Karnal News: करनाल की 14 जनवरी 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
Karnal News: करनाल की 14 जनवरी 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Karnal News: करनाल की 14 जनवरी 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
निराश्रित बच्चों को 21 सौ रुपये महीना की वित्तीय सहायता: उपायुक्त
करनाल, 14 जनवरी। उपायुक्त विश्राम कुमार ने बताया कि प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा निराश्रित बच्चों के लिए 21 सौ रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। पात्र बच्चे इसका लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिला में 21 वर्ष तक की आयु का जो बच्चा माता-पिता की मृत्यु या पिता के घर से पिछले 2 वर्ष की अवधि से अनुपस्थित होने के कारण अथवा माता-पिता की लम्बी सजा, जोकि एक वर्ष से कम न हो या मानसिक व शारीरिक अक्षमता के कारण सहायता अथवा देखभाल से वंचित है, वह सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा दी जा रही 21 सौ रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकता है। इसके माता-पिता अथवा अभिभावक की सभी साधनों से वार्षिक आय दो लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। यह सहायता एक परिवार में दो बच्चों तक प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुकों के पास बेसहारा होने का प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र व आवेदक का 5 वर्ष या उससे अधिक की अवधि का हरियाणा राज्य का निवासी होने का दस्तावेज, फ़ोटोयुक्त वोटर कार्ड या राशन कार्ड आदि की स्व सत्यापित फोटो प्रति सहित परिवार पहचान पत्र होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आवेदक के पास यदि उपरोक्त दस्तावेजों में से कोई नहीं है, तो वह कोई अन्य प्रमाण पत्र सहित 5 वर्ष से हरियाणा में रिहायश का शपथ पत्र दे सकता है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे के माता-पिता या अभिभावक सरकार द्वारा पारिवारिक पेंशन प्राप्त कर रहे हैं, वे उपरोक्त स्कीम का लाभ नहीं ले पाएंगे। स्कीम का लाभ लेने के इच्छुक प्रार्थी नजदीकी अंत्योदय सरल केंद्र, अटल सेवा केंद्र सहित सीएससी केंद्र पर आवेदन कर सकते हैं।
गांव गुढ़ा में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजित
करनाल, 14 जनवरी। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव कुलबीर मलिक ने बताया कि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा, चंडीगढ़ के वाइस चेयरमेन अंकुश मिगलानी तथा महासचिव डॉ सुनील कुमार के मार्गदर्शन में बुधवार को टी. आई. प्रोजेक्ट के तहत गांव गुढ़ा में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 व्यक्तियों की टी.बी. स्क्रीनिंग व एचआईवी/वीडीआरएल जांच की गई। इसके साथ ही टीआई स्टाफ तथा रेडक्रॉस वॉलंटियर्स द्वारा लोगों को एचआईवी/एड्स की जानकारी तथा बचाव के बारे में बताया गया और बचाव सामग्री वितरित की गई। उन्होंने बताया कि टी.बी उन्मूलन अभियान को गति दी जाएगी तथा स्क्रीनिंग कैंपों का आयोजन मुख्य रूप से स्लम बस्तियों तथा उन गांवों में लगाया जाएगा जहां टी.बी के सर्वाधिक मरीज चिन्ह्ति हो रहे हैं। इस मौके पर टी.आई. प्रोजेक्ट से प्रोमिला, सपना, दर्शना, कुशम्बी, मुन्नी, अशोक तथा अश्विनी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना
कमजोर वर्ग की बेटियों के विवाह के लिए सहायता
करनाल, 14 जनवरी। उपायुक्त विश्राम कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बेटियों की शादी में आर्थिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना संचालित की जा रही है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने और बेटियों के विवाह के लिए प्रोत्साहन देने का एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत दी जाने वाली शगुन राशि में बढ़ोतरी की गई है। अब पिछड़ा वर्ग परिवार को विवाह के अवसर पर कन्यादान के रूप में 51 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इससे पहले यह राशि 41 हजार रुपये थी। प्रदेश सरकार के इस निर्णय से 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले हजारों पात्र परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की कन्याओं के विवाह में सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले पिछड़े वर्ग के परिवारों को उनकी बेटियों के विवाह के लिए, किसी भी वर्ग की महिला खिलाडिय़ों को उनकी स्वयं की शादी के लिए और ऐसे दिव्यांग जोड़ों को जिनमें पति या पत्नी में से कोई एक भी दिव्यांग हो, उसे भी अब 51 हजार रुपये की राशि कन्यादान स्वरूप दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अनुसूचित जाति, विमुक्त जाति और टपरीवास समुदाय के पात्र परिवारों को पहले ही 71 हजार रुपये की राशि विवाह के अवसर पर दी जा रही है। वहीं विधवा, तलाकशुदा, अनाथ या बेसहारा महिलाओं के पुनर्विवाह पर (यदि पहली शादी के समय योजना का लाभ नहीं लिया गया हो) को भी 51 हजार रुपये की राशि दी जाती है। यदि नवविवाहित दंपती दिव्यांग हैं तो उन्हें भी 51 हजार रुपये की सहायता राशि मिलेगी।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए विवाह के 6 महीने के भीतर विवाह पंजीकरण कराना जरूरी है। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया को बहुत सरल और सुगम बनाया गया है ताकि पात्र व्यक्ति आसानी से लाभ उठा सकें। आवेदक http://shadi.edisha.gov.in/ पोर्टल पर जाकर मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।
करनाल, 14 जनवरी। उपायुक्त विश्राम कुमार ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के किसानों से वर्ष 2025-26 के लिए ट्रैक्टर अनुदान योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। किसान 15 जनवरी तक विभागीय पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत अनुसूचित जाति के वे किसान, जिनके नाम कृषि भूमि है, परिवार पहचान पत्र – पीपीपी यानी फैमिली आईडी के अंतर्गत परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर भूमि मान्य) 45 हॉर्स पावर (एचपी) या उससे अधिक क्षमता के ट्रैक्टर पर 3 लाख प्रति इकाई अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थियों का चयन गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर की खरीद एवं भौतिक सत्यापन के उपरांत अनुदान राशि सीधे लाभार्थी के उस बैंक खाते में जमा की जाएगी, जो मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत होगा। लाभार्थी हरियाणा राज्य का निवासी एवं अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होना चाहिए। लाभार्थी ने पिछले पांच वर्षों में विभाग की किसी भी योजना के अंतर्गत ट्रैक्टर पर अनुदान का लाभ न लिया हो। लाभार्थी ट्रैक्टर की खरीद तिथि से पांच वर्षों तक ट्रैक्टर को बेच नहीं सकेगा। लाभार्थी के पास कृषि भूमि का स्वामित्व होना अति आवश्यक है। भूमि परिवार पहचान पत्र के अंतर्गत परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर पंजीकृत हो सकती है। अधिक जानकारी के लिए किसान सहायक कृषि अभियंता कार्यालय या उप कृषि निदेशक कार्यालय में संपर्क कर सकते है।
निरीक्षण में साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था में मिली लापरवाही, पहले भी मिल चुकी हैं खामियां।
करनाल 14 जनवरी, नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने मंगलवार सांय शहर के प्रमुख कर्ण पार्क का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्क में साफ-सफाई की खराब स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही तथा अन्य अनियमितताएं पाई गई। इस पर उन्होंने पार्क का रख-रखाव कर रही एजेंसी आयान वूमेन कोऑपरेटिव मल्टीपर्पज सोसाईटी का टैण्डर रद्द करने के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पार्क में लोगों की मोटरसाइकिलें खड़ी मिली। कूड़ा-करकट इधर-उधर बिखरा पड़ा था तथा कुछ व्यक्ति ताश खेलते हुए मिले। पार्क की सुरक्षा के लिए एजेंसी द्वारा लगाया गया व्यक्ति भी मौके पर मौजूद नहीं मिला, जिस पर निगमायुक्त ने एजेंसी प्रतिनिधि को गम्भीर लापरवाही के चलते कड़ी फटकार लगाई।
बता दें कि पूर्व में भी आयुक्त के निरीक्षण में समस्याएं सामने आने पर एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था तथा 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। फिर भी एजेंसी द्वारा कार्यों में कोई खास सुधार नहीं लाया गया। इन लापरवाहियों के चलते निगमायुक्त ने एजेंसी का टैण्डर रद्द करने के निर्देश दिए हैं।
निगमायुक्त ने बताया कि कर्ण पार्क शहर के केंद्र में स्थित एक विशाल पार्क है। यह बच्चों के लिए झूले, वॉकिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र, आकर्षक लाईटें, ओपन एयर जिम तथा म्यूजिकल फाउंटेन जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है। यह पार्क दैनिक रूप से हजारों नागरिकों द्वारा उपयोग किया जाता है तथा शहरवासियों के मनोरंजन एवं स्वास्थ्य का प्रमुख केंद्र है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम सभी पार्कों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं नागरिकों के लिए आदर्श बनाने के प्रति पूर्णत: कटिबद्ध है। शहर में कुल 218 पार्क हैं। इनके बेहतर रख-रखाव के लिए 87 पार्क रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन, 30 पार्क ओलीवेल फाउंडेशन तथा 101 पार्क नेचर प्लस एन.जी.ओ. को दिए गए हैं। नगर निगम की टीम द्वारा नियमित पार्कों का निरीक्षण किया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्कों की देखरेख में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
निगमायुक्त के निरीक्षण में कार्यकारी अभियंता ओ.पी. करदम, सहायक अभियंता रमन तथा कनिष्ठï अभियंता रवि कुमार मौजूद रहे।
करनाल, 14 जनवरी | उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के स्थानीय परिचालन परिमंडल के अधीक्षक अभियंता ने बताया कि 15 जनवरी को प्रात: 11.00 बजे राजीव गांधी विद्युत भवन रोहतक के कॉन्फ्रेंस हाल में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनी जाएंगी। सुनवाई जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम रोहतक के अध्यक्ष करेंगे। इसमें करनाल जिला के उपभोक्ता भी शिकायत रख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे उपभोक्ता जिनकी बिजली संबंधी समस्याओं का स्थानीय अधिकारियों से मिलने के बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा है, वे फोरम के समक्ष शिकायत रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे उपभोक्ता जिनका बिजली संबंधी केस कोर्ट में विचाराधीन है तथा जिनकी शिकायत या मामला दो वर्ष से पुराना है, ऐसे उपभोक्ता सुनवाई के पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा बिजली चोरी संबधी शिकायतें भी बैठक में नहीं सुनी जाएंगी।
करनाल, 14 जनवरी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। व्यक्तियों और संगठनों के अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा भाव को पहचानने और सम्मानित करने के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के नाम से वार्षिक पुरस्कार दिया जाता है। इस पुरस्कार की घोषणा हर साल 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर की जाती है।
उन्होंने कहा कि केवल भारतीय नागरिक और भारतीय संस्थान ही पुरस्कार के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। संस्थानों, स्वैच्छिक संगठनों, कॉर्पोरेट संस्थाओं, शैक्षणिक, अनुसंधान संस्थानों, प्रतिक्रिया, वर्दीधारी बलों या अन्य संस्थान पुरस्कार के लिए एक संस्था के रूप में आवेदन कर सकते हैं। पुरस्कार के लिए उम्मीदवार ने भारत में आपदा प्रबंधन जैसे रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास, अनुसंधान, नवाचार कार्य के क्षेत्र में काम किया हो। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि आवेदन के साथ आपदा प्रबंधन में किए गए कार्यों का विवरण होना चाहिए। पुरस्कार के संबंध में अधिक जानकारी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के पोर्टल पर उपलब्ध है।

सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन उमड़ा श्रद्धा का सागर
केशव आचार्य जी महाराज की अमृतवाणी से भावुक हुए श्रद्धालु, भजन-संकीर्तन पर झूम उठे श्रद्धालु
करनाल, 14 जनवरी। सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। वृंदावन धाम से पधारे कथाव्यास पूज्य श्री केशव आचार्य जी महाराज की ओजस्वी वाणी और भावपूर्ण प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को प्रभु भक्ति में पूरी तरह लीन कर दिया। गांव काछवा सोमेश्वर राइस प्रा. लि. परिसर में आयोजित कथा स्थल पर हरे कृष्ण, राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। कथा के दौरान महाराज श्री ने ध्रुव चरित्र, जड़ भरत चरित्र एवं अजामिल चरित्र जैसे गूढ़ एवं प्रेरणादायक प्रसंगों का अत्यंत सरल और भावनात्मक शैली में वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार भक्ति, संयम और सत्कर्म से मानव जीवन का उद्धार संभव है। उनकी अमृतवाणी को सुनकर अनेक श्रद्धालु भावुक हो उठे, वहीं महिलाओं की आंखें भक्ति रस में डूबी नजर आईं। कथा के बीच-बीच में भजन-संकीर्तन और भक्ति संगीत ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जब ‘गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो और राधे-राधे के भजन गूंजे तो पूरा पंडाल भक्तिरस में झूम उठा। श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर, हाथ उठाकर प्रभु नाम का गुणगान किया। कथा उपरांत विधिवत आरती उतारी गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। श्री महाकाली महाकालेश्वर सिद्धपीठ मंदिर के आचार्य पंडित शुभम शास्त्री के सानिध्य में चल रही इस भव्य कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। तीसरे दिन भी महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की भारी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन स्थल श्रद्धा के महासागर में तब्दील हो गया। इस अवसर पर सोमेश्वर राइस प्रा. लि. के सीएमडी रामदास शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत व आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिव्य आयोजन समाज में धर्म, संस्कार और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से 18 जनवरी तक चलने वाली इस कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की। कथा के समापन पर कथाव्यास पूज्य श्री केशव आचार्य जी महाराज ने आयोजन में सहयोग देने वाले गणमान्य नागरिकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया, जिससे पूरे वातावरण में श्रद्धा और सम्मान का भाव और अधिक प्रबल हो गया। इस अवसर पर पंडित शुभम शास्त्री, मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता, संदीप गुप्ता, सचिन गर्ग, प्रवीण बंसल, सुल्तान सोहलो, गौरव गर्ग, उद्योगपति रामदास शर्मा, शीशपाल गुप्ता, मोंटी गुप्ता, विजय सिंगला, शीशपाल शर्मा, शुभम शर्मा, रोहित भारद्वाज, गोबिंद भाटिया, विशाल, रवि शर्मा, दीपक शर्मा, मौलिक भारद्वाज, सुनीता देवी, आरती, संतोष गुप्ता, सरोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
एडीसी योगेश कुमार मेहता की अध्यक्षता में पीएनडीटी की बैठक आयोजित, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
करनाल, 14 जनवरी। अतिरिक्त उपायुक्त योगेश कुमार मेहता ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध को रोकने के लिए केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि समाज की सोच को बदलने की जरूरत है। समाज में बेटियों को बेटों के बराबर सम्मान देने और लिंग आधारित भेदभाव को समाप्त करने के लिए सामाजिक जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
अतिरिक्त उपायुक्त योगेश कुमार मेहता बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण अधिनियम (पीएनडीटी एक्ट) के तहत गठित जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला के सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों का समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए ताकि पीएनडीटी अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जा सके।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को उन गांवों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया जहां लिंगानुपात कम है। उन गांवों में आंगनवाड़ी वर्कर्स, एएनएम व आशा वर्कर द्वारा शॉट फिल्मों व जागरूकता शिविरों के माध्यम से लोगों को जागरूक करें। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों के माध्यम से बच्चों को भी इस विषय पर जागरूक किया जाए ताकि वे बचपन से ही इस बारे में जागरूक रहें और साथ ही अपने परिवार को भी जागरूक करें।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ पूनम चौधरी ने बताया कि गत वर्ष जिला का लिंगानुपात 945 था। उन्होंने बताया कि पीएनडीटी एक्ट के तहत लगातार एमटीपी सेंटरों व अल्ट्रासाउंड सेंटरों का निरीक्षण किया जा रहा है। पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों और नियमों के उल्लंघन करने पर 5 वर्ष तक की सजा एवं 10 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है तथा नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ गुप्त सूचना देने वाले को एक लाख रुपये तक का इनाम देने का भी एक्ट में प्रावधान किया गया है। बैठक में डीएसपी मीना, उप सिविल सर्जन डॉ शीनू चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एडीसी योगेश कुमार मेहता की अध्यक्षता में एचपीवी टीकाकरण से संबंधित बैठक आयोजित, अधिकारियों को व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश
करनाल, 14 जनवरी। अतिरिक्त उपायुक्त योगेश कुमार मेहता ने कहा कि जिला में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए। नौ से 14 वर्ष तक की बच्चियों के माता-पिता को टीके के महत्व के बारे में शिक्षित किया जाए, ताकि सरकार द्वारा जल्द शुरू होने वाले इस टीकाकरण अभियान का लाभ अधिक से अधिक बच्चियों को मिल सके।
अतिरिक्त उपायुक्त योगेश कुमार बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में एचपीवी टीकाकरण की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में विशेष जागरूकता शिविर लगाए जाएं। सभी सरकारी व निजी स्कूलों में पीटीएम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम, एनजीओ, रेडक्रॉस सोसायटी, रोटरी क्लब, भारत विकास परिषद द्वारा अभिभावकों को इस वैक्सीन के फायदों के बारे में विस्तार से बताया जाए।
बैठक में उन्होंने डीडीपीओ को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंचों और पंचों के माध्यम से जागरूकता लाएं। जब टीकाकरण शुरू हो, तो गांवों में मुनादी करवाई जाए ताकि कोई भी पात्र बच्ची छूट न जाए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जमीनी स्तर पर महिलाओं को जागरूक किया जाए। एडीसी ने रेडक्रॉस सोसाइटी और गैर-सरकारी संगठनों से भी इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ पूनम चौधरी, उप सिविल सर्जन डॉ शीनू चौधरी, रेडक्रॉस सचिव कुलबीर मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व रोटरी क्लब, भारत विकास परिषद तथा विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
करनाल, 14 जनवरी। करनाल मण्डल के तीनों जिलों में पुलिस के बेहतर प्रयासों से वर्ष 2024 की अपेक्षा वर्ष 2025 की तुल्नात्मक अवधि मंे अपराधों में काफी कमी आई है। हत्या, लूट, गृह-भेदन, वाहन चोरी, बलात्कार तथा छेड़छाड़ के मामलों में वर्ष 2024 की अपेक्षा वर्ष 2025 मंे काफी कम मामले दर्ज हुए हैं। इसी प्रकार दर्ज मामलों में भी करनाल मण्डल की पुलिस द्वारा मेहनत व बहादुरी का परिचय देते हुए डकैती के मामलों में 87 प्रतिशत तथा लूट के मामलों में 89 प्रतिशत जन संपत्ति बरामद की है। स्थानीय एवं विशेष अधिनियम के अन्तर्गत एन.डी.पी.एस. एक्ट तथा आर्म्स एक्ट में भी वर्ष 2024 की अपेक्षा वर्ष 2025 में बरामदगी का स्तर बेहतर रहा है। एन.डी.पी.एस. एक्ट में वर्ष 2024 के 340 अभियोगों के मुकाबले इस वर्ष 378 अभियोग अंकित हुए हैं जिनमें 669 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
करनाल मण्डल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के दिशा-निर्देशों तथा बेहतर मार्गदर्शन से वर्ष 2025 में विशेष टीमों का गठन करके जिला करनाल के 172 गांव तथा 28 वार्ड, जिला कैथल के 254 गांव व 107 वार्ड एवं जिला पानीपत के 170 गांव तथा 35 वार्ड नशा मुक्त करवाए जा चुके हंै।
इस सम्बंध में करनाल मण्डल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डा. एम. रवि किरण ने बताया कि उनके द्वारा करनाल मण्डल के तीनों जिलों के अधिकारियों/कर्मचारियों को स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए हुए हैं कि वे अपने-2 ऐरियो में समय बदल-बदल कर गश्त व नाकबंदी लगाएं तथा अपराध की रोकथाम के लिए समय रहते निवारक कार्यवाही अमल में लाई जाए। इसी प्रकार दर्ज अभियोगों में भी हर संभव
प्रयास करके आरोपियों को शीघ्र अति शीघ्र गिरफ्तार करके उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए तथा आमजन की चोरीशुदा/लूट की गई संपत्ति को बरामद करवाया जाए। जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे और करनाल मंडल में रहने वाले आमजन शांतिप्रिय माहौल में जीवन व्यतीत कर सकें तथा अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ बना रहे।
प्रगति का लिया जायजा, इसे बताया अहम प्रोजेक्ट
करनाल, 14 जनवरी। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज घरौंडा हलके के गांव अराईपुरा में अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन एनसीसी अकादमी का दौरा किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और भविष्य में कराए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली। उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ यहां भविष्य में नियुक्त किए जाने वाले स्टाफ के बारे में भी चर्चा की।
श्री कल्याण आज निर्माणाधीन एनसीसी अकादमी के दौरे के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एनसीसी अकादमी का प्रोजेक्ट काफी महत्त्वपूर्ण है। यह हलके के लोगों का सौभाग्य है कि इसका निर्माण कार्य गांव अराईपुरा में किया जा रहा है। कोरोना काल में इसके निर्माण की गति जरूर प्रभावित हुई थी लेकिन अब इस पर तेजी से कार्य जारी है। एनसीसी अकादमी को निकट भविष्य में संचालित करने के लिए यथासंभव प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं में अनुशासन और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने में एनसीसी अकादमी की उल्लेखनीय भूमिका रहेगी। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में हर व्यक्ति को योगदान सुनिश्चित करना होगा। हर व्यक्ति जीवन में आगे बढ़ने के लिए परिश्रम करता है। वह परिश्रम राष्ट्र निर्माण में भी काम आना चाहिए। युवाओं को भी परिश्रमी, अनुशासित और संस्कारित बनकर काम करना होगा। सरकार भी इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। श्री कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। हरियाणा में भी व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। प्रदेश में हर क्षेत्र में समान विकास जारी है। घरौंडा हलके में पिछले दस सालों में काफी विकास हुआ है। विकास की मजबूत नींव रखी जा चुकी है। मेडिकल यूनिवर्सिटी, रिंग रोड, एनसीसी अकादमी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम जारी है।
इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार, एसडीएम राजेश सोनी, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, उच्च शिक्षा विभाग से अंजली सिवाच, दीपिका, उच्चतर शिक्षा विभाग से मेजर प्रो.अनीता जून, बसताड़ा कालेज की उप प्राचार्या डॉ. दीपा ढुल, मार्केट कमेटी घरौंडा के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे।
करनाल, 14 जनवरी। जिला नगर योजनाकार ने बताया कि बुधवार को कस्बा करनाल में चार अवैध कालोनियों के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि पहली अवैध कॉलोनी जो कि लगभग 3 एकड़ में जी.टी. रोड पर राहुल हुन्डई के पास स्थित थी जिसमें सीवर नैटवर्क व सभी कच्ची व पक्की सडक़ों के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की गई। दूसरी अवैध कॉलोनी जो कि लगभग 4 एकड़ में नमस्ते चौक के पास स्थित थी जिसमें सभी कच्ची व पक्की सडक़ों, 2 दुकानों व सीवर नैटवर्क के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की गई। तीसरी अवैध कॉलोनी लगभग 6 एकड़ में बजीदा रोड पर सैन्ट्रल वेयरहाउस के सामने स्थित थी जिसमें सभी कच्ची सडक़ों के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की गई। इसी प्रकार चौथी अवैध कॉलोनी लगभग 2.5 एकड़ में सैक्टर-16 में अम्बेडकर भवन के पास स्थित थी जिसमें सभी पक्की सडक़ों, सीवर नैटवर्क व 6 डी.पी.सी. के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान डयूटी मैजिस्ट्रेट व थाना सिटी पुलिस की फोर्स मौजूद रही।
जिला नगर योजनाकार ने बताया कि अवैध निर्माणों के विरूद्ध लगातार तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की जा रही है। अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण करने वाले की लगातार एफ.आई.आर. भी करवाई जा रही है। जिला नगर योजनाकार द्वारा समय-समय पर सभी को सूचित भी किया जा रहा है कि यह कोई भी अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण को बढ़ावा देगा, उसके साथ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए सभी तरह की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे डीलरों के जाल में न फंसे और शहर में बनी वैध कॉलोनियों में प्लाट खरीद कर अपना घर बनाए तथा डीलरों से अपील की कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, हरियाणा, चंडीगढ़ से लाइसेंस लेकर ही कॉलोनी विकसित करें ताकि आम जनता को उसका फायदा मिले।
कॉलेज की समस्याओं के समाधान का आश्वासन
करनाल, 14 जनवरी। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज अराईपुरा स्थिति घरौंडा के सरकारी कॉलेज का दौरा किया और वहां की मूलभूत आवश्यकताओं व समस्याओं की जानकारी ली। इस मौके पर एस के नागिया प्राचार्य ने कॉलेज से संबंधित करीब एक दर्जन मांगों को विधानसभा अध्यक्ष के सम्मुख रखा। श्री कल्याण ने इन मांगों पर उचित कार्यवाही का भरोसा दिया।
श्री कल्याण आज अराईपुरा स्थित घरौंडा के सरकारी कॉलेज का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह इस क्षेत्र का सबसे पुराना कॉलेज है। इसका निर्माण अराईपुरा के बुजुर्गों ने संस्था बनाकर किया था। बाद में सरकार ने इसे अपने हाथों में ले लिया। आज कॉलेज के कुछ विषयों पर चर्चा के मकसद से वे यहां आए हैं। कॉलेज के पुराने भवन को कंडम घोषित कराने, चारदीवारी बनवाने, ग्राउंड, पाइप लाइन बिछवाने आदि विषय सामने आए हैं। प्राचार्य ने कुछ अन्य मांगें भी रखी हैं। इन सभी पर विचार करके उचित कदम उठाए जाएंगे। विद्यार्थियों को भविष्य में और सुविधाएं मिलें ताकि उन्हें शिक्षा ग्रहण करने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए योजना तैयार करके सरकार को भेजी जाएगी। कुछ कामों को स्थानीय स्तर पर पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज जो भी चीजें उनकी संज्ञान में आई हैं, उन पर निश्चित रूप से कार्य किया जाएगा। एक प्रश्न पर कहा कि बेटियों के लिए अच्छा वातावरण बनाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। विकसित राष्ट्र के लिए हर बेटी का भी अपने पैरों पर खड़ा होना जरूरी है। सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार इन विषयों पर ध्यान देते हैं। बेटियों को स्कूल अथवा कॉलेज में जाने के लिए किसी प्रकार की दिक्कत पेश आती है तो उस ओर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने प्राचार्य को यह जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए कि किस गांव से कितनी बेटियां किन साधनों का उपयोग करके कॉलेज पहुंचती हैं। ताकि कहीं कोई परेशानी सामने आने पर उसके समाधान के लिए उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि उनका यह प्रयास है कि क्षेत्र उन्नति करे। हर युवा पैरों पर खड़ा होकर आत्मनिर्भर, संस्कारवान और श्रेष्ठ नागरिक बनकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे।
इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार, एसडीएम राजेश सोनी, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, उच्च शिक्षा विभाग से अंजली सिवाच, दीपिका, उच्चतर शिक्षा विभाग से मेजर प्रो.अनीता जून, बसताड़ा कॉलेज की उप प्राचार्या डॉ. दीपा ढुल, मार्केट कमेटी घरौंडा के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे।
सभी दुकानदारों व स्ट्रीट वैंडरों को नगर निगम की चेतावनी, सफाई रखें अन्यथा नहीं लगने दी जाएगी रेहड़ी।
करनाल 14 जनवरी, नगर निगम करनाल की सफाई शाखा की टीम द्वारा बुधवार को एक विशेष अभियान चलाकर कर्ण पार्क के बाहर लगी रेहडिय़ों को हटाया गया है। इन वैंडर्स को गंदगी फैलाने बारे बार-बार चेतावनी दी गई थी, परंतु उन द्वारा इस पर अमल नहीं किया गया। नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
बता दें कि मंगलवार सांय के समय निगमायुक्त द्वारा कर्ण पार्क का दौरा कर साफ-सफाई का जायजा लिया गया था। इस दौरान देखने में आया था कि कर्ण पार्क के बाहर लग रही रेहडिय़ों द्वारा भी पार्क के अंदर गंदगी फैलाई जा रही है। फास्ट-फूड इत्यादि गंदगी के कारण चूहे आने से जगह-जगह गढ्ढïे हो जाते हैं, जिससे पार्क की शोभा खराब होती है।
निगमायुक्त ने बताया कि पहले भी कर्ण पार्क के बाहर लग रही रेहडिय़ों को साफ-सफाई न रखने के चलते हटाया गया था। उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीम शहर विशेष मार्केट क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर नियमित दौरा करती है। इस दौरान दुकान या स्ट्रीट वैंडर के आगे गंदगी मिलने पर चालान भी किया जाता है।
उन्होंने सभी स्ट्रीट वैंडरों को चेतावनी देते कहा कि वह अपने आस-पास सफाई व्यवस्था बनाकर रखें। अगर कहीं भी गंदगी पाई जाती है, तो वहां रेहडिय़ों को लगने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से भी साफ-सफाई रखने की बात कही। दुकान के आगे गंदगी पाए जाने पर उनका चालान किया जाएगा।
कार्रवाई करने गई टीम में सफाई निरीक्षक संदीप कुमार, स्वच्छ भारत मिशन टीम तथा सहायक कर्मचारी मौजूद रहे।







