
BJP Hisar: पंडित दीन दयाल उपाध्याय के दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ रही भाजपा सरकार : मुकेश गौड़
-सदैव प्रेरणा स्त्रोत रहेंगे पंडित दीन दयाल उपाध्याय की शिक्षाएं व सिद्धांत : आशा खेदड़
-जिला कार्यालय में सहित जिलेभर में बूथ स्तर पर समर्पण दिवस कार्यक्रम आयोजित-
हिसार। भाजपा वरिष्ठ नेता मुकेश गौड़ ने कहा है कि केन्द्र व प्रदेश की सरकार पंडित दीन दयाल उपाध्याय के दिखाए रास्ते पर चलकर व उनकी नीतियों को अपनाकर आगे बढ़ रही है। इन्हीं नीतियों का परिणाम है कि भाजपा को हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है।
मुकेश गौड़ बुधवार को जिला कार्यालय में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित समर्पण दिवस कार्यक्रम को मुख्य वक्ता के तौर पर संबोधित कर रहे थे। जिलेभर में ये कार्यक्रम बूथ स्तर पर आयोजित किया गया। मुकेश गौड़ ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय के दिखाए रास्ते पर चलकर भाजपा सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर काम कर रही है ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। पार्टी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा पिछले लगभग 11 वर्षों के दौरान समय-समय पर लागू की गई नीतियों को ध्यान में रखकर जनता के बीच जाएं और इनका प्रचार-प्रसार करें ताकि विपक्षी दल जनता को गुमराह न कर सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य शुरू से ही अंत्योदय का सिद्धांत रहा है। यही कारण है कि जनता इस पार्टी की नीतियों को पसंद कर रही है और भाजपा विश्व की नंबर वन पार्टी बन गई है। उन्होंने पंडित दीन दयाल उपाध्याय को नमन करते हुए कहा कि उनकी नीतियां व सिद्धांत सदैव प्रेरणा स्त्रोत रहेंगे।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि कार्यक्रम से पहले जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, मुख्य वक्ता मुकेश गौड़ एवं अन्य पदाधिकारियों ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावा वरिष्ठ नेता श्रीनिवास गोयल, पूर्व मंत्री अनूप धनक, महामंत्री आशीष जोशी, कार्यक्रम संयोजक कृष्ण खटाना, सह संयोजक आदित्य बिसला, उपाध्यक्ष संजीव रेवाड़ी, संदीप मलिक, रामचंद्र गुप्ता, सुरेंद्र सैनी, सतीश सुरलिया, राजकुमार इंदौरा, अमर पातड़, मुनीष ऐलावादी व धर्मबीर पानू सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, समस्त जिला कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।







