
Haryana News: हिसार, 06 जुलाई। जिला प्रशासन द्वारा आगामी 18 जुलाई को हिसार में मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी और जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। युवाओं का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के आधार पर किया जाएगा।
मेगा रोजगार मेले की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल की अध्यक्षता में बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेले की सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और आयोजन को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
बैठक के दौरान रोजगार मेले में भाग लेने वाली कंपनियों, युवाओं के पंजीकरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जिले के पात्र युवा इस अवसर का अधिकतम लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी, जहां युवाओं का मौके पर ही साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं कौशल के आधार पर चयन किया जाएगा। युवाओं से अपील की गई है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में पहुंचकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।
बैठक में मंडल रोजगार अधिकारी पंकज, सहायक रोजगार अधिकारी रितु जांगड़ा, राजकीय महिला महाविद्यालय सतीश वर्मा, एचएसआईडीसी से अमित कुमार, आईटीआई इंस्ट्रक्टर सुमित कुमार, एमएसएमई, श्रम विभाग, एचएसआईडीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Back to top button







