HARYANAHOME

Haryana News: नूंह में अपराध पर कड़ा शिकंजा, गोकशी, साइबर, बाइक चोरी और नशे के खिलाफ विशेष अभियान रहेगा प्राथमिकता : एसपी डॉ. अर्पित जैन

Haryana News: नूंह में अपराध पर कड़ा शिकंजा, गोकशी, साइबर, बाइक चोरी और नशे के खिलाफ विशेष अभियान रहेगा प्राथमिकता : एसपी डॉ. अर्पित जैन

Haryana News: मनीष आहूजा, ब्यूरो चीफ. नूंह। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने पदभार संभालने के बाद अपनी कार्यशैली को स्पष्ट करते हुए अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि जिलें में गोकशी, मोटरसाइकिल चोरी, नशा तस्करी और साइबर अपराध पर सख्ती से लगाम लगाई जाएगी और इन मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।


एसपी नूंह ने बताया कि नूंह में सड़क दुर्घटनाएं एक बड़ी चिंता का विषय हैं। जिले से कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे गुजरते हैं, जहां अक्सर गंभीर हादसे होते हैं। इसके अलावा दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग और हेलमेट न पहनना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जल्द ही वाहन चेकिंग अभियान तेज किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर भी नूंह पुलिस विशेष रणनीति तैयार कर रही है। एसपी ने कहा कि इस अपराध में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। वहीं गोकशी को लेकर उन्होंने कहा कि इससे मेवात की छवि को नुकसान पहुंचता है और सामाजिक भाईचारे पर भी असर पड़ता है। इस अपराध पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी और बार-बार अपराध करने वालों की संपत्ति की भी जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए जल्द ही एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा ताकि कानूनी प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। साइबर अपराध को लेकर भी उन्होंने कहा कि जिले की टीम अच्छा काम कर रही है, जिसे और मजबूत किया जाएगा ।
नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए एसपी ने कहा कि युवा वर्ग इसका शिकार हो रहा है, जो समाज और परिवार के लिए गंभीर खतरा है। इस दिशा में भी विशेष अभियान चलाकर नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही अवैध खनन पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी और जहां-जहां से शिकायतें मिली हैं, वहां कार्रवाई जारी है । पुलिस विभाग की कार्यशैली को सुधारने पर भी उनका विशेष फोकस है। उन्होंने कहा कि लापरवाह और निष्क्रिय पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनका परीक्षण लिया जाएगा। जो इसमें सफल होंगे उन्हें उनकी पसंद की पोस्टिंग मिलेगी, जबकि असफल रहने वालों को लाइन हाजिर किया जाएगा। भ्रष्टाचार के मामलों में भी किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
जिले में प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी तैयार कर ली गई है। साथ ही सभी नाकों पर वाहन चेकिंग अभियान को और तेज किया जाएगा। एसपी ने कहा कि यदि कोई सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कोशिश है कि पीड़ितों की शिकायतों का समाधान थाने या डीएसपी स्तर पर ही हो जाए, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। बाहरी राज्यों के अपराधियों और जिले में छिपने वालों पर भी पुलिस नजर रखेगी। यदि अन्य राज्यों की पुलिस किसी अपराधी की तलाश में नूंह आती है, तो तावडू डीएसपी को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो समन्वय स्थापित करेंगे।
एसपी डॉ. अर्पित जैन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नूंह जिले में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी ।

विकास मलिक

विकास मलिक 18 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। विकास मलिक ने इंडिया न्यूज, इंडिया न्यूज़ हरियाणा, साधना न्यूज, एमएचवन न्यूज, खबरें अभी तक, न्यूज नेशन, लीविंग इंडिया न्यूज़ समेत कई बड़े चैनल्स में काम किया है। विकास मलिक अभी जिओ हॉटस्टार में हरियाणावी कमेंट्री में बतौर प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं और साथ में अपनी खुद की वेबसाइट चला रहे है। इनकी कंटेंट से लेकर खेल और राजनीति के साथ हरियाणा पर गहरी पकड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button