
Haryana News: हिसार। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा हिसार जिला की मासिक बैठक जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ की अध्यक्षता में डोगरान मोहल्ला स्थित पूर्व डिप्टी मेयर एवं जिला उपाध्यक्ष अनिल सैनी के निवास पर आयोजित हुई। बैठक में जिला पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों ने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत मंथन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि बूथ ही भाजपा की असली शक्ति है और जब बूथ मजबूत होगा तो संगठन स्वतः मजबूत होगा। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, अनुशासन और जवाबदेही के साथ निर्वहन करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति तक सीमित पार्टी नहीं है, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच लगातार संवाद बनाए रखना होगा। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को समयबद्ध, प्रभावी और जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का भी आह्वान किया।
डॉ. खेदड़ ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आपसी समन्वय और जनता के बीच सतत उपस्थिति ही भाजपा की निरंतर सफलता का आधार रही है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि बैठक में पहुंचने पर जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ का पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जिला उपाध्यक्ष एवं मेजबान अनिल सैनी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संगठन हित में सामूहिक रूप से कार्य करने और प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। बैठक में जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना, जिला उपाध्यक्ष संजीव रेवड़ी, रामफल नैन, मुनीष ऐलावादी, सतीश सुरलिया, जिला सचिव कृष्ण खटाना, कुलदीप डेलू, भूप सिंह रोहिल्ला, जिला कोषाध्यक्ष अशोक मित्तल, सुरेन्द्र सिंह सैनी, जिला प्रवक्ता पीयूष महता, जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, सुरेश जांगड़ा, अमर पातड़, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष राजकुमार इंदौरा, किसान मोर्चा अध्यक्ष एडवोकेट अजय बेनीवाल, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष विनोद तोसावड़, अनिल गोदारा व सीमा गोदारा सहित जिला, मंडल एवं विभिन्न मोर्चों के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Back to top button



