HARYANAHOME

Hisar News: हिसार जिले की 3 अप्रैल 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Hisar News: हिसार जिले की 3 अप्रैल 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Hisar News: हिसार जिले की 3 अप्रैल 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने हिसार से अमृतसर तक रेल विस्तार के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र
हिसार, 03 अप्रैल।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने हिसार और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए अमृतसर तक रेल विस्तार के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। उन्होंने हिसार से लुधियाना जाने वाली ट्रेन का विस्तार अमृतसर तक करने की मांग करते हुए कहा कि हिसार से लुधियाना के लिए वर्तमान में कई ट्रेनें (संख्या 54603, 54605, 54633, 54365 और 54631) संचालित हो रही हैं। क्षेत्र के विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने उनसे मुलाकात कर इन ट्रेनों में से किसी एक का मार्ग अमृतसर तक बढ़ाने की मांग की है। वर्तमान में इस रूट पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी यात्रा करते हैं, जिन्हें सीधी ट्रेन न होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि जनता की भावनाओं और सुविधा को देखते हुए इस प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए। यदि लुधियाना तक जाने वाली इन पैसेंजर ट्रेनों में से किसी एक को अमृतसर तक बढ़ा दिया जाता है, तो इससे न केवल हिसार बल्कि पूरे पश्चिमी हरियाणा के लोगों को स्वर्ण मंदिर (अमृतसर) दर्शन व अन्य ऐतिहासिक स्थलों के लिए अतिरिक्त कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
वर्तमान सरकार के नेतृत्व में तेज से हो रहा है विकास, विकसित भारत 2047 विजन से मिल रही दिशा : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
कहा, आमजन की समस्याओं का समाधान ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
हिसार, 03 अप्रैल।
सुशासन और जनसेवा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ करते हुए लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा शुक्रवार को हिसार स्थित अपने निवास पर जनसुनवाई की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें रखी।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रत्येक व्यक्ति की बात को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास, आधुनिक आधारभूत संरचना, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और बेहतर जनसेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण, पारदर्शिता और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और सरकार की जनसेवा की भावना को धरातल पर उतारते हुए कार्य करें। वर्तमान सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता एवं विकास की नई मिसाल स्थापित की जा रही है।

समाधान शिविर के दौरान 3 हजार 919 शिकायतों का हुआ समाधान, लंबित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए उपायुक्त महेंद्र ने विभागाध्यक्षों को दिए निर्देश
हिसार, 03 अप्रैल।
आमजन की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए आरंभ किए गए समाधान शिविर के दौरान जून 2024 से अब तक जिला हिसार में कुल 5 हजार 945 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 3 हजार 919 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, 1549 शिकायतें विभागों द्वारा अस्वीकृत की गई, जबकि 206 शिकायतें वर्तमान में लंबित हैं। 260 शिकायतें नागरिकों के अनुरोध पर पुन: खोली गई है जबकि 16 शिकायतें विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन है।
शुक्रवार को कैंप कार्यालय में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मत्स्य पालन विभाग के प्रधान सचिव डी सुरेश की अध्यक्षता में आयोजित वीसी के माध्यम से समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक जिला समीक्षा बैठक के उपरांत उपायुक्त महेंद्र पाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागाध्यक्ष समाधान शिविरों के दौरान प्राप्त शिकायतों के शीघ्र और समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उपायुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की साप्ताहिक समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट समय पर समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर अपलोड की जाए। इसके अलावा शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायत की स्थिति से अवगत कराने के लिए फीडबैक भी लें, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार लाया जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, नगराधीश हरिराम, एएमसी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनगणना 2027 को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, अधिकारियों को प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश
हिसार, 03 अप्रैल।
जनगणना 2027 के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर लघु सचिवालय के तृतीय तल स्थित जिला सूचना अधिकारी कार्यालय के वीसी सभागार में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगराधीश हरिराम द्वारा की गई।
बैठक में जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए नगराधीश ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके लिए आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें। इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने के साथ-साथ एफएम रेडियो और आकाशवाणी के माध्यम से भी जनसाधारण तक जनगणना से संबंधित जानकारी पहुंचाई जाए।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि विभिन्न प्रशासनिक बैठकों से पूर्व जनगणना से संबंधित एनिमेशन वीडियो प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे अधिकारियों व आमजन में जागरूकता बढ़े। इसके अलावा प्रिंट मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से भी जनगणना के प्रचार-प्रसार को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। नगराधीश हरिराम ने बताया कि जनगणना पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्वयं पंजीकरण कर पाएंगे तथा अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकते हैं। इसी कड़ी में 16 अप्रैल से टोल फ्री नंबर 1855 भी सुचारू रूप से शुरू किया जाएगा, जिस पर नागरिक अपनी प्रतिक्रिया व सुझाव दर्ज करवा सकेंगे। जिले में सभी नेशनल हाईवे व मुख्य सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग्स व बैनर के माध्यम से भी जनगणना से संबंधित सभी जानकारियां उपलब्ध करवाई जाएंगी।
बैठक में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राम रतन, जिला सांख्यिकी अधिकारी अमित, अतिरिक्त निगमायुक्त वीरेंद्र श्योराण, डीआईओ दीपक भारद्वाज, सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विकास मलिक

विकास मलिक 18 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। विकास मलिक ने इंडिया न्यूज, इंडिया न्यूज़ हरियाणा, साधना न्यूज, एमएचवन न्यूज, खबरें अभी तक, न्यूज नेशन, लीविंग इंडिया न्यूज़ समेत कई बड़े चैनल्स में काम किया है। विकास मलिक अभी जिओ हॉटस्टार में हरियाणावी कमेंट्री में बतौर प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं और साथ में अपनी खुद की वेबसाइट चला रहे है। इनकी कंटेंट से लेकर खेल और राजनीति के साथ हरियाणा पर गहरी पकड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button