PM MODI IN VARANASI: पीएम मोदी आज वाराणसी दौरे पर, 13,000 करोड़ की दी सौगात

PM Modi in Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आप सभी इतनी बड़ी संख्या में आए हैं, हमें आशीर्वाद दे रहे हैं ये दृश्य हमें गदगद कर देता है। आप लोगों के परिश्रम से आज काशी को नित्य नूतन बनाने का अभियान लगातार जारी है। आज भी यहां 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। ये प्रोजेक्ट्स काशी के साथ-साथ पूर्वांचल के, पूर्वी भारत के विकास को गति देंगे।

 

पीएम मोदी ने कहा कि कल रात मैं सड़के के रास्ते बाबतपुर से BLW गेस्ट हाउस आया हूं। कुछ महाने पहले जब मैं बनारस आया था तो फुलवरिया फ्लाईओवर का लोकार्पण करके गया था। बनारस में ये फ्लाइओवर कितना बड़ा वरदान बना है ये साफ दिखाई देता है। पहले अगर किसी को BLW से बाबतपुर जाना होता था तो लगभग 2-3 घंटे पहले घर से निकल जाते थे। जितना समय फ्लाइट से दिल्ली जाने में नहीं लगता था उससे ज्यादा फ्लाइट पकड़ने में लग जाता था। एक फ्लाइओवर ने ये समय आधा कर दिया।

 

 

बीते 10 साल में बनारस के विकास की स्पीड भी कई गुना बढ़ी है- पीएम मोदी

 

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि बीते 10 साल में बनारस के विकास की स्पीड भी कई गुना बढ़ी है। यहां आने से पहले मैं बनास डेयरी प्लांट में गया था। वहां मेरी अनेक पशुपालक बहनों से बातचीत भी हुई है। किसान परिवारों की इन बहनों को 2-3 साल पहले हमने स्वदेशी नस्ल की गीर गाय दी थीं। मकसद ये था कि पूर्वांचल में बेहतर नस्ल की स्वदेशी गायों को लेकर जानकारी और बढ़े, किसान-पशुपालकों को फायदा हो।

 

 

गीर गायों की संख्या 350 के करीब तक पहुंच चुकी है- पीएम मोदी

 

पीएम मोदी ने कहा कि आज यहां गीर गायों की संख्या 350 के करीब तक पहुंच चुकी है। संवाद के दौरान बहनों ने मुझे ये भी बताया कि पहले जहां सामान्य गाय से 5 लीटर दूध मिलता था, अब गीर गाय 15 लीटर तक दूध देती है। एक गाय तो 20 लीटर तक दूध देती है। इससे इन बहनों को हर महीने हजारों रुपये की अतिरिक्त कमाई हो रही है। इसके कारण हमारी ये बहनें लखपति दीदी भी बन रही हैं।

Exit mobile version