
National Scholarship Portal: हिसार, 13 फरवरी। उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर पंजीकरण करवाना सुनिश्चित किया जाए।
शुक्रवार को आयोजित एक बैठक में उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र विद्यार्थी को जानकारी के अभाव या प्रक्रिया में लापरवाही के कारण छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी एवं शिक्षण संस्थान अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि स्कूलों व कॉलेजों में विशेष अभियान चलाकर पात्र विद्यार्थियों की सूची तैयार की जाए और समय रहते उनका ऑनलाइन पंजीकरण पूर्ण कराया जाए। यह कार्य 28 फरवरी तक पूर्ण कर लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए समय सीमा से पूर्व अपना पंजीकरण अवश्य करवा लें तथा किसी भी प्रकार की सहायता के लिए संबंधित शिक्षण संस्थान या विभागीय कार्यालय से संपर्क करें।







