Anil Vij on Bihar Elections:”तेजस्वी यादव ने मान लिया कि बिहार में एनडीए की सरकार बन रही है — अनिल विज
Anil Vij on Bihar Elections:"तेजस्वी यादव ने मान लिया कि बिहार में एनडीए की सरकार बन रही है — अनिल विज

Anil Vij on Bihar Elections:”तेजस्वी यादव ने मान लिया कि बिहार में एनडीए की सरकार बन रही है — अनिल विज
कांग्रेस का सिद्धांत है — जितने बड़े भ्रष्टाचार के आरोप, उतना बड़ा पद- अनिल विज
राव नरेंद्र पर चार्जशीट दायर होने के बावजूद कांग्रेस ने बनाया प्रदेश अध्यक्ष- विज
कुछ शर्तों के साथ हरियाणा में महिलाएं भी अब रात की शिफ्ट में काम कर सकेंगी – विज*
अम्बाला का डोमेस्टिक एयरपोर्ट तैयार, प्रधानमंत्री के आगामी दौरे में उद्घाटन की संभावना- विज
चंडीगढ़, 25 अक्टूबर – हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन के नेता तेजस्वी यादव द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “तेजस्वी यादव के बयान से साफ है कि उन्होंने यह स्वीकार कर लिया है कि बिहार में एनडीए की सरकार बन रही है। मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह हमारा आंतरिक मामला है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि एनडीए सरकार बनने पर नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे। विज ने व्यंग्य करते हुए कहा कि “अब तेजस्वी यादव को घर जाकर इस पर विचार करना चाहिए।”
श्री विज आज मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे।
कांग्रेस में भ्रष्टाचारियों को बड़ा पद देना परंपरा बन चुकी है- विज

नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र पर भ्रष्टाचार के आरोप तय होने और चार्जशीट दाखिल होने के मुद्दे पर अनिल विज ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “कांग्रेस का पैमाना हमेशा यही रहा है कि जिस पर जितने बड़े भ्रष्टाचार के आरोप हों, उसे उतना बड़ा पद दिया जाता है।” विज ने कहा कि राहुल गांधी पर भी आरोप हैं और उन्हें पार्टी का सर्वोच्च पद मिला हुआ है। इसी तरह, भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी आरोप हैं और वे विपक्ष के नेता बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि “राव नरेंद्र पर भी भ्रष्टाचार के आरोप तय हुए हैं, और कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बना दिया — यही कांग्रेस की कार्यशैली है।” विज ने याद दिलाया कि हुड्डा सरकार के समय वे उस शासन को “सीएलयू की सरकार” कहा करते थे, क्योंकि “तब केवल सीएलयू ही बेचे और बांटे जाते थे।”
हरियाणा में महिलाएं भी अब रात्रि शिफ्ट में कर सकेंगी काम- विज
दिल्ली सरकार द्वारा महिलाओं को दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रात के समय काम करने की अनुमति देने पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि हरियाणा में भी ऐसा प्रावधान पहले से किया गया है। उन्होंने बताया कि “महिलाएं अब रात की शिफ्ट में काम कर सकती हैं, बशर्ते कुछ सुरक्षा शर्तें पूरी की जाएं — जैसे कम से कम चार महिलाएं एक साथ हों, कार्यस्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हों और अन्य सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित हों।”
अम्बाला डोमेस्टिक एयरपोर्ट तैयार, उद्घाटन जल्द संभव
अनिल विज ने बताया कि अम्बाला छावनी में डोमेस्टिक एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि “हमें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आगामी कुरुक्षेत्र दौरे के दौरान इसका उद्घाटन भी किया जाएगा।”







