
JJP News: जन चेतना दिवस कार्यक्रम की तैयारी में जुटी जेजेपी, हरियाणा के दौरे पर निकले दिग्विजय
भाजपा सरकार की खराब नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर युवा भरेंगे हुंकार – दिग्विजय चौटाला
चंडीगढ़, 16 फरवरी। 13 मार्च को जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर हांसी जिले में होने वाले प्रदेश स्तरीय सर्व हरियाणा जन चेतना दिवस कार्यक्रम की तैयारियां जेजेपी ने शुरू कर दी है। इस सिलसिले में जेजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हरियाणा में दौरे शुरू कर दिए है। सोमवार को दिग्विजय चौटाला हिसार, हांसी और दादरी जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की बीजेपी सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंटकर किसान, कमेरे और युवा वर्ग की आवाज दबाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हांसी में होने वाले जेजेपी के कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचने वाले युवा एकजुट होकर मौजूदा खराब हालातों को देखते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे। इस दौरान दिग्विजय ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ड्यूटी भी लगाई।

जेजेपी द्वारा जारी कार्यक्रमों के अनुसार दिग्विजय चौटाला 17 फरवरी को भिवानी और बवानीखेड़ा, 18 फरवरी को जींद और महम, 19 फरवरी को तोशाम में पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। इसके बाद वे 20 फरवरी को अंबाला में युवा योद्धा कार्यक्रम, 22 फरवरी को यमुनानगर में युवा योद्धा कार्यक्रम और कुरुक्षेत्र में कार्यकर्ता बैठक करेंगे। दिग्विजय चौटाला 23 फरवरी को दादरी में युवा योद्धा सम्मेलन और बवानीखेड़ा हलके का दौरा, 24 फरवरी को नारनौंद, 25 फरवरी को आदमपुर, 26 फरवरी को उकलाना, 27 फरवरी को नलवा और 28 फरवरी को बवानीखेड़ा हलके का दौरा करेंगे। वहीं वे 1 मार्च को गुरुग्राम में युवा योद्धा सम्मेलन और फिर हांसी व नारनौंद का दौरा, 2 मार्च को फतेहाबाद में कार्यकर्ता बैठक, 5 मार्च को बरवाला, 6 मार्च को नारनौंद, 7 मार्च को उकलाना, 8 मार्च को नारनौंद, 9 मार्च को नलवा, 10 मार्च को उकलाना और 11 मार्च को हांसी हलके के दौरे पर रहेंगे।



