HARYANAHOME

Haryana News: कांग्रेस की घोषणाएं ‘डस्टबिन’ में जाती थीं, बीजेपी निभा रही हर वायदा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Haryana News: कांग्रेस की घोषणाएं ‘डस्टबिन’ में जाती थीं, बीजेपी निभा रही हर वायदा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Haryana News: नई दिल्ली 31 मार्च- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में की गई घोषणाएं ‘डस्टबिन’ में चली जाती थी। लेकिन इसके विपरीत, वर्ष 2014 से अब तक बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने हर संकल्प को पूरा करने की दिशा में ठोस कार्य किए है। वर्तमान सरकार घोषणाओं तक सीमित नहीं,बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को भिवानी के तोशाम में आयोजित उन्नत सिंचाई उत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल और स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन भी अर्पित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ड्रिप इरिगेशन पर सिंचाई विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम को सांसद चौधरी श्री धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी भी मौजूद थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गांव सांगवान निवासी पर्वतारोही श्री प्रवीण को सम्मानित भी किया

मुख्यमंत्री ने रैली में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि तोशाम की यह धरती परिश्रम, त्याग और खेती-किसानी की समृद्ध परंपरा की साक्षी रही है। उन्होंने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी बंसी लाल और स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह को याद करते हुए हरियाणा के लिए किये गये कार्यो का जिक्र भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हरियाणा के बनने के समय ही विकास की नई इबारत लिखी थी। वे तोशाम-लोहारू के बालू रेत के टीलों पर लहलहाती फसल देखना चाहते थे। अपने इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने पांच दशक पहले, उस समय विश्व स्तर का लिफ्ट इरिगेशन कैनाल सिस्टम तैयार किया था। इसके परिणामस्वरूप, इस रेतीले क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई के लिए पहली बार नहरी पानी पहुंचा और लोगों की किस्मत बदली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने जो हमें लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर दिया है, वह हमारे लिए गर्व का विषय होने के साथ एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है। यह जनादेश हमें यह याद दिलाता है कि हमें और अधिक समर्पण के साथ काम करना है और हर उस वादे को पूरा करना है, जो हमने आपसे किया है। हम जो कहते हैं, उसे करते भी हैं। इसका प्रमाण यह है कि हमने पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 में से 60 वायदों को डेढ साल में ही पूरा कर दिखाया है। यही नहीं, 157 वायदों पर काम प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नॉनस्टॉप डबल इंजन सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को जमीन पर उतारकर दिखाया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने हर क्षेत्र और हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं बनाई हैं और उन्हें पारदर्शिता के साथ लागू किया है। भिवानी क्षेत्र के विकास में भी किसी भी तरह की कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। तोशाम हलके में किए गए काम काज का ब्यौरा भी मुख्यमंत्री ने इस बीच जनता के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तोशाम हलके के विकास को गति देने के लिए वर्तमान सरकार के साढ़े 11 वर्षों के कार्यकाल में 283 सीएम अनाउंसमेंट हुई। इनमें से 258 का काम पूरा हो चुका है तथा शेष पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि आज अगर हरियाणा विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, तो इसके पीछे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का दूरदर्शी मार्गदर्शन है। ‘विकसित भारत 2047’ का जो संकल्प प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देशवासियों के सामने रखा है, वह केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है। यह ऐसा संकल्प है, जिसमें देश का हर नागरिक भागीदार है। हम सब मिलकर ‘विकसित हरियाणा’ के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ‘राष्ट्र प्रथम’ की नीति पर चलते हुए हर संकट में भारतीयों के साथ खड़ी है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर जनता को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे बात कोराना काल की हो या फिर अफगानिगस्तान से भारतीयों को सकुशल वापिस लाने का कार्य जब भी वैश्विक संकट आया पीएम मोदी हमेशा जनता के साथ रहे। लेकिन मुझे दु:ख होता है कि विपक्षी पार्टी के लोग वैश्विक संकट के समय में झूठी बयानबाजी करके अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं।

पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं:

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्षी गलत बयानबाजी करके जनता में भ्रम पैदा करना चाहते हैं। हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के 4,032 पेट्रोल पंपों और रसोई गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी कुछ दिन पहले बैठक ली है। उन्होंने जनता को आश्वासत करते हुए कहा कि किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने देंगे। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सदस्यों को सहयोग देना चाहिए, कोई गलत बयानबाजी नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर सरकार ने कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं और FIR भी दर्ज की हैं। गैस पाइपलाइन विस्तार के लिए सरकार ने लीज रेंट को 3 लाख से घटाकर मात्र 1 हजार रुपये कर दिया है, जिससे 13 लाख से अधिक घरों को PNG कनेक्शन देने का लक्ष्य तेजी से पूरा होगा। सरकार आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

तोशाम आईएमटी के लिए पोर्टल खुलेगा:

मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि तोशाम में सरकार ने आईएमटी बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए उन्होंने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि ई—भूमि पोर्टल को अगले एक सप्ताह में खोल दिया जाएगा। किसान इस पोर्टल पर जमीन पंजीकृत करवाये। किसी किसान पर दबाव नहीं होगा, लेकिन सरकार किसानों को उचित मूल्य देगी।

कांग्रेसी जाकर देखकर आएं, क्या किया उन्होंने:

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल में भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास और हर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। लेकिन कांग्रेस के लोग केवल और केवल दुष्प्रचार करते है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग कांग्रेस शासित प्रदेशों में जाकर देख कर आएं कि उन्होंने घोषणाओं में जो कहां था, वो लागू किया भी या नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी ने जो संकल्प पत्र में बात कहीं थी, उन्हें लागू करने का काम किया है। बहनों-बेटियों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ शुरू की गई। इसके तहत 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। अब तक 9 लाख 56 हजार बहन-बेटियों को 834 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। बजट में भी इसका विशेष प्रावधान किया गया है।

कांग्रेस को फसल खरीद की चिंता नहीं करनी चाहिए:

बारदाना खरीद व्यवस्था को लेकर विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खरीद से संबंधित सभी व्यवस्थाएं और जिम्मेदारी राज्य सरकार की है तथा इसे पूरी पारदर्शिता के साथ निभाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल भ्रामक प्रचार करने में जुटा। कांग्रेस को फसल खरीद को लेकर चिंता नहीं करनी चाहिए क्योंकि हरियाणा सरकार खरीद और किसानों के कल्याण का ध्यान रख रही है। किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 64 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। इस समय रबी फसलों की खरीद का सीजन चल रहा है। सरकार ने इसके दाने-दाने की खरीद के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। 28 मार्च से सरसों की खरीद शुरू कर दी है। 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद भी शुरू हो जाएगी।

हरियाणा को एक सप्ताह में मिल जायेंगे 2500 नये पटवारी:

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी किसान के बेटे है, उन्होंने खुद खेती-किसानी की है। उन्हें पता है कि किसान को प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। इनसे फसले खराब हो जाती हैं। गत 11 सालों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16 हजार 160 करोड़ रुपये की राशि दी है। उन्होंने कहा कि किसानों के सामने आने वाली समस्याओं के हल के लिए 2500 पटवारियों की ट्रेनिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, अगले एक सप्ताह में हरियाणा के अलग अलग क्षेत्रों में इनकी तैनाती हो जाएगी।

उन्होंने कहा किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिलवाने एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति के उ‌द्देश्य से प्रदेश में ‘हरियाणा एग्री डिस्कॉम’ के नाम से एक तीसरी बिजली वितरण कंपनी बनाने की बजट में अहम घोषणा की है। इससे किसानों को काफी फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इसी प्रकार सेम की समस्या से निजात के लिए भी सरकार ने खास योजनाएं बनाई है। इस बजट में प्रदेश में 1 लाख 40 हजार एकड़ लवणीय व नमकीन भूमि को खेती योग्य बनाए जाने का निर्णय भी लिया है।

पारदर्शी भर्ती से भिवानी के 25 हजार युवाओं को मिला रोजगार:

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पारदर्शी और मेरिट आधारित प्रक्रिया के माध्यम से बिना पर्ची खर्ची के युवाओं को नौकरियां दी है। उन्होंने कहा किया कि राज्य सरकार ने भिवानी जिले में ही 25 हजार युवाओं को रोजगार दिया गया है। साथ ही, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा से सवाल किया कि वे अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में दी गई नौकरियों का आंकड़ा सार्वजनिक करें।

इलाके के लोगों ने मेहनत के बल पर बंजर भूमि को बनाया उपजाऊ: श्रुति चौधरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि आज से 21 वर्ष पहले उनके पिता चौधरी सुरेंद्र सिंह ने सबसे पहले भूमि रिकॉर्ड को कम्प्यूटरीकृत करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसीलाल ने इस इलाके में लिफ्ट इरिगेशन और ड्रिप इरिगेशन की शुरूआत कर किसानों को बड़ा लाभ देने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस इलाके के लोगों ने अपनी मेहनत के बल पर बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने का काम किया। उन्होंने उपस्थित किसानों से आग्रह किया कि वे खेती में नई तकनीकों का इस्तेमाल करे। इससे धन और समय दोनों की बचत होगी और फसल उत्पादन अच्छा होगा।

विकास मलिक

विकास मलिक 18 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। विकास मलिक ने इंडिया न्यूज, इंडिया न्यूज़ हरियाणा, साधना न्यूज, एमएचवन न्यूज, खबरें अभी तक, न्यूज नेशन, लीविंग इंडिया न्यूज़ समेत कई बड़े चैनल्स में काम किया है। विकास मलिक अभी जिओ हॉटस्टार में हरियाणावी कमेंट्री में बतौर प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं और साथ में अपनी खुद की वेबसाइट चला रहे है। इनकी कंटेंट से लेकर खेल और राजनीति के साथ हरियाणा पर गहरी पकड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button