Hisar Hansi News: हांसी और हिसार की 9 सितंबर की बड़ी खबरें, पढ़िए INK KHABAR का स्पेशल बुलेटिन
Hisar Hansi News: हांसी और हिसार की 9 सितंबर की बड़ी खबरें, पढ़िए INK KHABAR का स्पेशल बुलेटिन

अब तक जिले के 45 हजार 437 किसानों द्वारा लगभग 2 लाख 85 हजार 702 एकड़ भूमि में फसल नुकसान का पंजीकरण दर्ज
उपायुक्त ने जिले के गांव आर्यनगर में जलभराव निकासी प्रबंधों व लाडवा तथा दाहिमां के बीच टूटी हुई ड्रेन का निरीक्षण किया।
हिसार, 09 सितंबर।
उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि जिले में हुए भारी बरसात तथा ड्रेन टूटने के कारण से विभिन्न क्षेत्रों में हुए जलभराव के मद्देनजर प्रभावित लोगों की मदद करते हुए स्थिति का आकलन किया जा रहा है। जिले के कई क्षेत्रों में फसल बर्बाद हुई है। अधिकारियों व कर्मचारियों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में लगी हुई हैं। प्रभावित लोगों को भोजन, स्वच्छ पानी, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की जा रही है। मंगलवार को उपायुक्त ने जिले के गांव आर्यनगर में जलभराव निकासी प्रबंधों व लाडवा तथा दाहिमा के बीच टूटी हुई ड्रेन का निरीक्षण किया।
इस दौरान उपायुक्त को अवगत करवाया गया कि लगभग 250 मनरेगा श्रमिक ड्रेन को ठीक करने में लगे हुए हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तुरंत प्रभाव से अतिरिक्त लेबर लगाकर ड्रेन को सही किया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारियों को फील्ड पर मौजूद राहत कार्यों की निगरानी करते और नुकसान का आंकलन करते हुए रिपोर्ट तैयार करने की हिदायत दी। प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की फसल खराबे के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है। इस पोर्टल के माध्यम से किसान अपनी फसल को हुए नुकसान का पंजीकरण कर क्षतिपूर्ति का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। प्रभावित किसान 15 सितंबर तक पोर्टल पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। अब तक जिले के 276 गांवों के 45 हजार 437 किसानों द्वारा लगभग 2 लाख 85 हजार 702 एकड़ भूमि में फसल नुकसान का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 01662-231137 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल करने पर तुरंत कंट्रोल रूम से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहकर हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करेगा। उपायुक्त अनीश यादव ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि कोई भी प्रभावित परिवार राहत से वंचित नहीं रहेगा।
इस अवसर पर एसडीएम ज्योति मित्तल, भाजपा नेता संजीव गंगवा, गांव लाडवा के सरपंच रामफल, गांव दाहिमा के सरपंच दिनेश यादव सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिसार, 09 सितंबर।
अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्घा ने मंगलवार को जिले में चलाए जाने वाले पोषण माह अभियान को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने सुपरवाईजर व पोषण स्टाफ सदस्यों को पोषण माह अभियान के तहत की जाने वाली गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्घा ने बताया कि सितंबर माह को पोषण माह के रुप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जिले में विभागीय हिदायतों अनुसार सुपोषित भारत, साक्षर भारत और सशक्त भारत की थीम पर 17 सितंबर से 16 अक्टूबर 2025 तक जिला, ब्लॉक व ग्राम स्तर पर पोषण सम्बंधी गतिविधियां आयोजित करवाई जांएगी। पोषण माह के दौरान स्तनपान और पूरक आहार, स्वस्थ बालक-बालिका स्पर्धा, पोषण भी पढ़ाई भी, पोषण में सुधार लाना, मेरी माटी-मेरा देश, जनजातिकरण पोषण संवेदीकरण परीक्षण, उपचार तथा एनीमिया पर चर्चा आदि गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस पोषण माह में एक पेड़ मां के नाम थीम पर काम करते हुए फलदार पौधों को लगाया जाएगा। एनीमिया कैंप का आयोजन करके महिलाओं व बच्चों की विभिन्न जांच की जाएगी। पोषण आहार की कमी व प्रदूषित जल के माध्यम से होने वाले विभिन्न रोगों के उपचार के लिए चिकित्सा विभाग का सहयोग किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत सभी स्तरों पर विभिन्न विभाग के अधिकारियों द्वारा गतिविधियों को उत्साह पूर्वक मनाने व ग्राम पंचायतों, शहरी स्थानीय निकायों द्वारा लाभ उठाकर बड़ी सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करके इस पोषण माह को सफल बनाया जाएगा। पोषण माह में कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों का वजन व लंबाई नोट की जाएगी। कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। गांव स्तर पर आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए सफाई अभियान चलाया जाएगा। गर्भवती व दूध पिलाने वाली माताओं की बैठक आयोजित कर उन्हें जागरूक किया जाएगा। महिलाओं को आंगनबाड़ी केन्द्रों में शुरू की गई किचन गार्डनिंग स्कीम के महत्व बारे भी अवगत करवाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित अनेक सुपरवाइजर तथा पोषण स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।
हिसार, 09 सितंबर।
लघु सचिवालय स्थित वीसी सभागार में उपायुक्त अनीश यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मासिक चिन्हित अपराध, एससी/एसटी एक्ट केस समीक्षा, किशन भाई वर्सेस स्टेट ऑफ गुजरात मामले तथा डीटीपी टास्क फोर्स कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गवाहों के होस्टाइल होने के संबंध में पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पोक्सो तथा एससी एसटी एक्ट जैसे मामलों में मुकदमा दर्ज होने के एक माह में चालान देने व अगले एक माह में गवाहों के ब्यान दर्ज करवाने की दिशा में त्वरित कार्यवाही करें। बैठक में उपायुक्त ने जिला न्यायवादी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चिन्हित अपराधों से जुड़े मुकदमों में त्वरित कार्रवाई की जाए। यह सुनिश्चित करें कि ऐसे मामलों की सुनवाई में लंबी अवधि तारीख न मिले, ताकि गवाहों को प्रभावित न किया जा सके। एससी/एसटी और डीटीपी टास्क फोर्स कमेटी की बैठक के दौरान जिला नगर योजनाकार ने बताया कि जिले में अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त अनीश यादव ने निर्देश दिए कि यदि किसी जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है, तो अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बैठक में हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश हरिराम, जिला न्यायवादी दीपक लेघा, जिला नगर योजनाकार दिनेश कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मोडा खेड़ा स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हिसार, 09 सितंबर।
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में पीएम श्री राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांव मोडा खेड़ा में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्राचार्य जगदीश चंद्र ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सीजेएम अशोक कुमार ने शिरकत की।
सीजेएम अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को साक्षरता के महत्व के साथ-साथ नशा मुक्ति और विधिक सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को समाज में घटित होने वाली घटनाओं के प्रति सचेत रहने की सलाह दी और विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही प्रगति की ओर बढ़ सकता है। अशोक कुमार ने विधिक सेवाओं और कानूनी अधिकारों की जानकारी विद्यार्थियों को विस्तार से दी। विशेष रूप से उन्होंने छात्राओं को समाज में होने वाली घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी और बताया कि किस प्रकार कानूनी प्रावधान उनके अधिकारों की रक्षा करते हैं। सीजेएम ने कहा कि बीड़ी, सिगरेट, शराब, गांजा, चरस और चिट्टा जैसी नशे की आदतें व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक हैं। उन्होंने बच्चों को इन बुरी आदतों से दूर रहने और दूसरों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्राचार्य जगदीश चंद्र ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बच्चों को जीवन में शिक्षा को सर्वोपरि मानते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आदमपुर खंड शिक्षा अधिकारी ईश्वर सिंह, संदीप सिंधु, ओम स्त्रीलिंग ग्लोबल यूनिवर्सिटी से करीना, अभिषेक खंडवाला, श्रवण कुमार, राजेश कुमार, जगदीश बेनीवाल, एएसआई सुमन, नशा मुक्ति जागरूकता टीम के सदस्य आशीष, रविंद्र, दीपक, विनय मल्होत्रा, सतीश कुमार सहित गांव के गणमान्य नागरिक, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
नो एंट्री का उल्लंघन करने पर डंपर का 10,000/- रुपये का चालान कर किया जब्त
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के दिशा-निर्देशों के अनुसार ट्रैफिक पुलिस हांसी ने बस स्टैंड हांसी पर ट्रैफिक नियमों की नियमों की उल्लंघन करने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हांसी ट्रैफिक पुलिस ने एक डंपर चालक का नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने डंपर का 10,000/- हजार रुपये का चालान कर जब्त (इंपाउंड) किया।
पुलिस अधीक्षक हांसी ने आमजन से अपील की-
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन ने समस्त कमर्शियल व भारी वाहन चालकों, ट्रांसपोर्ट कंपनियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे नो-एंट्री आदेश का पालन करें तथा निर्धारित समय प्रातः 08:00 बजे से सायं 08:00 बजे तक के दौरान कोई भी भारी डंपर अथवा कमर्शियल वाहन हांसी शहर में प्रवेश न करें।
आपकी सुरक्षा, नागरिकों की सुविधा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से लागू किया गया है। हांसी पुलिस का प्रयास है कि शहरवासियों को जाम व दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।
धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार
क्रिप्टो करेंसी में रुपए इन्वेस्ट व टास्क पूरा करने के नाम पर की 2 लाख 83 हजार रुपए की धोखाधड़ी
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के दिशा-निर्देशानुसार जिला भर में अपराधों पर लगाम लगाते हुए थाना साइबर क्राइम हांसी पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी में रुपए इन्वेस्ट पूरा करने के नाम पर 283412/-रुपए की धोखाधड़ी मामले में आरोपी साईकत पुत्र श्रीपति निवासी विवेकानन्द परगना पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया गया है।
थाना साइबर क्राइम हांसी में तैनात मुख्य सिपाही सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपी दिनांक 04.06.2025 को गांव गढ़ी निवासी प्रिया पुत्र संजीव के मोबाइल व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर क्रिप्टो करेंसी में इन्वेस्ट करवाने व टास्क पूरा करने के नाम पर कुल 283412/-रुपए की धोखाधड़ी की थी। थाना साइबर क्राइम हांसी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से 70 हजार रुपए बरामद कर कब्जा पुलिस में लिए गए है।
सेफ सिटी कैंपेन के तहत महिलाओ की सुरक्षा को लेकर पुलिस का अभियान जारी:- पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से.
सेफ सिटी कैंपेन के तहत पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के निर्देशानुसार महिला पुलिस हांसी द्वारा महिलाओं को अपराधों तथा अपराधिक प्रवृत्ति के असामाजिक तत्वों के प्रति सजग जागरूक करने के लिए चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान भी जारी रहा।
महिला पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के अनेक स्थानों पर लड़कियों, महिलाओ को महिला विरुद्ध अपराध के प्रति सजग रहने तथा असामाजिक तत्वों द्वारा की गई किसी भी प्रकार की अभद्र हरकत का डटकर मुकाबला करने के संबंध में जागरूक किया।
महिला पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा आज हांसी के शहरी एरिया पटेल चौक हांसी, कॉलेज पार्क, शिक्षण संस्थान पर छात्राओं व महिलाओं से मुलाकात की गई। महिला पुलिस टीमों ने बस स्टैंड, रोडवेज बसों आदि में महिलाओ और लड़कियों पर फब्तियां कसने, छेड़छाड़ और बदतमीजी जैसी हरकते करने वालो के खिलाफ सर्च अभियान भी चलाया।
पुलिस की विशेष टीमों द्वारा उनके फोन में 112 इंडिया ऐप डाउनलोड करवाए गए। जिससे वे जरूरत के समय पुलिस सहायता ले सकती है। किसी भी प्रकार की हिंसा होने पर डायल 112 पर कॉल करे। पुलिस आपकी सहायता के लिए तुरंत पहुंचेगी।
थाना नारनौंद क्षेत्र में एकता शपथ एवं नागरिक दायित्वों का आयोजन
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के दिशा-निर्देशानुसार थाना प्रबंधक नारनौंद ने आज नारनौंद थाना क्षेत्र में एकता शपथ एवं नागरिक दायित्वों का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी नारनौंद सब इंस्पेक्टर बलवान व ग्रामीण विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने लोगों को संविधान और कानून का पालन करने, भाईचारा बनाए रखने तथा समाज को नशा, अपराध व बुराइयों से मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।
शपथ में शामिल मुख्य बिंदु:-
• देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करना।
• सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखना।
• संविधान एवं कानून का सम्मान करना।
• स्वच्छता, पर्यावरण और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना।
• नशा, अपराध और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर राष्ट्रहित में कार्य करना।
स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक शपथ ग्रहण की और यह संकल्प लिया कि वे समाज को संगठित, सुरक्षित और प्रगतिशील बनाने में हमेशा सक्रिय रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. ने आज अपने कार्यालय में स्वर्गीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सतीस निवासी ढाणी ब्राह्मण की धर्मपत्नी आशा को आर्थिक सहयोग स्वरूप 24,21,500/- (चौबीस लाख इक्कीस हज़ार पाँच सौ रुपए) का चैक प्रदान किया।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित यशवर्धन ने कहा कि हांसी पुलिस अपने प्रत्येक कर्मचारी को परिवार का हिस्सा मानती है और कर्मचारियों के साथ-साथ उनके आश्रित परिवारजन के सुख-दुख में सदैव कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का यह दायित्व है कि दिवंगत कर्मचारी के परिजनों को किसी प्रकार की आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े और बच्चों की शिक्षा व परिवार की आवश्यकताओं में सहयोग मिलता रहे।
उन्होंने स्वर्गीय कर्मचारी सतीस की सेवाओं को याद करते हुए उनके योगदान को अमूल्य बताया तथा परिवार को विश्वास दिलाया कि विभाग हर संभव सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। मौके पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने स्वर्गीय सतीस को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और आशा जी के परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







