Haryana Monsoon Update: हरियाणा में आज से 11 जुलाई तक होगी झमाझम बारिश, इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
Haryana Monsoon Update: हरियाणा में मानसून आज से पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश में 6 जुलाई से 11 जुलाई तक लगातार बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।

Haryana Monsoon Update: हरियाणा में मानसून आज से पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश में 6 जुलाई से 11 जुलाई तक लगातार बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 6 से 9 जुलाई और 11 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 जुलाई को पंचकूला और यमुनानगर जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
View this post on Instagram
हालांकि अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिलों के लिए किसी प्रकार की भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है। पूर्वानुमान के अनुसार, 6 और 10 जुलाई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं 7, 9 और 11 जुलाई को बारिश का दायरा बढ़कर कई जिलों तक पहुंच जाएगा।
सबसे अधिक बारिश 8 जुलाई को होने की संभावना है। इस दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और छोटे नालों व बरसाती नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि मानसूनी गतिविधियों के कारण अगले कुछ दिनों तक तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में लगभग 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा हिसार में 38.9 डिग्री, अंबाला में 39.2 डिग्री, चंडीगढ़ में 37.9 डिग्री, फतेहाबाद में 36.8 डिग्री, भिवानी में 36.4 डिग्री, रोहतक में 35.7 डिग्री, करनाल में 34.8 डिग्री और गुरुग्राम में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दक्षिण हरियाणा में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। नारनौल का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं महेंद्रगढ़ में 36.2 डिग्री, रेवाड़ी में 36.4 डिग्री और नूंह में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
तापमान में गिरावट और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिलेगा। धान, बाजरा, कपास और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई और बढ़वार के लिए यह बारिश काफी लाभदायक मानी जा रही है।
हालांकि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, वहां खेतों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में किसानों को जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें।
तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट और चेतावनी का पालन करने की सलाह दी गई है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा और बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
Back to top button



