
Palwal News: मुकेश बघेल, ब्यूरो चीफ, पलवल। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। स्किल डिपार्टमेंट ऑफ लाइफ साइंसेज एंड हेल्थकेयर, टेक्निकल क्लब और डीएसडब्ल्यू द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य के विभिन्न आयामों पर चर्चा की गई। ‘तम्बाकू और ड्रग्स को कहो ना’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के इन शत्रुओं से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बतौर रिसोर्स पर्सन डॉ. ऋचा ने छात्रों एवं प्रतिभागियों को मौखिक स्वास्थ्य, तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि तम्बाकू और गुटखे के कारण मुंह का कैंसर तेजी से फैलता जा रहा है। डॉ. ऋचा ने कहा कि तम्बाकू और ड्रग्स से हमेशा दूर रहें।

अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं मानविकी संकाय की डीन डॉ. सुचित्रा वशिष्ठ ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जीवन की अमूल्य पूंजी है। डीन डॉ. सुचित्रा वशिष्ठ ने कहा कि तम्बाकू और ड्रग्स जीवन बर्बाद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार का इस बात पर विशेष फोकस है कि विद्यार्थी नशे के चंगुल में न फंसें।
कार्यक्रम में डॉ. मनोज शर्मा ने एनीमिया के कारणों एवं निदान की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और सही उपचार से एनीमिया को नियंत्रित किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मोहित श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ज्योति नैन, डॉ. संतोष यादव, डॉ. आरती, डॉ. सोहन लाल, डॉ. हिमानी वार्ष्णेय सहित कई अन्य शिक्षक तथा एमएलटी के विद्यार्थी उपस्थित थे।
Back to top button



