Karnal News: करनाल जिले की 13 जनवरी 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
Karnal News: करनाल जिले की 13 जनवरी 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Karnal News: करनाल जिले की 13 जनवरी 2026 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
नगरपालिका तरावड़ी के वार्ड नंबर आठ में होने वाले उपचुनाव के लिए एसडीएम अशोक कुमार रिवाइजिंग अथॉरिटी नियुक्त: उपायुक्त
करनाल, 13 जनवरी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों की अनुपालना में नगर पालिका तरावड़ी के वार्ड नंबर 08 में होने वाले उपचुनाव के लिए मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिहीन तरीके से तैयार करने के लिए नीलोखेड़ी के एसडीएम अशोक कुमार को रिवाइंजिग अथॉरिटी नियुक्त किया है।
उपायुक्त ने संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची के अपडेशन कार्य में सहयोग करें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है या विवरण में कोई त्रुटि है, तो वे निर्धारित समय सीमा के भीतर रिवाइजिंग अथॉरिटी के समक्ष अपना पक्ष रख सकते हैं।
स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित युवा-स्वदेशी के संकल्प संग आगे बढ़े भारत :राकेश भाटिया
करनाल, 13 जनवरी। बाबू मूलचंद जैन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में गत दिवस स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा युवा जागरूकता एवं स्वदेशी रैली निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने देशभक्ति और मोटिवेशनल नारों के साथ नागरिकों को स्वदेशी अपनाने और युवा शक्ति के महत्व के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राकेश भाटिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। स्वामी विवेकानंद जी ने युवाओं को आत्मविश्वास, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया था। हमें उनके आदर्शों को जीवन में उतारकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि संस्थान में 12 से 16 जनवरी तक यूथ वीक के रूप में विभिन्न गतिविधियां विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार आयोजित की जाएगी, जिनमें निबंध लेखन, भाषण, पोस्टर मेकिंग एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ शामिल रहेंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और देशभक्ति की भावना का विकास करना है।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच की ओर से सुरेंद्र गोयल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल वस्त्र या वस्तुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देशप्रेम और आत्मनिर्भरता की सोच है। जब हम स्वदेशी को अपनाते हैं तो हम अपने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं और राष्ट्र की सेवा करते हैं।
इस अवसर पर कृष्ण कुमार पावा,भूषण गोयल, वर्ग अनुदेशक महेंद्र सिंह, श्याम पाल, दिनेश, अनुदेशक हर्ष गिरधर, योगेश कुमार, सुशील, उपस्थित रहे।

हरियाणा मातृशक्ति उद्यमिता योजना के तहत 5 लाख तक का कर्ज: उपायुक्त
करनाल, 13 जनवरी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक व सामाजिक स्थिति में सुधार लाने के लिए हरियाणा मातृशक्ति उद्यमिता योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत बैंक के माध्यम से पांच लाख रुपए तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में हरियाणा मातृशक्ति उद्यमिता योजना शुरू की है। इस योजना का लाभ महिलाओं को केवल तभी प्रदान किया जाएगा जब उनकी पारिवारिक आय 5 लाख या फिर इससे कम हो, साथ ही महिला की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह पूर्व के किसी ऋण मामले में बकायादार (डिफॉल्टर) नहीं होनी चाहिए। महिला का हरियाणा का निवासी होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से महिलाओं को 5 लाख तक का ऋण 7 प्रतिशत ब्याज दर की छूट पर उपलब्ध कराया जाता है। इस ऋण के माध्यम से महिलायें स्वरोजगार स्थापित करके दूसरे लोगों को भी रोजगार प्रदान कर सकेंगी।
उन्होंने बताया कि महिलाएं इस योजना के तहत ऋण लेकर यातायात वाहन के तहत ऑटो रिक्शा, छोटा सामान ढोने के वाहन, थ्री व्हीलर, ई रिक्शा, टैक्सी, सामाजिक व व्यक्तिगत सेवा गतिविधियों के तहत सैलून, ब्यूटी पार्लर, टेलरिंग, बुटीक, फोटोस्टेट की दुकान, पापड़ बनाना, अचार बनाना, हलवाई की दुकान, फूड स्टॉल, आइसक्रीम बनाने की यूनिट, बिस्कुट बनाना, टिफिन सर्विस, मिट्टी के बर्तन आदि बनाने का काम शुरु कर सकती हैं। योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित दस्तावेज आवेदन के साथ जमा कराने होंगे। इन दस्तावेजों में आवेदन पत्र के साथ परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार फोटो, परियोजना रिपोर्ट, ट्रेनिंग प्रमाण पत्र/अनुभव प्रमाण पत्र आदि शामिल है। सभी दस्तावेजों की दो-दो फोटो प्रति होनी जरूरी है।
डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन आमंत्रित: उपायुक्त
करनाल, 13 जनवरी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अल्पसंख्यक (सेवा) विभाग हरियाणा द्वारा संचालित डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति संशोधित योजना वर्ष 2025-26 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। छात्र-छात्राएं इस योजना का लाभ उठाने के लिए 31 जनवरी 2026 तक पोर्टल https://saralharyana.gov.in/ पर आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बढ़ती प्रतिस्पर्धा के युग में अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, विमुक्त घुमंतु, टपरीवास श्रेणी एवं अन्य वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को अधिक से अधिक आर्थिक सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से यह योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं को उनकी श्रेणी, कक्षा तथा प्राप्तांक के आधार पर आठ हजार रुपये से 12 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निर्धारित मानदंडों के अनुसार अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में शहरी क्षेत्रों में 70 प्रतिशत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये, 12वीं कक्षा में क्रमश: 75 प्रतिशत एवं 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये से 10 हजार रुपये तक तथा स्नातक स्तर पर 65 प्रतिशत (शहरी) और 60 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर नौ हजार रुपये से 12 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसी प्रकार, पिछड़ा वर्ग (ए) के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में 70 प्रतिशत (शहरी) एवं 60 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये, पिछड़ा वर्ग (बी) के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में 80 प्रतिशत (शहरी) एवं 75 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये तथा सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 10वीं कक्षा में 80 प्रतिशत (शहरी) एवं 75 प्रतिशत (ग्रामीण) अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए छात्र-छात्राओं द्वारा पास की गई कक्षा की अंकतालिका, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा का स्थायी निवास प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, वर्तमान कक्षा का आईडी कार्ड एवं अभिभावक की वार्षिक आय 4 लाख रुपये से कम का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना जरूरी है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
करनाल के सेक्टर-32 में खोला गया वृद्धाश्रम,इच्छुक वरिष्ठ नागरिक समाज कल्याण विभाग कार्यालय में करे संपर्क
करनाल, 13 जनवरी। जिला समाज कल्याण अधिकारी जापान हुड्डा ने बताया कि हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा करनाल के सेक्टर-32 में वृद्धाश्रम खोला गया है। इस वृद्धाश्रम का उद्देश्य उन वरिष्ठ नागरिकों को सहारा और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है, जिन्हें रहने और देखभाल की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक वरिष्ठ नागरिक इस वृद्धाश्रम में रहने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदक हरियाणा राज्य का स्थाई निवासी होना चाहिए। जिसकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी अनिवार्य है। इसके साथ ही उनकी परिवार पहचान पत्र में वार्षिक पारिवारिक आय 1,80,000 रुपये से कम होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि जो भी इच्छुक वरिष्ठ नागरिक इन शर्तों को पूरा करते हैं, वे इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं। कार्यालय में आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता शिविर आयोजित
करनाल, 13 जनवरी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार शारदा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा कैम्पेन बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डा. इरम हसन ने बताया कि 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दिसंबर 2025 से मार्च 2026 तक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में आज लीगल एड डिफेंस काउंसल अस्सिटेंट गीत पुनानी ने विद्यार्थियों व स्टाफ को कैम्पेन की जानकारी देते हुए बाल विवाह जैसी कुरीति में भाग न लेने व बाल विवाह जैसे मामले की रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा डाटालिडस रजत नारंग द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों व स्टाफ को ‘कैम्पेन जागरूक जाओ’ बारे जानकारी दी गर्ई। उन्होंने बताया कि जिला ए.डी.आर. सैंटर में स्थापित जागरूक जाओ केंद्र पर संपर्क करके कोई भी व्यक्ति प्रवास संबधित जानकारी प्राप्त कर सकता है।
किसान 15 जनवरी तक विभागीय पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर करे आवेदन
उत्कृष्ट नस्लों वाले पशुओं के पशुपालकों को राज्य सरकार द्वारा दिया जाएगा इनाम
करनाल, 13 जनवरी। सघन पशुधन विकास परियोजना के उप निदेशक ने बताया कि पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा के माध्यम से 6 से 8 फरवरी तक तीन दिवसीय 41वीं राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी का आयोजन कुरुक्षेत्र डेवलपमेंट बोर्ड, मेला ग्राउंड, कुरुक्षेत्र में किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में पशुओं की 53 उत्कृष्ट नस्लों को प्रदर्शित किया जायेगा। उत्कृष्ट नस्लों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुओं के पशुपालकों को राज्य सरकार द्वारा इनाम दिया जायेगा और सांत्वना पुरस्कार भी दिया जायेगा। इसके साथ ही पशु प्रदर्शनी में पशुओं की भागीदारी हेतु पशुपालकों को विभाग द्वारा किराया दिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के अवलोकन हेतु पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा द्वारा जिले से प्रतिदिन 10-10 बसों का संचालन नि:शुल्क किया जायेगा। जिला के सभी पशुपालक पशु प्रदर्शनी में उत्कृष्ट नस्ल के पशुओं की भागीदारी के लिए अपने नजदीकी राजकीय पशु चिकित्सालय / औषधालय में सम्पर्क कर सकते हैं। सभी पशुपालकों एवं आमजन पशु प्रदर्शनी में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें।
उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में कब्जाधारी 16 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। पात्र व्यक्तियों द्वारा उस भूमि की वर्ष 2004 के कलेक्टर रेट के 1.5 गुणा कीमत अदा करने की शर्त पर आवेदन पत्र के साथ जमाबंदी, खसरा गिरदावरी, मकान का साईट प्लान, फोटो और 20 साल के कब्जे से सम्बन्धित प्रमाण पत्र सलंग्न करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि कब्जा की गई भूमि (निर्मित क्षेत्र व खुला क्षेत्र को मिलाकर) 500 वर्ग गज से ज्यादा नहीं होना चाहिए। साथ ही खुला क्षेत्र निर्मित क्षेत्र के 25 प्रतिशत से अधिक नहीं होना चाहिए। ऐसा कोई भी कब्जा व अवैध निर्माण जिसके कारण यातायात एवं अन्य सार्वजनिक उपयोगिताओं में बाधा न उत्पन्न करता हो तथा वह भूमि तालाब या किसी अन्य जल निकाय के लिए आरक्षित भी ना हो और राजस्व अभिलेख में राजस्व मार्ग के रूप में दर्ज नहीं होनी चाहिए। ऐसे आवेदक 16 जनवरी तक आवेदन कर सकते है।
स्वस्थ रहने के लिए 12 फरवरी तक प्रतिदिन करें सूर्य नमस्कार अभ्यास – डॉ0 सतपाल
करनाल, 13 जनवरी। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ0 सतपाल ने बताया कि आयुष विभाग हरियाणा के महानिदेशक संजीव वर्मा के आदेशानुसार तथा हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार सूर्य नमस्कार अभियान 2026 के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 12 जनवरी से 12 फरवरी तक करनाल में कार्यरत सभी योग सहायकों, योग इंस्ट्रक्टर्स तथा सहयोगी संस्थाओं द्वारा जिला में सूर्य नमस्कार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को 207 स्थानों पर 5200 प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया गया ।
योग विशेषज्ञ तथा हरियाणा योग आयोग करनाल के नोडल अधिकारी डॉ अमित पुंज ने बताया कि जेल अधीक्षक जिला कारागार लखबीर सिंह बराड़ की अध्यक्षता में तथा डीएसपी सुरेंद्र सिंह, डीएसपी अजय कुमार व डीएसपी धर्मचंद की देखरख में जिला कारागार में 12 जनवरी से 12 फरवरी तक आयुष विभाग करनाल द्वारा विशेष सूर्य नमस्कार अभियान का योग शिविर लगाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जिला कारागार करनाल में 280 महिला व पुरुष कैदियों ने सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया ।
डॉ अमित ने बताया कि सूर्य नमस्कार अभियान 2026 हरियाणा सरकार द्वारा जनमानस के स्वास्थ्य के लिए एक बहुत अच्छा अभियान है। सर्दी में स्वस्थ रहने के लिए सूर्य नमस्कार करना सबसे सर्वोत्तम व सुगम उपाय है। इस अभियान में सूर्य नमस्कार के साथ-साथ सर्दी के मौसम में बचाव, ऋतु चर्या, दिनचर्या, आहार चर्या, पथ्य अपथ्य तथा सर्दी के मौसम में प्रयोग होने वाले आहार विहार जैसे बाजरा, गुड, तिल, अदरक, तुलसी आदि सेवन करने के बारे में बताया जा रहा है। इसके अलावा रसोई में उपयोग होने वाले द्रव्यों के गुणों के बारे में तथा उनके औषधीय गुणों की जानकारी दी जा रही है। गेहूं के आटे में चने का आटा, बाजरा, इत्यादि मिला कर रोटी बनाना, गाजर, मूली, खीरा, टमाटर की सलाद का ज्यादा प्रयोग, खून बढ़ाने के लिए काला चना, गाजर, गुड़, पालक चकुंदर, इत्यादि के प्रयोग बताए, सर्दी में सब्जियों का सूप अवश्य पीना चाहिए।
इस दौरान डॉ अमित द्वारा सूप को बनाने का तरीका समझाया गया जिससे कि उसमें पोषक तत्व नष्ट ना हो तथा स्वाद में भी अच्छा लगे इसके लिए हमें सर्दी में उपलब्ध विभिन्न सब्जियां जैसे चुकंदर, मटर, गाजर, गोभी, बींस, मटर, शलगम, मशरूम, मूली, कद्दू, पालक इत्यादि के बारिक टुकड़े कर लेने चाहिए तथा पानी को उबालने के लिए रख देना है पानी में उबाल आने पर गैस को सिम कर दें तथा कटी एवं धुली हुई सब्जियों को पानी में डाल दें अब केवल 3 मिनट तक सब्जियों को ढक कर धीमी आंच पर पकने दें उसके बाद में सूप को कटोरी में डालकर स्वादानुसार सेंधा या काला नमक, काली मिर्च, देसी घी, मलाई, उबले हुए काले चने, पनीर के टुकड़े इत्यादि डालकर ले सकते हैं यह सेहत के लिए बहुत ही पौष्टिक और उत्तम आहार है। शिशिर ऋतु में ठंड से बचाव, आहार विहार, सूर्य नमस्कार तथा हल्के व्यायाम के लिए जनमानस को प्रेरित किया जा रहा है।
आयुष विभाग की जिला कार्यक्रम संयोजक पूजा ने बताया कि इस अभियान में जिला करनाल में योग क्षेत्र में कार्य कर रही विभिन्न संस्थाएं आयुष विभाग के साथ मिलकर संयुक्त तत्वाधान में सूर्य नमस्कार अभियान को आगे बढ़ा रही हैं जिसमें पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, मेरा मिशन स्वस्थ भारत, भारतीय योग संस्थान, हमारा मिशन स्वस्थ भारत आदि संस्थाएं बढ़-चढक़र कार्य कर रही हैं।
करनाल, 13 जनवरी। करनाल मंडल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डा.एम.रवि किरण की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक करनाल नरेन्द्र बिजारणिया, पुलिस अधीक्षक कैथल उपासना व पुलिस अधीक्षक पानीपत भूपेंद्र सिंह द्वारा नारकोटिक्स विनष्टीकरण की कार्यवाही की गई।
मण्डल करनाल के जिला करनाल, कैथल व पानीपत में अवैध मादक पदार्थो के संबंधित पंजीकृत अभियोगों से संबंधित माल के निस्तारण के लिए माननीय न्यायालय द्वारा निर्गत आदेश के अनुपालन में गठित कमेटी द्वारा मादक पदार्थो, स्वापक औषधियों, मन प्रभावी पदार्थो और नियंत्रित पदार्थो के निस्तारण की कार्यवाही के क्रम में मंगलवार को जिला करनाल के कुल 257 अभियोगों में कुल प्रतिबंधित मादक पदार्थ 54.420 कि.ग्रा. 980 मि.ग्रा.( जिसमें चुरापोस्त 41.544 कि.ग्रा., गांजा 11.182 कि.ग्रा., चरस 524 ग्रा., सुलफा 324.400 ग्रा., स्मैक 322.580 ग्रा., कैप्सूल 1352, गोलियां 1028, अफीम पौधे 826 ग्रा., व भांग 20 ग्रा.), जिला कैथल के कुल 66 अभियोगों मेंकुल प्रतिबंधित मादक पदार्थ 1058.511 कि.ग्रा. 849 मि.ग्रा. (चुरापोस्त 231.268 कि.ग्रा., डोडा पोस्त 774.206 कि.ग्रा., गांजा पत्ति 49.312 कि.ग्रा., चरस 3.660 कि.ग्रा. 300 मि.ग्रा., हिरोईन 65 ग्रा. 549 मि.ग्रा., गोलियां 58462, खाली स्ट्रीप 500, इंजैक्शन 160) व जिला पानीपत के कुल 31 अभियोगोंमेंकुल प्रतिबंधित मादक पदार्थ 294.107 कि.ग्रा. 004 मि.ग्रा. (गांजा 23.065 कि.ग्रा., चरस 1.296 कि.ग्रा., हिरोईन 40 ग्रा., स्मैक/हिरोईन 21.4 ग्रा., चुरापोस्त 269.685 कि.ग्रा.) का विनष्टीकरण मानक के अनुसार जिला करनाल के क्षेत्रांतर्गत स्थित बायोमैडिकल वेस्ट डिस्पोजल एजेंसी, गाँव बजीदा जटान में इन्सिनेटर के माध्यम से नष्ट कराया गया है
समाजसेवी पवन जैन, अनिल जावा, सतीश जांगडा, ओम प्रजापत, ईश्वर गुप्ता ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के निर्देशानुसार बैठक का आयोजन किया गया है ताकि शहर की स्वच्छता और ज्यादा बेहतरी के लिए योजना तैयार की जाए.
नगरपालिका चेयरमैन हैप्पी गुप्ता, मार्केट कमेटी चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, सुरेंद्र जैन व रोहित भंडारी ने बताया कि 18 जनवरी प्रात 11 बजे अग्रवाल भवन में होने वाले प्रबुद्धजन सम्मेलन को लेकर शहर वासियों में भारी उत्साह है क्योंकि समाज में आपसी तालमेल बढ़ाने और शहर को ओर बेहतर बनाने के लिये इस तरह के प्रयास इससे पहले कभी नहीं हुए लेकिन विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की सोच के मुताबिक इस तरह के सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा जिसमें शहर के प्रबुद्धजनों से विचार विमर्श उपरांत योजना बनाई जाएगी ताकि सर्व समाज की सहभागिता से शहर का विकास हो सके!
बैठक में स्पीकर हरविंद्र कल्याण के प्रतिनिधि संजय खैची, पार्षद अमित गुप्ता, सोमनाथ प्रजापत, जयभगवान, सजीव पाल, ओंकार शर्मा, बलविंदर, अनुज गुप्ता, अश्विन राणा, जोगिंदर गुप्ता, मदन ईशपुनियानी, सुरेंद्र सैनि, नरेंद्र प्रतापत आदि उपस्थित रहे.
कथा के दूसरे दिन भगवान की लीलाओं को सुनकर भावुक हुई महिलाएं, हरे कृष्ण, राधे-राधे के जयकारों से गूंजा माहौल
करनाल, 13 जनवरी। समाज की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना के लिए गांव काछवा में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गया। वृंदावन धाम से पधारे कथाव्यास पूज्य श्री केशव आचार्य जी महाराज के भावपूर्ण प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा स्थल पर उपस्थित महिलाएं भगवान की लीलाओं को सुनकर भावुक होती दिखीं और भजनों पर श्रद्धा भाव से झूम उठीं। काछवा रोड स्थित सोमेश्वर राइस प्रा. लि. परिसर में श्री महाकाली महाकालेश्वर सिद्धपीठ मंदिर के आचार्य पंडित शुभम शास्त्री के सानिध्य में चल रही इस भव्य कथा में दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा के दौरान पूरा पंडाल हरे कृष्ण, राधे-राधे और जय श्री कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। कथाव्यास पूज्य केशव आचार्य जी महाराज ने अपने प्रवचनों में राजा परीक्षित जन्म, सृष्टि क्रम वर्णन तथा कपिल अवतार का अत्यंत भावपूर्ण एवं सरल शब्दों में वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर सोमेश्वर राइस प्रा. लि. के सीएमडी रामदास शर्मा ने आए हुए सभी श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिव्य कथा 18 जनवरी तक प्रतिदिन चलेगी और सभी धर्मप्रेमी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ प्राप्त करें। कथा के दौरान भक्ति संगीत व भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी श्रद्धा में लीन दिखाई दिए। पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। इस अवसर पर उद्योगपति रामदास शर्मा, नरेश बंसल, शीशपाल शर्मा, शुभम शर्मा, अनाज मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता, रणजीत भारद्वाज, सतीश कक्कड़, रोहित भारद्वाज, नगर खेड़ा कमेटी प्रधान अतर सिंह, बिट्टू भाटिया, गोबिंद भाटिया, विशाल, रवि शर्मा, रिंकू शर्मा, अश्वनी शर्मा, दीपक शर्मा, मौलिक भारद्वाज, सुनीता देवी, आरती, संतोष गुप्ता, सरोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







