
Haryana News: हरियाणा में GST भ्रष्टाचार का भंडाफोड़, व्यापारियों में भय का माहौल—सख्त कार्रवाई की मांग: डॉ. सुशील गुप्ता
“हरियाणा में भ्रष्टाचार का जाल, GST अधिकारी और लोकल गुंडों की सांठगांठ से व्यापारी त्रस्त: डॉ. सुशील गुप्ता”
अरविंद केजरीवाल ने व्यापारियों को हमेशा सरकार का साझेदार समझा, हरियाणा सरकार व्यापारियों को कम से कम चोर तो न समझे: सुशील गुप्ता
भ्रष्ट तंत्र से त्रस्त व्यापारी हरियाणा छोड़ने को मजबूर—सुशील गुप्ता
चण्डीगढ़:हरियाणा में जींद से सामने आए हालिया मामले, जिसमें केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा वस्तु एवं सेवा कर विभाग (GST) के अधिकारियों सहित कई लोगों की गिरफ्तारी की गई है, ने एक बार फिर प्रदेश के व्यापारिक माहौल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस संदर्भ में आम आदमी पार्टी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना न केवल भ्रष्टाचार की जड़ें उजागर करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि किस प्रकार कुछ अधिकारी लोकल गुण्डों के साथ मिलकर व्यापारियों को प्रताड़ित कर अवैध वसूली का माध्यम बना रहे हैं।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा:
“हरियाणा के व्यापारी पहले ही आर्थिक दबाव और जटिल कर व्यवस्था से जूझ रहे हैं। ऐसे में यदि सरकारी अधिकारी ही उन्हें डराकर, धमकाकर रिश्वत मांगेंगे, तो यह पूरी व्यवस्था पर सवालिया निशान है। यह बेहद चिंताजनक और अस्वीकार्य है।” व्यापारी भाईयों के लिए इस प्रकार की डरावनी स्थिति से हरियाणा प्रदेश के अन्दर व्यापारिक माहौल फलीभूत नहीं होगा जिससे प्रदेश के राजस्व को भी भारी नुकसान हो रहा है। हरियाणा के कुछ व्यापारियों से उन्होंने बात भी की जिन्होंने बताया कि हरियाणा के प्रत्येक जिले में GST के कुछ भ्रष्ट अधिकारी वहां के लोकल गुण्डों के साथ मिलकर अवैध वसूली के अवैध आफिस खोले हुए है। जिससे वहाँ के व्यापारियों में लगातार भय का माहौल बना रहता है इससे व्यापारी खुलकर व्यापार नहीं कर पाता है। इस भयानक माहौल के कारण अनेक व्यापारी हरियाणा छोड़कर अपना व्यापार दूसरी जगह शिफ्ट करने को मजबूर है।

सुशील गुप्ता ने आगे कहा कि भ्रष्ट GST अधिकारी व्यापारियों की दुकानों, फैक्ट्रियों एवं कम्पनियों में जाकर अवैध वसूली करते हैं। पूरे प्रदेश में हर-रोज बदमाशों द्वारा व्यापारियों से फिरौती मांगने और धमकियां देना आम बात हो गई है और हरियाणा की भाजपा सरकार व्यापारियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए कोई ठोस प्रावधान नही कर रही है।
उन्होंने मांग की कि:
इस पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो।
इसमें शामिल सभी दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
व्यापारियों को इस प्रकार की अवैध वसूली और उत्पीड़न से बचाने के लिए ठोस नीति बनाई जाए।
GST प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए विशेष तंत्र स्थापित किया जाए।
सुशील गुप्ता ने सैनी सरकार से गम्भीर सवाल करते हुए कहा कि हरियाणा में अलग-अलग गैंग बंदूक की नोक पर फिरौती वसूली का धंधा खुलकर कर रहे हैं उनके ख़िलाफ़ लोग पुलिस के पास जाते हैं, परंतु अब सरकारी अधिकारी ही जीएसटी से डराकर व्यापारियों से फिरौती वसूलने लगे तो व्यापारी किसके पास जाए!
डॉ. गुप्ता ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा व्यापारियों के हितों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव संघर्ष जारी रखेगी।
अंत में उन्होंने हरियाणा सरकार से अपील की कि वह इस मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापारियों में विश्वास बहाल करे और यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों



