
Palwal News: मुकेश बघेल, ब्यूरो चीफ, पलवल।केसीएम की छात्रा पारुल वैष्णव ने UPSC में सफलता प्राप्त कर बढ़ाया क्षेत्र का मान
बंचारी स्थित केसीएम पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा पारुल वैष्णव ने प्रतिष्ठित यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार, विद्यालय तथा पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। पारुल विद्यालय की मेधावी छात्रा रही हैं और उन्होंने कक्षा 12 में भी कॉमर्स संकाय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया था।

गाँव लिखी की निवासी पारुल शुरू से ही पढ़ाई में अत्यंत प्रतिभाशाली और मेहनती रही हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। पारुल अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी लगन, परिवार के सहयोग और अपने शिक्षकों को देती हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के स्टाफ और प्रबंधन ने पारुल की इस उपलब्धि पर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय के चेयरमैन ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि पारुल ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि बेटियों को सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे पूरे देश का गौरव बन सकती हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय को अपनी इस प्रतिभाशाली बेटी पर अत्यंत गर्व है, जिसने अपने परिश्रम और संकल्प से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।







