HARYANAHOME

Haryana News: मेगा परियोजनाओं की प्रगति की सख्त निगरानी कर समयबद्ध पूरा करें कार्य : मुख्यमंत्री

Haryana News: मेगा परियोजनाओं की प्रगति की सख्त निगरानी कर समयबद्ध पूरा करें कार्य : मुख्यमंत्री

Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित स्टेट प्रगति डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में चल रही मेगा परियोजनाओं की प्रगति की कड़ी निगरानी की जाए और उनके क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए, ताकि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी हो सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सभी प्रमुख परियोजनाओं को स्टेट प्रगति डैशबोर्ड पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए, जिससे विभिन्न स्तरों पर उनकी रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करवाने के लिए लगातार निगरानी की जाए।

श्री सैनी ने परियोजनाओं में देरी पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि जिन एंजेसियों को निर्माण कार्य अलॉट किए गए है उन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन एजेंसियों की वजह से निर्माण कार्यों में विलंब हो रहा है, उनके विरुद्ध निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।

बैठक में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग से संबंधित आठ मेगा परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को इनका लाभ शीघ्र मिल सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व डॉ. सुमिता मिश्रा, श्री ए.के. सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, आयुक्त एवं सचिव वित्त श्री मोहम्मद शायन, मुख्य प्रशासक एचएसवीपी श्री चंदर शेखर खरे, विशेष सचिव (मॉनिटरिंग एवं समन्वय) डॉ. प्रियंका सोनी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

विकास मलिक

विकास मलिक 18 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। विकास मलिक ने इंडिया न्यूज, इंडिया न्यूज़ हरियाणा, साधना न्यूज, एमएचवन न्यूज, खबरें अभी तक, न्यूज नेशन, लीविंग इंडिया न्यूज़ समेत कई बड़े चैनल्स में काम किया है। विकास मलिक अभी जिओ हॉटस्टार में हरियाणावी कमेंट्री में बतौर प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं और साथ में अपनी खुद की वेबसाइट चला रहे है। इनकी कंटेंट से लेकर खेल और राजनीति के साथ हरियाणा पर गहरी पकड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button