
Gold Silver Share Market update: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते प्रभाव ने ग्लोबल शेयर बाजारों में हलचल मचा दी है। अमेरिका से शुरू हुआ असर अब एशियाई बाजारों और भारतीय शेयर बाजार तक साफ नजर आ रहा है। शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार गिरावट देखने को मिली, जिसकी सबसे बड़ी वजह IT सेक्टर में भारी बिकवाली रही।
सुबह 10:45 बजे तक सेंसेक्स 739.44 अंक यानी 0.89% टूटकर 82,932.25 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, जबकि निफ्टी 241.45 अंक या 0.94% गिरकर 25,598.10 पर आ गया। बीएसई के टॉप-30 शेयरों में से 27 शेयर लाल निशान में रहे।
IT शेयरों में 6% तक की गिरावट
AI को लेकर बढ़ती चिंता का सबसे ज्यादा असर IT कंपनियों पर पड़ा है। निवेशकों को डर है कि नई AI कंपनियां कम लागत और कम समय में वही काम कर सकती हैं, जो परंपरागत IT कंपनियां करती रही हैं। इसी आशंका के चलते TCS, Infosys, Tech Mahindra और Wipro जैसे दिग्गज IT शेयरों में 6 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी करीब 1.40% टूटे।

अमेरिकी बाजार में भी भारी बिकवाली
गुरुवार देर रात अमेरिकी शेयर बाजारों में भी तेज गिरावट देखने को मिली। डॉऊ जोंस 669.42 अंक या 1.34% टूटकर 49,451.98 पर बंद हुआ। टेक शेयरों के दबाव में नैसडैक 469.32 अंक या 2.03% गिरकर 22,597.15 पर आ गया, जबकि S&P 500 इंडेक्स 1.57% टूटकर 6,832.76 पर बंद हुआ। बाजार जानकारों के मुताबिक, AI के कारण IT कंपनियों के बिजनेस मॉडल पर उठते सवालों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
गोल्ड-सिल्वर ने लिया यू-टर्न
जहां शेयर बाजारों में गिरावट रही, वहीं सोने-चांदी की कीमतों में रिकवरी देखने को मिली। गुरुवार देर रात सोना करीब 6,000 रुपये गिरकर 1.52 लाख रुपये पर आ गया था और चांदी लगभग 26,000 रुपये टूटकर 2.37 लाख रुपये पर पहुंच गई थी। लेकिन अब इसमें तेजी लौटी है।
शुक्रवार को सोना करीब 2,000 रुपये चढ़कर 1.55 लाख रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी 6,000 रुपये से ज्यादा उछलकर 2.42 लाख रुपये पर पहुंच गई। हालांकि गोल्ड और सिल्वर ETF में अब भी करीब 6% तक की कमजोरी बनी हुई है।
इंटरनेशनल लेवल पर क्यों गिरे थे दाम?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत अमेरिकी बेरोजगारी आंकड़ों और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ने से सोने-चांदी पर दबाव आया। गुरुवार को COMEX/स्पॉट मार्केट में सोना करीब 2.3–2.8% गिरकर $4,980–$4,940 प्रति औंस के आसपास आ गया था, जबकि चांदी में करीब 8.8% की गिरावट दर्ज की गई और भाव $75–$76 प्रति औंस तक फिसल गए।
आखिर AI से क्यों डर रहा है बाजार?
विशेषज्ञों के मुताबिक, नई AI कंपनियां यह दावा कर रही हैं कि वे कम लागत और बेहद कम समय में वही सेवाएं दे सकती हैं, जिनके लिए IT कंपनियां ज्यादा चार्ज करती हैं। इससे IT सेक्टर के भविष्य के रेवेन्यू और बिजनेस मॉडल पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यही वजह है कि निवेशक IT शेयरों से दूरी बना रहे हैं और इसका सीधा असर पूरे शेयर बाजार पर पड़ रहा है।
नोट: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है। किसी भी तरह का निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की सलाह जरूर लें।
Back to top button







