
Hisar News: हिसार जिले की 2 अप्रैल 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए फटाफट
निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत डीपीआईयू की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित
हिसार, 02 अप्रैल।
निपुण हरियाणा मिशन के तहत वीरवार को जिला स्तर पर डीपीआईयू की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन डीपीसी कार्यालय हिसार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रामरतन द्वारा की गई।
उन्होंने बताया कि बैठक आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जनवरी एवं फरवरी माह के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना था। इस दौरान होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड के प्रभावी उपयोग, निपुण हरियाणा डैशबोर्ड पर छात्र उपस्थिति मॉड्यूल की स्थिति तथा फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी के समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा पिछले माह के एक्शन प्लान की प्रगति का मूल्यांकन किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष फोकस किया गया। यह योजना निपुण हरियाणा मिशन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ फाउंडेशनल लर्निंग के लक्ष्यों को मजबूत करने में सहायक सिद्ध हो रही है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रामरतन ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, सीखने के स्तर में सुधार लाने तथा अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजना का लाभ पात्र परिवारों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत फाउंडेशनल लर्निंग को सुदृढ़ बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए निरंतर निगरानी और सहयोग आवश्यक है। बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि आगामी महीनों में फील्ड स्तर पर मॉनिटरिंग को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा शिक्षकों को निरंतर शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में स्पष्ट सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में डाइट प्राचार्य नरेंद्र शर्मा, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला एफएलएन समन्वयक प्रमोद कुमार, एसपीआईयू सदस्य अनुभव, केशव संपर्क फाउंडेशन एवं लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित सभी खंड समन्वयकों व अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

खरीद कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : प्रशासनिक सचिव अमनीत पी कुमार
प्रशासनिक सचिव ने अनाज मंडियों का किया निरीक्षण
हिसार, 02 अप्रैल।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं जिला की प्रशासनिक सचिव अमनीत पी कुमार ने वीरवार को जिले की विभिन्न अनाज मंडियों का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गेहूं और सरसों की खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय उपायुक्त महेंद्र पाल भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडियों में चल रही व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर खरीद कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध होनी चाहिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों को नियमित रूप से मंडियों का दौरा करने और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फसल खरीद के बाद किसानों को 72 घंटे के भीतर भुगतान उनके बैंक खातों में किया जाएगा और इसमें किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंडी में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए प्रशासनिक सचिव अमनीत पी कुमार ने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मजदूरों के लिए आवश्यक सुविधाएं और समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तौल प्रक्रिया, नमी मापक यंत्र, बारदाना उपलब्धता और विभिन्न रिकॉर्ड रजिस्टरों की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तौल में पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा उन्होंने मंडियों में भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने, किसानों की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने और सीसीटीवी निगरानी को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। मौसम को देखते हुए फसल की सुरक्षा के लिए शेड और तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था करने पर भी जोर दिया। अनाज के उठान को लेकर प्रशासनिक सचिव अमनीत पी कुमार ने संबंधित विभागों और रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि भंडारण और परिवहन में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने सभी विभागों, खरीद एजेंसियों और मंडी से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए।
खरीद कार्यों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली :
इस अवसर पर जिला की प्रशासनिक सचिव अमनीत पी कुमार ने स्थानीय लघु सचिवालय परिसर के बैठक कक्ष में खरीद एजेंसियों व संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक भी ली गई। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने मंडियों में खरीद के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं लागू की हैं, जिसका मकसद स्थानीय किसानों की भलाई है। इसके लिए कृषि उपनिदेशक को भी किसानों के साथ सभाएं कर उन्हें सही जानकारी देने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने ट्रॉस्पोर्ट, बारदाना एव अन्य जरूरी सामान, स्टोरेज, लेबर तथा साफ-सफाई के टेंडर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों को मंडियों के फिजिकल निरीक्षण करते रहने की हिदायत दी। प्रशासनिक सचिव ने संबंधित ट्रांस्पोर्टर की गाडिय़ों का भी वैरिफिकेशन करने की भी हिदायत दी।
इस अवसर पर उपायुक्त महेंद्र पाल, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, एसडीएम ज्योति मित्तल, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त शालिनी चेतल, नगराधीश हरिराम, डिप्टी सीईओ जिला परिषद कीर्ति सिरोहीवाल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन रविंद्र रॉकी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
जिले की विकास परियोजनाओं और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा को लेकर प्रशासनिक सचिव अमनीत पी कुमार ने अधिकारियों की ली बैठक
हिसार, 02 अप्रैल।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं हिसार जिले की प्रशासनिक सचिव अमनीत पी कुमार ने वीरवार को जिले में चल रही विकास परियोजनाओं तथा राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेते हुए अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रशासनिक सचिव ने निर्देश दिए कि जिले में चल रहे सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचना सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा जिन योजनाओं में किसी प्रकार की बाधा आ रही है, उन्हें तुरंत दूर कर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से बुनियादी ढांचे, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर जोर दिया।
प्रशासनिक सचिव ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने और जमीनी स्तर पर कार्यों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे। उन्होंने सीएमओ को प्रसव के दौरान होने वाली मातृ मृत्यु दर को कम करने की हिदायत देते हुए कहा कि महिला एवं बाल स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता है। आदमपुर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें जल्द से जल्द लंबित परियोजनाओं को पूरा करें। उन्हें अवगत करवाया गया कि अगले माह तक यहां कार्य पूर्ण करवा लिया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी तथा अन्य विभागीय योजनाओं को लेकर गंभीरता से कार्य करने की हिदायत दी। हिसार में बनने वाले ऑब्जरवेशन होम को लेकर अधिकारियों को हिदायत दी गई कि तीसरे भवन के निर्माण के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय से संपर्क कर त्वरित कार्य करवाया जाए। अभी तक बन चुके दो भवनों में कार्य शुरू करने की और भी ध्यान दिया जाए। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए प्रगति को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह मुख्यमंत्री घोषणाओं पर पूरी गंभीरता से कार्य करें। प्रशासनिक सचिव अमनीत पी कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य विकास कार्यों को गति देना और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि जिले में विकास कार्यों को नई दिशा मिल सके।
इस अवसर पर उपायुक्त महेंद्र पाल, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, डिप्टी सीईओ जिला परिषद कीर्ति सिरोहीवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने मंडी का दौरा कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
हिसार, 02 अप्रैल।
नलवा के विधायक रणधीर पनिहार ने वीरवार को हिसार अनाज मंडी का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में चल रही खरीद प्रक्रिया, किसानों की सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शेड की स्थिति तथा फसल उठान व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मंडी में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फसल की खरीद समय पर हो तथा भुगतान प्रक्रिया में भी किसी प्रकार की देरी न हो। इसके अलावा उन्होंने मंडी परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक रणधीर पनिहार ने अधिकारियों से कहा कि फसल उठान कार्य साथ की साथ किया जाए ताकि मंडी में अनावश्यक भीड़ न हो और किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। इसके अलावा मौसम को ध्यान में रखते हुए फसल को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए जाएं। विधायक ने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक पनिहार ने कहा कि मंडियों में लागू की गई नई खरीद व्यवस्था प्रणाली स्थानीय किसानों के हितों में है क्योंकि सरकार चाहती है कि सबसे पहले हमारे किसानों की फसलें खरीदी जाएं और उसका जल्द से जल्द भुगतान किया जाए। इसके मकसद कई प्रकार की गड़बडिय़ों को रोकना है, जिसका सीधा नुकसान हमारे किसानों का होता है।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन रविंद्र रॉकी, वाइस चेयरमैन अनिल डालमिया, मंडी के प्रधान मांगेराम रावलवासीया, मार्केट कमेटी हिसार के सदस्य सुरेंद्र मुकलान, पटेल पुनिया, ओमप्रकाश टाक, प्रदीप जांगड़ा सहित काफी संख्या में व्यापारी और किसान उपस्थित थे।
Back to top button



