
Palwal News: मुकेश बघेल, ब्यूरो चीफ, पलवल पलवल के श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ हुआ। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के 300 से भी अधिक विद्यार्थी और स्टाफ हिस्सा ले रहा है। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने मुख्यातिथि के रूप में खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया और खिलाड़ियों ने उनकी उपस्थिति में खेल भावना से खेलने की शपथ भी ग्रहण की। पूर्व अंतर्राष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं नेशनल पैरा शूटर माधवी हंस और कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उद्घाटन सत्र में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि खेलों से हमारे व्यक्तित्व का विकास होता है। मन, मस्तिष्क और शरीर स्वस्थ रहते हैं। हमें खेलों से अनुशासन और निरंतर संघर्ष की प्रेरणा मिलती है। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने सभी खिलाड़ियों से विशुद्ध खेल भावना से खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमने खिलाड़ियों के लिए वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है, वह इसका लाभ उठाएं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं नेशनल पैरा शूटर माधवी हंस ने कहा कि खेल हमें अनुशासन और समर्पण सिखाते हैं, जो इनका पालन करता है, वह जीवन में सफलता अवश्य ही अर्जित करता है। माधवी हंस ने खिलाड़ियों से अपना बेस्ट देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मैं एक सड़क दुर्घटना के बाद शारीरिक चुनौतियाँ पैदा होने के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए खेली। माधवी हंस ने कहा कि पॉजिटिव सोच से हम बड़ी से बड़ी समस्या से पार पा सकते हैं।
कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने कहा कि सभी खिलाडी अपनी क्षमताओं को विस्तार देते हुए खेलें और विशुद्ध रूप से खेलने के लिए खेलें। हार जीत से ज्यादा मायने खेलने के होते हैं। कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और टॉस करवा कर प्रतियोगिताएं प्रारम्भ की। इससे पूर्व विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर कुलवंत सिंह ने सभी अतिथियों का विधिवत स्वागत किया। खेल निदेशक डॉ. मनी कंवर सिंह ने बताया कि इस वार्षिक खेल प्रतियोगिता में वॉलीबाल, क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरमबोर्ड और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जा रहा है। उप कुलसचिव डॉ. ललित शर्मा ने बताया कि ट्रायल के आधार पर सभी का चयन किया गया है।
उद्घाटन सत्र में विद्यार्थियों ने हैरतंगेज योगासनों से खूब वाहवाही बटोरी और एसवीएसयू सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रोफेसर आशीष श्रीवास्तव, प्रोफेसर ऊषा बत्रा, प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ, प्रोफेसर डीवी पाठक, उप कुलसचिव चंचल भारद्वाज, एसवीएसयू सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य सतेंद्र सौरोत, डॉ. संजय राठौर, डॉ. सविता शर्मा, डॉ. श्रुति गुप्ता, डॉ. पिंकी शर्मा, डॉ. रवींद्र कुमार, ओएसडी संजीव तायल, स्पोर्ट्स कंसल्टेंट प्रतीक पुरी और खेल आयोजक अनुराधा सहित काफी संख्या में स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित थे।
Back to top button







