HARYANA

Haryana News: हरियाणा की 24 अक्टूबर 2025 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Haryana News: हरियाणा की 24 अक्टूबर 2025 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Haryana News: हरियाणा की 24 अक्टूबर 2025 की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

हरियाणा में स्टार्टअप्स को मिलेगी नई उड़ान

हरियाणा सरकार और एसवीसीएल ने आत्मनिर्भर स्टार्टअप वेंचर फंड हेतु 100 करोड़ रुपये के योगदान समझौते पर किए हस्ताक्षर

हरियाणा को वैश्विक नवाचार केंद्र बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर – हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग तथा भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी सिडबी वेंचर कैपिटल लिमिटेड (एसवीसीएल) के बीच आज आत्मनिर्भर स्टार्टअप वेंचर फंड के लिए 100 करोड़ रुपये की पूंजी प्रतिबद्धता योगदान समझौते (सीए) पर हस्ताक्षर किए गए। यह फंड सेबी-पंजीकृत श्रेणी–I वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) – वेंचर कैपिटल फंड (वीसीएफ) है, जिसका प्रबंधन एसवीसीएल द्वारा किया जाता है और जिसका लक्ष्य 250 करोड़ रुपये का कुल कोष है।

सितंबर 2025 में स्टार्टअप्स और प्रमुख उद्योगपतियों के साथ हुई हालिया बातचीत के दौरान, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने राज्य सरकार की इस प्रतिबद्धता को दोहराया कि हरियाणा में स्टार्टअप्स को सशक्त एवं व्यापक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हरियाणा को नवाचार और उद्यमिता का वैश्विक केंद्र बनाना है, ताकि उद्यमिता के माध्यम से समृद्धि का नया अध्याय लिखा जा सके।

इस प्रतिबद्धता के अनुरूप,  हरियाणा सरकार की ओर से उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल तथा सिडबी वेंचर कैपिटल लिमिटेड (एसवीसीएल) की ओर से श्री अरूप कुमार, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने इस योगदान समझौते पर हस्ताक्षर किए।

यह पहल राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुरूप है, जिसके तहत युवाओं में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और स्टार्टअप स्थापित करने हेतु वित्तीय सहायता एवं बाजार संबंध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक समर्पित वेंचर कैपिटल फंड की स्थापना की जा रही है। यह फंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस  (AI), हेल्थ-टेक, एग्री-टेक, स्वच्छ ऊर्जा सहित विभिन्न उभरते क्षेत्रों में स्केलेबल और टिकाऊ स्टार्टअप्स में निवेश करेगा।

फंड का उद्देश्य बाजार तक पहुंच, व्यावसायिक विकास, तकनीकी नवाचार और निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देना है, ताकि हरियाणा में एक मजबूत, आत्मनिर्भर और गतिशील स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण किया जा सके।

यह साझेदारी हरियाणा के नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और यह राज्य सरकार की मजबूत, भविष्योन्मुखी स्टार्टअप इकोसिस्टम के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, हरियाणा  के महानिदेशक-सह-सचिव श्री यश गर्ग तथा सिडबी वेंचर कैपिटल लिमिटेड (एसवीसीएल) के अधिकारी – श्री किरण पुजारी, सहायक उपाध्यक्ष एवं कंपनी सचिव, और सुश्री प्रज्ञा एस., वरिष्ठ निवेश सहयोगी भी उपस्थित रहे।

श्री कपाल मोचन – श्री आदि बद्री मेला-2025 की तैयारियां जोरों पर

श्रद्धालुओं की सुविधाओं का रखा जायेगा विशेष ध्यान

100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरा सिस्टम से होगी मेला क्षेत्र की निगरानी

चंडीगढ़, 24 अक्तूबर — हरियाणा के जिला यमुनानगर के धार्मिक स्थल श्री कपाल मोचन – श्री आदि बद्री मेला-2025 की तैयारियां इस समय जोरों पर हैं। प्रशासनिक और विभागीय टीमें लगातार दिन-रात काम में जुटी हैं, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पूरा मेला क्षेत्र एलईडी लाइटों की रोशनी से जगमगाने को तैयार है, वहीं सुरक्षा और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आज पवित्र सूरजकुण्ड सरोवर के तट पर विधिवत पूजन कर जल प्रवाह का शुभारंभ किया तथा कैलाश मानसरोवर से लाया गया पवित्र जल श्री सूरजकुण्ड में डाला गया। उन्होंने बताया कि मेले की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई कार्य पूर्ण कर लिया गया है और धूल-मिट्टी से बचाव के लिए सड़कों पर समय-समय पर पानी का छिडक़ाव किया जाएगा। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने हेतु व्यासपुर से मेला स्थल तक ई-रिक्शा सेवा चलाई जाएगी। इसके साथ ही परिवहन विभाग द्वारा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि हर कोने से आने वाले श्रद्धालुओं को आसानी से पहुंचने की सुविधा मिल सके।

उन्होंने बताया कि बिजली विभाग द्वारा मेले के क्षेत्र में नए खंभे, ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिये गए हैं। स्थाई एलईडी लाइटें लगाकर कपाल मोचन, ऋण मोचन और सूरजकुंड तीनों सरोवरों के आस-पास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है, जिससे मेला क्षेत्र दिन-रात आलोकित रहेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रकाश केवल मेले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे वर्ष यहां आने वाले लोगों को आकर्षित करता रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस बल के साथ-साथ 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरा सिस्टम से पूरे मेला क्षेत्र पर चौकस निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेले में स्थाई, अस्थाई शौचालय, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा शिविर, खाद्य सामग्री और दूध की पर्याप्त आपूर्ति, बैरिकेडिंग, सडक़ मरम्मत और पुलिस प्रबंध जैसे सभी कार्य समय पर पूरे किए जा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने स्वर्गीय वाई. पूरन कुमार को दी श्रद्धांजलि

चण्डीगढ़,24 अक्टूबर-हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा वरिष्ठ आईएएस श्रीमती अमनीत पी. कुमार के निवास पर पहुँचे। उन्होंने श्रीमती अमनीत पी. कुमार के पति स्वर्गीय आईपीएस श्री वाई. पूरन कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में सरकार एवं प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

‘चरण सुहावे’ गुरु चरण यात्रा का फरीदाबाद में हुआ भव्य स्वागत

फरीदाबाद की धरा बनी श्रद्धा, एकता और सेवा की प्रतीक

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वागत कार्यक्रम में की शिरकत

गुरु गोबिंद सिंह जी: त्याग, वीरता और न्याय के प्रतीक

‘चरण सुहावे’ यात्रा दिल्ली से पटना साहिब तक आध्यात्मिक सेतु – मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 24 अक्तूबर — हरियाणा की पावन धरती आज एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण की साक्षी बनी, जब ‘सरबंसदानी’ दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज और माता साहिब कौर जी के ‘पवित्र जोड़ा साहिब’ की ‘चरण सुहावे गुरु चरण यात्रा’ का फरीदाबाद में भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धा, भक्ति और एकता का यह अनुपम संगम शहर के प्रत्येक कोने में दिखाई दिया।

इस स्वागत कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शिकरत की। मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद के एनआईटी-5 स्थित श्री गुरु दरबार साहिब गुरुद्वारा में “चरण सुहावे गुरु चरण यात्रा” का स्वागत किया। श्री नायब सिंह सैनी ने यात्रा के साथ चल रहे केंद्रीय मंत्री सरदार हरदीप सिंह पुरी का हरियाणा आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने श्री गुरु दरबार साहिब गुरुद्वारा में साध- संगत और यात्रा की अगवानी करने वाले पंज प्यारों का भी पटका ओढ़ा कर सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने यात्रा की रवानगी से पहले गुरुद्वारा में मत्था टेका और अरदास सुनी। इसके उपरांत उन्होंने पवित्र जोड़ा साहिब के भी दर्शन किए। इससे पहले हरियाणा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सरदार रविंदर सिंह राणा, श्री गुरु दरबार साहिब गुरुद्वारा के प्रधान सरदार इंदर जीत सिंह व सिख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि दिल्ली से आरंभ होकर बिहार स्थित तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब तक जाने वाली इस महान यात्रा का पहला विश्राम स्थल फरीदाबाद रहा। दिल्ली का प्रवेश द्वार कहे जाने वाला यह शहर आज गुरु चरणों की धूल से पावन हो उठा है। जिस नगर में गुरु के पवित्र चरण रुकें, वह नगर अपने आप ही तीर्थ बन जाता है, और आज फरीदाबाद, लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक महान तीर्थ स्थल बन चुका है। उन्होंने इस यात्रा के आयोजन के लिए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और इस यात्रा के आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

गुरु गोबिंद सिंह जी: त्याग, वीरता और न्याय के प्रतीक

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज जब यह पवित्र जोड़ा साहिब यहाँ पहुँचा है तो दशमेश पिता का सम्पूर्ण तेज, त्याग और बलिदान हमारे बीच साकार हो उठा है। उन्होंने धर्म, राष्ट्र और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने मुगल अत्याचार के विरुद्ध बलिदान दिया। उन्होंने अन्याय से लड़ने के लिए एक साधारण मनुष्य को खालसा बनाया, एक ऐसी शक्ति बनाया जिसका संकल्प धर्म की रक्षा और निर्बलों की सहायता करना था। यह जोड़ा साहिब हमें उनकी उस महान प्रतिज्ञा की याद दिलाता है कि “सवा लाख से एक लड़ाऊँ, तबै गोबिंद सिंह नाम कहाऊँ।” यह प्रतिज्ञा केवल युद्ध की नहीं थी, बल्कि आत्म-सम्मान, साहस और न्याय की थी, जो आज भी हर भारतीय के लिए जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने चारों पुत्रों का बलिदान दिया ताकि देश के अन्य पुत्र-पुत्रियाँ सुरक्षित रह सकें।

माता साहिब कौर जी: करुणा और शक्ति की प्रतिमूर्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा में माता साहिब कौर जी का भी पवित्र जोड़ा साहिब शामिल है। माता साहिब कौर जी को खालसा पंथ की माँ होने का गौरव प्राप्त है। जब गुरु जी ने खालसा पंथ की स्थापना की, तो उन्होंने माता साहिब कौर जी से ‘अमृत’ में पताशे डलवाए, ताकि खालसा के अनुयायियों में वीरता के साथ-साथ मिठास और करुणा भी बनी रहे

‘चरण सुहावे’ यात्रा दिल्ली से पटना साहिब तक आध्यात्मिक सेतु

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह ‘चरण सुहावे’ यात्रा दिल्ली, जो भारत की राजधानी है, और पटना साहिब, जो गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्मभूमि है, के बीच एक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सेतु का निर्माण कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार, गुरुओं के दिखाए मार्ग पर चलने और उनके बलिदान को चिरस्थायी बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सरकार ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश वर्ष, श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश पर्व को भव्य रूप से मनाने का काम किया। इसके अलावा, जिस भूमि पर श्री गुरु नानक देव जी ने 40 दिन रहकर तपस्या की, उस भूमि को सरकार ने सिरसा स्थित गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब को दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को राज्यभर में श्रृद्धा और सम्मान के साथ मनाएगी। 1 नवंबर से लेकर 24 नवंबर तक हरियाणा प्रदेश के चारों कौनों से चार यात्राएं निकलेंगी, जिनका समापन 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि, जहाँ समय-समय पर गुरुओं के चरण कमल पड़े, उस स्थान पर होगा। इसे लेकर सरकार ने व्यापक कार्य-योजना बनाई है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में एक प्रस्ताव पास किया है। इसके तहत ऐसे 121 परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया गया जिनके किसी सदस्य की जान 1984 के दंगों में चली गई थी। इस निर्णय पर मंत्रिमंडल ने भी अपनी सहमति की मुहर लगाई है, जो सिख समाज के प्रति सम्मान और संवेदना का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा जहां एक ओर गुरु परंपरा की याद दिलाती है, वहीं दूसरी ओर भारत की एकता, साहस और करुणा के मूल्यों को सशक्त बनाती है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री मूल चंद शर्मा, श्रीमती सीमा त्रिखा, बावल से विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, मुख्यमंत्री  के मीडिया सलाहकार श्री राजीव जेटली, फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

गन्ने का एसएपी बढ़ाने पर किसानों ने कृषि मंत्री का जताया आभार

– हरियाणा बना  गन्ने का देश में सबसे अधिक मूल्य देने वाला राज्य

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर – हरियाणा सरकार द्वारा गन्ने के राज्य सलाहकार मूल्य (एसएपी) में ₹15 प्रति क्विंटल की वृद्धि के निर्णय से पूरे प्रदेश के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा की गई इस घोषणा के बाद हरियाणा अब गन्ने का देश में सबसे अधिक मूल्य देने वाला राज्य बन गया है। अब शुरुआती किस्म के गन्ने का एसएपी ₹400 से बढ़ाकर ₹415 प्रति क्विंटल और देर से पकने वाली किस्म का मूल्य ₹393 से बढ़ाकर ₹408 प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से किसान संगठनों के अनेक प्रतिनिधियों ने आज कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा से मुलाकात कर इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

आभार व्यक्त करने वालों में किसान मोर्चा के सचिव विनोद राणा, किसान मोर्चा हरियाणा के उपाध्यक्ष मंदीप विर्क, विकास अमूपुर, अरुण समालखा, कुलदीप, विजय कम्बोज, संदीप कुमार, अर्जुन खजुरी, सतपाल टोहाना, बिट्टू कम्बोज (टोहाना) और मंगे राम शामिल थे। किसानों ने कहा कि यह फैसला त्योहारी सीजन से पहले लिया गया एक समयोचित कदम है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिरता बढ़ेगी।

किसानों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि बढ़ा हुआ एसएपी उनकी बढ़ती लागत को संतुलित करेगा और आर्थिक राहत प्रदान करेगा। किसान मोर्चा के सचिव विनोद राणा ने कहा कि यह हमारे लिए दीवाली का तोहफ़ा साबित हुआ है। सरकार ने साबित किया है कि वह किसानों के साथ खड़ी है। हम कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा के प्रयासों के लिए आभारी हैं। किसान मोर्चा हरियाणा के उपाध्यक्ष मंदीप विर्क ने कहा कि एसएपी में वृद्धि से किसानों को यह विश्वास हुआ है कि उनके परिश्रम की कद्र की जाती है और वे गन्ने की खेती जारी रखने के लिए प्रेरित होंगे।

 इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा गन्ने  के मूल्य में की गई बढ़ोतरी का यह निर्णय हमारी सरकार की इस दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि किसानों को उनके परिश्रम का सर्वोत्तम मूल्य मिले। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा किसानों के हितों की रक्षा और उनके विकास में अग्रणी राज्य बना हुआ है।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की दिशा में हरियाणा

मुख्य सचिव ने की ईसीएमएस इंसेंटिव की समीक्षा

नई ईसीएमएस पॉलिसी के तहत प्रोत्साहन योजनाएं जल्द

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर-हरियाणा केन्द्र सरकार की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (ईसीएमएस) के तहत निवेश आकर्षित कर प्रदेश को ’इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग’ के एक प्रमुख हब के रूप में विकसित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। इस दिशा में राज्य जल्द ही अपनी ईसीएमएस पॉलिसी के तहत नई प्रोत्साहन योजनाएं शुरू करेगा, जिनमें निवेशकों को वित्तीय और गैर-वित्तीय प्रोत्साहन प्रदान किए जाएंगे।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने आज यहां एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम के विकास को गति देने राज्य में इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने की रणनीतियों की समीक्षा की गई।

नई मसौदा ‘ईसीएमएस पॉलिसी’ के तहत पूंजीगत एवं परिचालन खर्च की प्रतिपूर्ति, ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स पर व्यय, प्रौद्योगिकी अधिग्रहण, क्षमता निर्माण, अनुसंधान एवं नवाचार सुविधाओं के विकास हेतु समर्थन जैसे अनेक प्रोत्साहन प्रस्तावित हैं।

मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बड़े निवेश आकर्षित करना, रोजगार के नए अवसर सृजित करना और वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन में राज्य की भागीदारी को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि देश में घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उत्पादन वर्ष 2015 से अब तक 17 प्रतिशत की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (सीएजीआर) से बढ़ा है, जबकि डिजाइन और कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम अभी विकास के शुरुआती चरण में है।

वर्तमान में हरियाणा देश के कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में लगभग 2.9 प्रतिशत (0.8 बिलियन यूएसडी) का योगदान दे रहा है और इस क्षेत्र में लगभग 1.3 मिलियन रोजगार का सहयोग करता है। श्री रस्तोगी ने कहा कि लक्षित नीतिगत सहयोग, रणनीतिक निवेशक सहभागिता और आईएमटी सोहना में प्रस्तावित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर जैसे सक्षम बुनियादी ढांचे के निर्माण से राज्य के योगदान को बढ़ाने की अपार सम्भावनाएं हैं।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि केन्द्र सरकार की ’ईसीएमएस योजना’ के अंतर्गत कई तरह के लाभ दिए जाते हैं। इनमें 1 से 25 प्रतिशत तक टर्नओवर-लिंक्ड और पूंजी निवेश आधारित लाभ शामिल हैं। आंध्र प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश जैसे प्रगतिशील राज्यों की तर्ज पर हरियाणा ’अतिरिक्त टॉप-अप इंसेंटिव देने की संभावनाएं तलाश रहा है, ताकि ईसीएमएस-अनुमोदित निवेशकों को आकर्षित करने के लिए राज्य की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति और मजबूत हो सके।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने उद्योग एवं वाणिज्य विभाग को इस संबंध में विस्तृत योजना तैयार करने और तत्परता से निवेशकों से संपर्क साधने के निर्देश दिए। इसके तहत 10 नवंबर तक उन 11 आवेदकों के साथ द्विपक्षीय बैठकें की जाएंगी, जिन्होंने प्रदेश में ईसीएमएस-अनुमोदित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स स्थापित करने में रुचि दिखाई है। इसके अतिरिक्त, 50 अन्य कंपनियों से भी संपर्क किया जाएगा, जिन्होंने अभी तक अपनी परियोजना का स्थान निर्धारित नहीं किया है।

बेहतर समन्वय और निवेशक सुविधा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार प्रत्येक संभावित निवेशक के लिए समर्पित रिलेशनशिप मैनेजर नियुक्त करेगी। ये अधिकारी भूमि की पहचान, नियामक स्वीकृतियांे, विभागीय समन्वय और इंसेंटिव प्रक्रिया से जुड़ी सहायता प्रदान करेंगे।

मुख्य सचिव ने कहा कि हरियाणा का दृष्टिकोण सुविधाजनक एवं प्रतिस्पर्धात्मक, दोनों तरह का होगा ताकि राज्य में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों की स्थापना के लिए अनुकूल इकोसिस्टम विकसित हो सके।

बैठक में नागरिक संसाधन सूचना विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी. अनुपमा तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

एमडीयू में पीएचडी दाखिले की प्रक्रिया शुरू

– सत्र 2025-26 के लिए 457 सीटों पर होंगे प्रवेश, 7 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर — महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) रोहतक के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी पाठ्यक्रम का प्रॉस्पेक्टस जारी किया। इस सत्र में विभिन्न विषयों में कुल 457 सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 7 नवंबर तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में पीएचडी दाखिले की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। हम शोध की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक शोधार्थी को आधुनिक संसाधन, उचित मार्गदर्शन और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने आगे बताया कि विश्वविद्यालय शोध के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए नई शोध नीतियों, उन्नत प्रयोगशालाओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के अवसरों पर भी कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि एमडीयू शोध के क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अग्रणी संस्थानों में शामिल हो।

हरियाणा में बढ़ा सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता

पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत में भी बढ़ोतरी

55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हुआ महंगाई भत्ता

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर-हरियाणा सरकार ने राज्य के कर्मचारियों तथा पेंशनभोगियों/पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) की दरों में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। महंगाई भत्ता एवं राहत की दर 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत कर दी गई है, जो 1 जुलाई, 2025 से प्रभावी होगी।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, जिनके पास वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का दायित्व भी है, द्वारा इस सम्बन्ध में एक पत्र जारी किया गया है

बढ़ी हुई दरों के अनुसार महंगाई भत्ते/राहत का भुगतान अक्टूबर, 2025 के वेतन और पेंशन के साथ किया जाएगा, जबकि जुलाई से सितंबर, 2025 तक का एरियर नवंबर माह में दिया जाएगा।

विकास मलिक

विकास मलिक 18 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। विकास मलिक ने इंडिया न्यूज, इंडिया न्यूज़ हरियाणा, साधना न्यूज, एमएचवन न्यूज, खबरें अभी तक, न्यूज नेशन, लीविंग इंडिया न्यूज़ समेत कई बड़े चैनल्स में काम किया है। विकास मलिक अभी जिओ हॉटस्टार में हरियाणावी कमेंट्री में बतौर प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं और साथ में अपनी खुद की वेबसाइट चला रहे है। इनकी कंटेंट से लेकर खेल और राजनीति के साथ हरियाणा पर गहरी पकड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Rakulpreet की तस्वीरें वायरल, फोटोशूट में ढाया कहर Arbaz Khan की एक्स ने सोशल मीडिया पर मचाई तबाही, Viral तस्वीरों से मची सनसनी Haryanvi छोरी ने Instagram पर तस्वीरें post कर पूछा- कै ज्ञान, हो गई वायरल PM Modi in Srisailam: प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीशैलम के पवित्र श्री भ्रामराम्बा मल्लिकार्जुन स्वामी देवस्थानम में की पूजा-अर्चना, तस्वीरें Viral श्वेता तिवारी की लाडली ने सोशल मीडिया पर डाली ऐसी तस्वीरें, फैंस बोले wow