
INLD NEWS: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को हिसार स्थित ताऊ देवी लाल सदन में आयोजित की गई। जिसमे मुख्यतिथि के रूप में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला पहुंचे वहीं अध्यक्षता जिला प्रधान सतपाल काजला ने की।बैठक को संबोधित करते हुए इनेलो सुप्रीमो चौधरी अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश की बीजेपी सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल द्वारा बुजुर्गों के स्वाभिमान और सम्मान के लिए शुरू की गई बुढ़ापा पेंशन योजना को वर्तमान सरकार ने आय सीमा और जटिल नियमों के नाम पर कमजोर कर दिया है। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश के लगभग 75 हजार बुजुर्ग पेंशन से वंचित हो चुके हैं।

चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सरकार से मांग की कि नवंबर 2026 से सभी पात्र बुजुर्गों को ₹3200 प्रतिमाह बुढ़ापा पेंशन प्रदान की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मांगों को अनदेखा किया तो 20 फ़रवरी को पंचकूला में राज्य-स्तरीय विशाल और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी। बैठक में इनेलो के नेता ने हाल ही में संपन्न हुए पार्टी के युवा सम्मेलन की अभूतपूर्व सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं में बढ़ता उत्साह प्रदेश में आने वाले राजनीतिक परिवर्तन का स्पष्ट संकेत है। पार्टी युवाओं को रोजगार दिलाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए ठोस रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है।पर्यावरण संरक्षण के नाम पर चल रहे भूमि विवाद पर चिंता जताते हुए अभय चौटाला ने कहा कि जिस प्रकार राजस्थान में सोलर प्रोजेक्ट्स के नाम पर किसानों की जमीनों को लेकर संकट पैदा हुआ है वैसी ही स्थिति हरियाणा में भी बनाई जा रही है। इनेलो सौर ऊर्जा के विरोध में नहीं है लेकिन किसानों की उपजाऊ भूमि को कॉर्पोरेट घरानों को सौंपने के किसी भी प्रयास का पुरजोर विरोध करेगी।किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए इनेलो नेताओं ने कहा कि प्रदेश का किसान इस समय रबी फसल के लिए डीएपी व यूरिया खाद की भारी किल्लत से जूझ रहा है। पिछली खराब फसलों का मुआवजा अब तक लंबित है तथा मंडियों में एमएसपी की गारंटी न होने से किसानों का आर्थिक शोषण हो रहा है। पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर गांव-गांव और जिले-जिले में आंदोलन तेज करेगी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राम पाल माजरा, पूर्व मंत्री सम्पत सिंह, पूर्व मंत्री शेर सिंह बड़सामी, डबवाली विधायक आदित्य सिंह चौटाला, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुनैना चौटाला, राष्ट्रीय संगठन सचिव उम्मेद सिंह लोहान, प्रकाश भारती, जसबीर सिंह ढिल्लों, सतबीर सिंह सिसाय, पार्टी के सभी जिला प्रधान, विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक, हिसार जिले के सभी हलका प्रधान, जिला कार्यकारिणी के सदस्य व जिला प्रवक्ता विनोद कसवां एडवोकेट उपस्थित रहे।







