INLD News: कांग्रेस और भाजपा से प्रदेश की जनता दुखी, एक पार्टी की जनता ने दुकान बंद की : अभय चौटाला
INLD News: कांग्रेस और भाजपा से प्रदेश की जनता दुखी, एक पार्टी की जनता ने दुकान बंद की : अभय चौटाला

INLD News: कांग्रेस और भाजपा से प्रदेश की जनता दुखी, एक पार्टी की जनता ने दुकान बंद की : अभय चौटाला
फतेहाबाद में इनेलो राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, पूर्व मंत्री सम्पत सिंह का किया गया अभिनन्दन
फतेहाबाद। इंडियन नेशनल लोकदल की राष्ट्रीय, प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को फतेहाबाद में सिरसा रोड स्थित सेतिया पैलेस में हुई। बैठक की अध्यक्षता इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने की वहीं विशेष तौर पर इनेलो संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, शेर सिंह बड़शामी, महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला, प्रकाश भारती, राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान, प्रदेश प्रधान महासचिव गौरव संपत सिंह, रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला और डबवाली के विधायक आदित्य चौटाला, पूर्व विधायक समालखा भरत सिंह छोकर समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में देश भर से इनेलो के राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला व हलका स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा सांझा की गई और राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच जाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। इनेला जिला कार्यकारिणी की ओर से प्रधान बीकर सिंह हड़ौली ने अभय चौटाला को पगड़ी पहनाकर और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार दोनों हाथों से लोगों को लूटने में लगी है। भाजपा के लोग जहां अवैध कालोनियां काटकर जेबें भर रहे हैं वहीं दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर कालोनियां काटकर सस्ते प्लाट देने के नाम पर लाखों के प्लाट बेचकर लोगों को ठगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने में कांग्रेस का बड़ा हाथ रहा है। बापू-बेटे की जोड़ी ने इस सरकार को बनाने में पूरी भूमिका निभाई लेकिन अब इनके पाप का घड़ा भर चुक है और जमीन घोटाले में सुप्रीम कोर्ट ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच गई है और बढ़ते नशे ने युवाओं का भविष्य खत्म कर दिया है। अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस से प्रदेश के लोग दुखी है और भाजपा से परेशान है वहीं एक पार्टी की तो दुकान भी बंद हो चुकी है। कांग्रेस और भाजपा से परेशान लोग आज इनेलो की तरफ देख रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह कड़ी मेहनत कर पुराने कार्यकर्ताओं को दोबारा पार्टी से जोड़े। कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत 2029 में इनेलो एक बार फिर सरकार बनाएगी। पूर्व मंत्री सम्पत सिंह का पार्टी में स्वागत करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि पूर्व सीएम चौ. ओमप्रकाश चौटाला की तरह इनके आशीर्वाद की पार्टी को जरूरत है। उनके आने से पार्टी को मजबूती मिली है।







