
Haryana News: आहार इंटरनेशनल फूड एंड हॉस्पिटैलिटी फेयर-2026 में हरियाणा की मजबूत भागीदारी
भारत मंडपम में लगे हरियाणा पवेलियन में एमएसएमई, हैफेड और वीटा के उत्पादों का प्रदर्शन, उद्यमियों को मिल रहे नए व्यापारिक अवसर
नई दिल्ली, 13 मार्च। भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा नई दिल्ली के भारत मंडपम में 10 से 14 मार्च, 2026 तक आयोजित 40वें आहार इंटरनेशनल फूड एंड हॉस्पिटैलिटी फेयर-2026 में हरियाणा राज्य भी सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। यह आयोजन खाद्य एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) मेला है, जिसमें देश-विदेश की अग्रणी कंपनियां अपने उत्पाद और तकनीक प्रदर्शित कर रही हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ प्रबंधक अनिल चौधरी ने बताया कि इस वर्ष मेले में लगभग 1800 प्रदर्शक भाग ले रहे हैं, जिनमें 17 देशों के 155 अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक शामिल हैं। आहार-2026 में इटली को पार्टनर कंट्री बनाया गया है। प्रदर्शनी में खाद्य एवं पेय पदार्थ, फूड प्रोसेसिंग तकनीक, हॉस्पिटैलिटी एवं किचन उपकरण, सजावट समाधान तथा अन्य संबंधित क्षेत्रों के उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के दिशा निर्देश और मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी व प्रशासक श्री विनय प्रताप सिंह के मार्ग दर्शन पर हरियाणा की ओर से ट्रेड फेयर अथॉरिटी ऑफ हरियाणा के माध्यम से मेले में भागीदारी की गई है। भारत मंडपम में हरियाणा पवेलियन के लिए 195 वर्ग मीटर क्षेत्र आरक्षित किया गया है, जहां 14 स्टॉल स्थापित किए गए हैं। इन स्टॉलों को खाद्य एवं फूड प्रोसेसिंग से जुड़े हरियाणा के एमएसएमई और उद्योगों को उनके उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है।
वरिष्ठ प्रबंधक अनिल चौधरी ने बताया कि इसके अलावा हरियाणा के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन संघ लिमिटेड (हैफेड) तथा हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ (वीटा) ने भी अपने स्टॉल स्थापित किए हैं, जहां विभिन्न योजनाओं, पहलों और उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग हरियाणा की योजनाओं और उपलब्धियों को भी पवेलियन में प्रदर्शित किया गया है।
वरिष्ठ प्रबंधक अनिल चौधरी ने बताया कि मेले में बड़ी संख्या में व्यापारिक आगंतुक, खरीदार और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि पहुंच रहे हैं। इससे हरियाणा के उद्यमियों और एमएसएमई इकाइयों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पादों को बढ़ावा देने तथा नए व्यापारिक अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण मंच मिल रहा है।



