाणा आज देश में बेरोजगारी के शीर्ष राज्यों में है। रोजगार न मिलने के कारण हताश और निराश युवा वर्ग तेजी से नशे के दलदल में धंसता जा रहा है, जिससे हजारों घर तबाह हो रहे हैं। इसके साथ ही, हर रोज आसमान छूती महंगाई ने आम आदमी, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग की कमर तोड़कर रख दी है। रसोई का बजट बिगड़ चुका है और लोग दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उज्ज्वला योजना के तहत गरीब महिलाओं को दिए जाने वाले सिलेंडरों में भारी कटौती करके भाजपा की महिला विरोधी और गरीब विरोधी मानसिकता उजागर हुई है। इसके तहत अब गरीब महिलाओं को दिए जाने वाले नौ सिलेंडर में भारी कटौती करके उनको मात्र चार सिलेंडर प्रति वर्ष कर दिया है।
‘आप’ की चेतावनी
डॉ. सुशील गुप्ता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा की जनता की आवाज को इस तरह दबने नहीं देगी। अगर भाजपा सरकार ने जल्द ही अपराधियों पर नकेल नहीं कसी, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ नहीं किया और महंगाई-बेरोजगारी पर लगाम नहीं लगाई, तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर इस गूंगी-बहरी सरकार के खिलाफ एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा करेगी।
Back to top button







