Hansi Hisar News: हांसी और हिसार की 25 सितंबर 2025 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
Hansi Hisar News: हांसी और हिसार की 25 सितंबर 2025 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Hansi Hisar News: हांसी और हिसार की 25 सितंबर 2025 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में
महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य को समर्पित है दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना : कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा
जिला स्तरीय कार्यक्रम में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के ऐप का किया शुभारंभ
हिसार, 25 सितंबर।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में वीरवार को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के ऐप शुभारंभ अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने मुख्य अतिथि और नलवा विधायक रणधीर सिंह पनिहार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वर्चुअल माध्यम से किया गया। जिले के सभी उपमंडलों में भी लाडो लक्ष्मी योजना के शुभारंभ पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना हरियाणा सरकार का माताओं, बहनों और बेटियों के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। हिसार से भी लगभग 1 लाख 25 हजार पात्र महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा। सरकार इस योजना के माध्यम से न केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच भी विकसित कर रही है। कैबिनेट मंत्री गंगवा ने बताया कि योजना ऐप लॉन्च होने से यह योजना पारदर्शी और सरल बनेगी तथा हर परिवार तक बिना किसी बिचौलिये के लाभ सीधे पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं, लाडो लक्ष्मी योजना भविष्य की गारंटी बनेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने के लिए महिला स्वयं सहायता समूह और मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना जैसे कार्यक्रम चल रहे हैं। गरीब परिवारों को आयुष्मान भारत योजना और परिवार पहचान पत्र से सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य है सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास। बेटियों को सुरक्षित और शिक्षित बनाकर ही समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।
नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना समाज की सोच बदलने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि बेटियों को पढ़ाना ही परिवार और समाज की प्रगति का मार्ग है। बेटियां परिवार और समाज की असली शक्ति हैं और अब सरकार ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ठोस पहल की है। विधायक ने लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी बेटियों को पढ़ाई-लिखाई में आगे बढ़ाएं और सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जब बेटियां प्रगति करेंगी तो परिवार और समाज दोनों खुशहाल होंगे। कार्यक्रम के दौरान सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा सरकार की योजनाओं बारे भी उपस्थित जन को अवगत करवाया।

इन स्वास्थ्य केंद्रों का हुआ उद्घाटन
इस अवसर पर लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने हांसी तथा बरवाला में ब्लॉक हेल्थ सेंटर व बोबुआ तथा रावलवास कलां के सब हेल्थ सेंटर का भी लोकार्पण किया। जिला स्तरीय लाडो लक्ष्मी योजना के शुभारंभ अवसर पर एचएयू के आईजी ऑडिटोरियम में महिलाओं की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर भी लगाए गए थे। शिविर के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने शिविर के दौरान निक्षय मित्र योजना के तहत लाभार्थियों को किट वितरित की। जिला स्तरीय कार्यक्रम में लाडो लक्ष्मी योजना की पात्र लाभार्थियों के मौके पर ही पंजीकरण किए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्घा, पूर्व मंत्री अनूप धानक, हिसार जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, कोषाध्यक्ष अशोक मित्तल, हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला कल्याण अधिकारी दीपिका सारसर, हिसार द्वितीय खंड समिति चेयरमैन अजय गावड़, जिला पार्षद ओपी मालिया, राजकुमार इंदौरा, रामदेव आर्य, कृष्ण सरसाना सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एक मुश्त समाधान योजना के तहत बकाया कर, ब्याज व जुर्माने की दी जा रही है छूट, योजना के लाभ के लिए अंतिम तिथि 27 सितंबर तक
हिसार, 25 सितंबर।
हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की गई एक मुश्त समाधान योजना के तहत 1 लाख रुपए तक के बकाया कर, ब्याज व जुर्माने की पूर्ण रूप से माफ किया जा रहा है। इसी प्रकार से 1 लाख से 10 लाख रुपए तक के बकाया कर में से ब्याज और जुर्माने की पूर्ण माफी के साथ-साथ 1 लाख रुपए तक की कर छूट तथा शेष कर की 40 प्रतिशत अदायगी का प्रावधान किया गया है। 10 लाख से 10 करोड़ रुपए के बकाया कर में ब्याज व जुर्माने की पूर्ण माफी के साथ-साथ 1 लाख रुपए की कर छूट तथा शेष कर की 50 प्रतिशत की अदायगी का प्रावधान किया गया है। 10 करोड़ से अधिक की बकाया कर राशि में ब्याज व जुर्माने की पूर्ण माफी के उपरांत पूरा कर अदा करना पड़ेगा।
बिक्री कर की उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त तरूणा लांबा ने बताया कि योजना के लाभ के लिए अंतिम तिथि 27 सितंबर निर्धारित की गई है। उन्होंने बकायादारों से आह्वान किया कि वे 27 सितंबर तक योजना का लाभ उठाएं। इसके उपरांत बकाया कर, ब्याज व जुर्माने की पूरी अदायगी करनी होगी। किसी भी सहायता के लिए 27 सितंबर तक प्रतिदिन सायं 7 बजे तक कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त तरूणा लांबा ने कहा कि एक मुश्त समाधान योजना को हरियाणा सरकार ने 1 अप्रैल, 2025 से लागू किया था। यह योजना पिछली सभी योजनाओं से लाभदायक है।
आज दिनाकं 25.09.2025 को राजकीय आईटीआई, तोशाम रोड हिसार में प्रार्थना सभा में मेधावी छात्र-छात्राओं को टूल किट वितरण का आयोजन किया गया l इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रेम किरण ने बताया कि पिछले वर्ष के नोटिफाई तकनीकी व्यवसाय के छात्र-छात्राओं ने अपने व्यवसाय में अच्छे अंक लेकर आईटीआई का नाम रोशन किया है उन छात्र-छात्राओं को विभाग द्वारा टूल किट का वितरण किया गयाl प्रधानाचार्य ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं ने पिछले वर्ष अपने व्यवसाय में अच्छे नंबर लेकर के मेधावी रैंक में रहे हैं उन छात्रों को विभाग ने नोटिफाई किया और उनको प्रोत्साहित करने के लिए किट वितरण की l इस तरह के आयोजन से इस वर्ष दाखिल हुए छात्र-छात्राओं में भी उनके सामान अच्छे अंक लेकर आने की प्रेरणा मिलेगी और आने वाले वर्ष की परीक्षा में अच्छे अंक लेकर वे छात्र-छात्राएं भी मेधावी छात्र-छात्राओं की श्रेणी मे शामिल होने की होड़ लगेगी l इसी कड़ी में संस्थान में सफाई अभियान, करियर कॉन्सलिंग, जैसे कार्यक्रम भी आयोजित करवाए गएl इस अवसर कार्यक्रम की संचालिका नोडल अधिकारी ऋतु अरोरा वर्ग अनुदेशिका, ललित कुमार वर्ग अनुदेशक,दीपक कटारिया वर्ग अनुदेशक, राजेश वर्ग अनुदेशक सुधीर वर्ग अनुदेशक, रमन, अनूप, दिनेश,परमिंदर ने कार्यक्रमों को बड़ी सफलतापूर्वक संपन्न किया जिसके लिए सभी स्टाफ मेंबर्स सहित छात्र-छात्राएं धन्यवाद की पात्र है l
समाधान शिविर में उपायुक्त अनीश यादव ने सुनी समस्याएं
हिसार, 25 सितंबर।
लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में वीरवार को उपायुक्त अनीश यादव की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर उन्होंने आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने और शिकायतों का निवारण तय समय में करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि किसी भी मामले में ढिलाई न बरती जाए और पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
समाधान शिविर में सैनियान मोहल्ला निवासी सुमित कुमार व वेदप्रकाश की गली के निर्माण में अनियमितता बरतने तथा शास्त्री नगर के निवासियों द्वारा गली में लोगों द्वारा गंदगी फैलाने की शिकायत पर उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर जांच कर आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। गांव पुट्टी समैण निवासी संदीप द्वारा फर्जी तरीके से जमीन हड़पने बारे शिकायत रखी, जिस पर उपायुक्त ने नारनौंद एसडीएम को मामले की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। एक अन्य शिकायत में सेक्टर 9-11 निवासी सुभाष चंद्र द्वारा जल आपूर्ति हेतु बुस्टिंग स्टेशन के निर्माण की मांग समाधान शिविर में रखीं जिस पर उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं ऑटो मार्केट में दुकानों के सामने किए गए अवैध कब्जे, विराट नगर निवासी द्वारा गली में सीवरेज लिकेज की शिकायत पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों पर आगामी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
समाधान शिविर में नगराधीश हरिराम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिसार, 25 सितंबर।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला) में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
यह जानकारी देते हुए संस्थान के प्रवक्ता ने बताया कि सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और जागरूकता संबंधी गतिविधियां संस्थान में आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में वीरवार को संस्थान में छात्राओं और स्टाफ ने मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। तत्पश्चात छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें भविष्य की संभावनाओं और रोजगार के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया गया।
उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में 5 मेधावी छात्राओं को टूल किट वितरित की गई। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल छात्राओं को प्रेरित करते हैं बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ाते हैं। सेवा पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और स्वच्छता की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्राओं में सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होती है।
हिसार, 25 सितंबर।
संस्थान की प्राचार्य प्रेम किरण ने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हिसार में वीरवार को प्रार्थना सभा के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को टूल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष के नोटिफाई तकनीकी व्यवसाय के छात्र-छात्राओं ने अपने व्यवसाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर आईटीआई का नाम रोशन किया है। इन मेधावी छात्रों को विभाग द्वारा प्रोत्साहित करने के लिए टूल किट वितरित की गई। प्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नए छात्रों को भी अपने व्यवसाय में अच्छे अंक लाने की प्रेरणा देंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्ष की परीक्षा में नए छात्र-छात्राएं भी मेधावी श्रेणी में शामिल होने की दिशा में प्रेरित होंगे। इस दौरान संस्थान में सफाई अभियान, करियर काउंसलिंग और अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी रितु अरोड़ा, वर्ग अनुदेशक ललित कुमार, दीपक कटारिया, राजेश, सुधीर, राजपाल, रमन, अनूप, दिनेश, परमिंदर सहित सभी स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे
चोरी के सामान की रोकथाम को लेकर हांसी पुलिस ने चलाया विशेष चैकिंग अभियान
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के दिशा-निर्देशानुसार पुलिस जिला हांसी के सभी थाना प्रबन्धको व चौकी प्रभारियों ने आज दिनांक 25 सिंतबर 2025 को अपने-अपने क्षेत्र में कबाड़ियों के विरुद्ध विशेष चैकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान क्षेत्र में स्थित कबाड़ की दुकानों पर गहनता से निरीक्षण किया गया।
उन्होने ने कबाड़ व्यापारियों को सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी हालात में चोरी का सामान न खरीदें। सभी दुकानों पर लगे CCTV कैमरों लगाने के लिए कहा, और जहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे थे उनकी जांच कि गई जो सही स्थिति में पाए गए।
उन्होने कबाड़ व्यापारियों को निर्देश दिए गए कि:-
• कोई भी व्यक्ति कबाड़ का सामान बेचने आए तो उसकी पहचान व मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज करें।
• यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध लगे अथवा चोरी का सामान लेकर आता हो तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना/चौकी या पुलिस कन्ट्रोल रुम 883089302 पर दें।
• दुकानों में रजिस्टर को सही तरीके से अपडेट रखा जाए और हर एंट्री में व्यक्ति का पूरा नाम, पता और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से लिखा जाए।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को रोकना तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। हांसी पुलिस आगे भी इस प्रकार की चैकिंग नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक हांसी ने मेडिकल स्टोर संचालकों के साथ बैठक कर नशीली दवाइयों की बिक्री पर दी सख्त हिदायतें
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के दिशा-निर्देशानुसार, आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस जिला हांसी के समस्त मेडिकल स्टोर संचालकों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री पर रोक लगाना तथा साइबर अपराधों को लेकर जागरूकता फैलाना था।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने मेडिकल संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी कि वे किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित या नशीली दवाइयों की बिक्री न करें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन जहां मादक पदार्थ तस्करों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है, वहीं अब मेडिकल स्टोर्स की भी गहन निगरानी की जाएगी। यदि कोई संचालक नशे के व्यापार में संलिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि संज्ञान में आया है कि कुछ मेडिकल स्टोर अन्य व्यक्तियों के नाम पर रजिस्ट्रेशन करवा कर संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे मामलों की जांच की जाएगी और जिन स्टोर्स में अनियमितताएं पाई जाएंगी, उनका रजिस्ट्रेशन रद्द करवाकर संबंधित संचालकों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, डॉक्टर की अधिकृत पर्ची के बिना दवाइयों की बिक्री पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पुलिस टीमें गांवों एवं शहरों में भ्रमण कर मेडिकल स्टोर का सर्वे करेंगी और संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच की जाएगी।
जनता से अपील
पुलिस अधीक्षक महोदय ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने गांव-शहर में स्थित मेडिकल स्टोर पर नजर रखें। यदि किसी भी मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बिक्री हो रही हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके और समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन ने किया थाना बास व पुलिस चौकी सोरखी का औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
आज पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा. पु.से. ने थाना बास व पुलिस चौकी सोरखी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना के रिकॉर्ड, मालखाना, आपराधिक रिकॉर्ड के निरीक्षण के साथ साइबर डेस्क व महिला डेस्क की जांच की। उन्होंने थाना के मुंशी कक्ष और शस्त्रागार में रखे असलहे की जांच की। कंप्यूटर रूम के साथ वायरलेस कक्ष की भी व्यवस्था देखी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना प्रबंधक को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि थाना में आने वाली शिकायतों का इंद्राज कर उन पर कार्रवाई सुनिश्चित करे। सभी अपनी ड्यूटी जिम्मेवारी से निभाए। पुलिस थाना में आने वाले शिकायतकर्ता से सहयोग और सम्मान पूर्वक व्यवहार कर उनकी बातों को ध्यान से सुन, शिकायत का समयावधि में निदान करे। अदालत से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन करने व अन्य मामले में शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करे। अपराध नियंत्रण के लिए थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त के फेरो में बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना में अंकित अभियोगो की स्थिति के बारे में बारी बारी पड़ताल की। थाने में लंबित अभियोगो के निष्पादन को लेकर अनुसंधानकर्ताओं को निर्देशित करते कहा कि सभी लंबित अभियोगो का समय सीमा के अंदर निदान करे और अनुसंधानकर्ता के साथ थाना प्रबंधक भी घटना स्थल पर जाए। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उच्च अधिकारियों के साथ संपर्क कर मदद ले। साथ ही महोदय ने थाना प्रबंधक को थाने का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, थाना परिसर में साफ सफाई रखने के निर्देश दिए और पुलिस कब्जे में लिए गए वाहनों के मामलों का जल्द से जल्द निपटारा करने के निर्देश दे कहा कि थाना में कोई भी कार्य लंबित नही रहना चाहिए। सभी कार्य समय अवधि में पूरे किए जाए।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने जवानों के रहन-सहन व मैस आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए व कहा कि थाना मैस में सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने सभी पुलिस कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी निष्ठापूर्वक करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने नारनौंद से बास तक भव्य बाइक रैली का किया आयोजन
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के कुशल नेतृत्व एवं प्रेरणा से उप पुलिस अधीक्षक नारनौंद श्री देवेन्द्र नैन, एसएचओ नारनौंद सब-इंस्पेक्टर बलवान के मार्गदर्शन में आज नारनौंद से बास तक एक भव्य बाइक रैली का सफल आयोजन किया गया।
इस रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात अनुशासन, सड़क सुरक्षा, सामाजिक एकता और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करना रहा। बाइक रैली में पुलिस अधिकारियों ने स्वयं हेलमेट पहनकर आम जनता के सामने अनुशासन और अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
रैली के दौरान स्थानीय नागरिकों व युवाओं को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि-
“यातायात नियमों का पालन केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है।
“तेज गति, लापरवाही और नशे में वाहन चलाना दुर्घटनाओं को न्योता देता है। सुरक्षित ड्राइविंग ही परिवार और समाज के प्रति सबसे बड़ा दायित्व है।
“सड़क पर अनुशासन और समाज में एकता, दोनों मिलकर ही देश की प्रगति को गति देते हैं।”
रैली के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया तथा इस अभियान का समर्थन करते हुए ‘सड़क सुरक्षा- जीवन रक्षा’ का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
उप पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र नैन ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है और पुलिस हमेशा समाज को सुरक्षित बनाने के लिए तत्पर है। वहीं एसएचओ बलवान व इंस्पेक्टर मन्दीप ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं तो नियमों का पालन करें ही, साथ ही अपने परिजनों व मित्रों को भी जागरूक करें।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यातायात सुरक्षा के साथ-साथ आपसी भाईचारा और एकता ही समाज की असली ताकत है और इस तरह के आयोजन से समाज में सकारात्मक संदेश फैलता है।
19 ग्राम 49 मिलीग्राम हेरोइन के असल सप्लायर को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के दिशा निर्देशानुसार जिला भर में अपराधों पर लगाम लगाते हुए सीआईए स्टाफ नारनौंद पुलिस ने 19 ग्राम 49 मिलीग्राम हेरोइन के असल सप्लायर संदीप पुत्र रामफल निवासी खरकड़ा जिला रोहतक को गिरफ्तार किया गया है।
सीआईए स्टाफ नारनौंद में तैनात एसआई जोगेन्द्र ने बताया कि आरोपी ने गत दिनों पहले रमेश पुरी उर्फ बाबा पुत्र महन्त मछन्दर पुरी निवासी गौकरण धाम गोहाना डेरा बाबा लक्ष्मण पुरी दयाल सिंह कॉलोनी हांसी को 19 ग्राम 49 मिलीग्राम हेरोइन सप्लाई की थी। आरोपी के खिलाफ थाना शहर हांसी में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग अंकित हुआ था। सीआईए स्टाफ नारनौंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कल गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कल न्यायालय में पेश करके न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया।
एसएचओ नारनौंद ने आयोजित करवाई कबड्डी प्रतियोगिता
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धनभा.पु.से. के दिशा-निर्देशानुसार नशा मुक्ति अभियान के तहत एसएचओ थाना नारनौंद सब इंस्पेक्टर बलवान सिंह ने खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए नारनौंद में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करवाया।
थाना प्रबन्धक नारनौंद सब इंस्पेक्टर बलवान सिंह ने बताया कि युवाओं को नशे से दुर रखने व खेलो के प्रति प्रेरित करने के लिए नारनौंद के राजकीय माडल संस्कृति सीनियर सैकेडंरी स्कूल में कब्बड्डी प्रतियोगिता करवाया। इस प्रतियोगिता में कुल 4 टीमों ने भाग लिया। सभी मैचों में सभी खिलाड़ियों ने बखुभी दमखम दिखाया। सभी मुकाबले कड़े टक्कर केरहें। फाइनल मैच में नारनौंद की टीम व माजरा की टीम के बीच बड़े कांटे का मुकाबला हुआ। जिसमें नारनौंद की टीम ने फाइनल मैच में नारनौंद बी टीम को 21-20 से हराकर कर जीत हासिल की। विजेता टीम को पुलिस की तरफ से आकर्षक इनाम देकर सम्मानित किया और सभी खिलाड़ी को रिफ्रेशमेंट करवाया गया।
उन्होने ने प्रतियोगिता के दौरान ग्रामीणों, युवाओं और खिलाड़ियों को नशे के खिलाफ और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करते हुए यातायात नियमों की जानकारी दी। नाबालिग बच्चों को बालिग होने तक वाहन नहीं चलाने बारे बताया। नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए नशे से दूर रहने तथा गांव और आस-पास नशे से सम्बंधित सामान बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने बारे प्रोत्साहित किया। सभी युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूक रहने और नशा न करने व अपने आस पास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ ली।
डीएसपी हांसी श्री विनोद शंकर ने गांव ढढेंरी के राजकीय स्कूल के विद्यार्थियों को किया, साइबर क्राइम व नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के निर्देशानुसार आज डीएसपी हांसी श्री विनोद शंकर व एसएचओ सदर हांसी सब इंस्पेक्टर सुमेर ने गांव ढढेंरी के राजकीय स्कूल में पहुंचकर विद्यार्थियों एवं स्टाफ को साइबर क्राइम, नशे के दुष्परिणामों व ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया।
उप पुलिस अधीक्षक महोदय ने विधार्थियों को जागरुक करते हुए कहा कि साइबर ठगों द्वारा ठगी का नया पैंतरा सामने आया है। साइबर ठग कुछ रकम आपके खाते में भेजते हैं। मैसेज आने के व्यक्ति तुरंत अपना बैलेंस चैक करने के लिए अपना यूपीआई अकाउंट खोलता है। पैसे के साथ उस ठग द्वारा पैसे ट्रांसफर की रिक्वेस्ट भी भेज रखी होगी। बैलेंस चैक करने के लिए जैसे ही व्यक्ति अपना पिन डालता है। पिन डालते ही पैमेंट रिक्वेस्ट अपने आप स्वीकृत हो जाएगी और उसके खाते से पेमेंट हो जायेगी। इस स्कैम से बचने के लिए खाते में अनजान नंबर से पेमेंट आने पर कम से कम आधे घंटे तक बैलेंस चैक ना करें या बैलेंस चैक करने के लिए पहली बार गलत पिन डालें। गलत पिन डालने से आई हुई पैमेंट रिक्वेस्ट कैंसिल हो जायेगी। साइबर ठगी से बचने के लिए सावधान रहना जरुरी है। किसी भी प्रकार की वित्तीय या ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर राष्ट्रीय हैल्पलाईन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। इसके अलावा अपनी शिकायत साइबर क्राइम थाना या आपके संबंधित थाने में स्थापित साइबर हैल्प डेस्क पर दें सकते हैं।
उन्होंने ने जागरुक करते हुए कहा कि यदि हम सुरक्षित रहना चाहते हैं तो हमे ट्रैफिक नियमों की पालना भी करनी होगी। हम सब यातायात नियमों की पालना करते हुए खुद को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों को भी सुरक्षित रख सकते है। वाहन चलाते समय नियमो का पालन कर सड़क दुर्घटना से बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नशे के विरुद्ध मुहिम चलाई गई हैं और सभी चाहते है कि हमारा राज्य हरियाणा नशे से मुक्त हो। उन्होंने कहा कि नशा समाज को खोखला कर रहा है। हम सब की ये नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि हम सब नशे से दूर रहे और दूसरो को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करे। आप सब भी सचेत रहे। पुलिस नशा करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनका इलाज भी करवा रही है।
लेन चेंज ड्राईविंग के नियमों की उल्लघंना करने वाले वाहन चालको के खिलाफ पुलिस जिला हांसी ने वर्ष 2025 में सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर 5783 वाहनो के 43 लाख 91 हजार 500 रुपए के किए चालान ।
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के दिशा-निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने व हादसो से बचाने हेतु लेन चेंज ड्राईविंग के नियमों की उल्लघंना करने वाले वाहन चालको के खिलाफ पुलिस जिला हांसी द्वारा नैशनल हाईवे नम्बर-9 पर 5783 वाहनो के 43 लाख 91 हजार 500 रुपए के चालान किए गए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, वाहनों के सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस जिला हांसी द्वारा नैशनल हाईवे नम्बर-9 पर लेन चेंज ड्राईविंग (बॉई लेन) के नियमों की उल्लघंना करने वाले वाहन चालको के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को आदेश देते हुऐ कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात के नियमों की पालना दृढता से करवाई जाए। मोटर वाहन अधिनियम-2017 के तहत बाँई लेन में ना चलकर नियमों की उल्लघना करने पर वर्ष 2025 में अबतक नैशनल हाईवे नम्बर-9 पर कुल 5783 वाहनो के 43 लाख 91 हजार 500 रुपए के चालान चालान किए गए।
वाहन चालकों को यातायात नियमों के बारे में जागरुक भी किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस हांसी द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। अलग-अलग स्थानों पर पुलिसकर्मी आमजन के बीच रहकर यातायात नियमों की जानकारी दे रहें हैं। बस स्टैंड, आटो स्टैंड, ट्रक युनियन व शैक्षणिक सस्थानों में जाकर भी यातायात के नियमों के बारे में आमजन को जागरुक किया जा रहा है। फिर भी अगर कोई वाहन चालक यातायात के नियमों की उल्लंघना करता है तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है। इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
चोरी की स्कूटी सहित आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. के दिशा-निर्देशानुसार जिला भर में चोरी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए थाना शहर हांसी पुलिस ने चोरी की स्कूटी सहित आरोपी अनिल पुत्र राजा निवासी रोहनात को गिरफ्तार किया गया है।
थाना शहर हांसी में तैनात एएसआई शिव कुमार ने बताया कि आरोपी ने दिनांक 09.09.2025 को गर्ग हास्पिटल हांसी के बाहार से स्कूटी चोरी की थी। आरोपी के खिलाफ थाना शहर हांसी में अभियोग अंकित हुआ था। थाना शहर हांसी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कल गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से स्कूटी को बरामद कर कब्जा पुलिस में लिया गया है। आरोपी को बाद कानूनी कार्रवाई पुलिस बेल पर रिहा किया।
“उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ को पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने लगाए स्टार, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएँ”
हांसी पुलिस अधीक्षक श्री अमित यशवर्धन भा.पु.से. ने प्रशिक्षण अवधि पूर्ण कर पदोन्नत हुए उप पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ को कंधों पर स्टार लगाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कर्तव्यनिष्ठा और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्टार लगने के साथ ही जिम्मेदारियाँ भी और अधिक बढ़ जाती हैं, जिन्हें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभाना ही एक सच्चे पुलिस अधिकारी की पहचान होती है।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान श्री सिद्धार्थ ने एसएचओ सदर हांसी के रूप में भी अपनी सेवाएँ दीं और जनता से बेहतर तालमेल बनाते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सराहनीय योगदान किया। उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों का निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों को समय-समय पर दिशा-निर्देश दिए तथा आमजन के बीच पहुंचकर समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान की कोशिश की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने आशा व्यक्त की कि उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ भविष्य में भी अपनी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और समर्पण भाव से पुलिस विभाग का नाम रोशन करते रहेंगे।







