
Haryana News: हरियाणा के 10 मार्च 2026 के अब तक के समाचार, पढ़िए फटाफट अंदाज में
🌤️ मौसम अपडेट
हरियाणा में मार्च के दूसरे सप्ताह में ही गर्मी बढ़ने लगी है। कई जिलों में तापमान 35-36°C के आसपास दर्ज किया गया, मौसम विभाग ने अगले दिनों में तापमान बढ़ने के संकेत दिए हैं।
💰 सरकारी योजनाएँ
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न सामाजिक योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में हजारों करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर होने की जानकारी दी।
🏥 स्वास्थ्य विभाग
हांसी में कैंसर मरीजों के लिए डे-केयर सेंटर शुरू करने की तैयारी, स्थानीय स्तर पर कीमोथेरेपी की सुविधा मिलेगी।
👶 महिला एवं बाल विकास विभाग
पंचकूला में बिना पंजीकरण चल रहे प्ले-स्कूलों की जांच के लिए निरीक्षण अभियान चलाने का निर्णय।
⚡ बिजली विभाग
गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली आपूर्ति मजबूत करने के लिए कई जिलों में नए ट्रांसफार्मर लगाने और लाइन सुधार कार्य शुरू।
🚍 परिवहन विभाग
हरियाणा रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए बस रूटों की समीक्षा और नई सेवाओं की तैयारी शुरू की।
💼 रोजगार अपडेट
फरीदाबाद में 11 मार्च को बड़ा रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, युवाओं को निजी कंपनियों में नौकरी के अवसर मिलेंगे।
🏫 शिक्षा विभाग
भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने बोर्ड परीक्षाओं के दौरान संवेदनशील केंद्रों पर उड़नदस्ते तैनात किए।
🥛 कृषि व पशुपालन
कर्णाल में डेयरी विकास कार्यक्रमों के तहत पशुपालकों को उच्च उत्पादन वाली नस्लों और आधुनिक तकनीक अपनाने की सलाह।

📍 जिला-वाइज शाम के प्रमुख समाचार
🚩 अंबाला : गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने अस्पतालों में विशेष व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
🚰 अंबाला : शहर में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए जल आपूर्ति विभाग ने नई योजना पर काम शुरू किया।
📚 भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ाई।
📝 भिवानी : बोर्ड परीक्षाओं के लिए उड़नदस्तों की अतिरिक्त टीमें गठित की गईं।
🛣️ चरखी दादरी : ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों को गति दी गई।
🏛️ चरखी दादरी: पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित।
💼 फरीदाबाद: जिला रोजगार कार्यालय द्वारा 11 मार्च को मेगा जॉब फेयर आयोजित होगा।
🏭 फरीदाबाद: औद्योगिक क्षेत्र में निवेश बढ़ाने को लेकर नई योजनाओं पर चर्चा।
🏥 फतेहाबाद : सिविल अस्पताल में नई मशीनरी लगने से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।
🩺 फतेहाबाद : स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया।
🚦 गुरुग्राम : शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए नए यातायात प्रबंधन कदम उठाए गए।
🧹 गुरुग्राम : नगर निगम ने स्वच्छता अभियान को तेज करने का निर्णय लिया।
🌾 हिसार : कृषि विश्वविद्यालय में किसानों के लिए आधुनिक खेती तकनीकों पर कार्यक्रम आयोजित।
🐄 हिसार : डेयरी और पशुपालन क्षेत्र में नई तकनीक अपनाने पर जोर।
🍛 झज्जर : अटल श्रमिक कैंटीन योजना से मजदूरों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध।
📊 झज्जर : जिला प्रशासन ने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
🌻 जींद : सरसों की आवक बढ़ने से मंडियों में किसानों को बेहतर दाम मिले।
👨🌾 जींद : कृषि विभाग ने फसल प्रबंधन को लेकर किसानों को सलाह जारी की।
🌡️ कैथल : बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतने की अपील की।
💧 कैथल : जिला प्रशासन ने जल संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया।
🐄 करनाल : डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए पशुपालकों को प्रशिक्षण दिया गया।
🌾 करनाल : कृषि अनुसंधान केंद्र में किसानों के लिए नई तकनीक प्रदर्शनी आयोजित।
🛕 कुरुक्षेत्र : धार्मिक पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
🚧 कुरुक्षेत्र : तीर्थ स्थलों पर सुविधाएं बेहतर बनाने की योजना पर काम जारी।
🚌 महेंद्रगढ़ : रोडवेज बस सेवाओं के विस्तार के लिए रूटों की समीक्षा की जा रही है।
🛣️ महेंद्रगढ़ : ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य तेज किए गए।
🏫 नूंह (मेवात): शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए नई योजनाओं पर काम।
🚰 नूंह : ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुधारने की दिशा में कदम।
🏗️ पलवल : सड़क और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए नई परियोजनाओं को मंजूरी।
🚦 पलवल : प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
🔎 पंचकूला : बिना पंजीकरण चल रहे प्ले-स्कूलों की जांच के लिए निरीक्षण अभियान शुरू होगा।
🌿 पंचकूला : शहर में जल संरक्षण और स्वच्छता अभियान चलाया गया।
🚗 पानीपत : ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए नए प्रबंधन उपाय लागू।
🏭 पानीपत : औद्योगिक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
🏠 रेवाड़ी : किफायती आवास योजनाओं के तहत फ्लैटों की बुकिंग को लेकर लोगों में उत्साह।
🧹 रेवाड़ी : नगर परिषद ने शहर में सफाई अभियान तेज किया।
👩🏫 रोहतक : प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों को भरने की प्रक्रिया तेज।
🏡 रोहतक : मॉडल गांव योजना के अंतर्गत विकास कार्यों की समीक्षा।
📚 सिरसा : शिक्षा विभाग ने स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया।
🌾 सिरसा : कृषि विभाग ने किसानों को नई फसल तकनीकों की जानकारी दी।
🏢 सोनीपत : औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए नई योजनाओं पर चर्चा।
🛣️ सोनीपत : शहर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विकास कार्य तेज।
🌡️ यमुनानगर : बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी।
🧹 यमुनानगर : नगर निगम ने शहर में स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
बाढ़ से प्रभावित सड़क़ों के सुधार को लेकर सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
प्रदेश में रिसर्च लैब और क्वालिटी कंट्रोल से जुड़े कार्यों के संचालन में तेजी लाने के भी प्रया
हिसार के गंगवा से आर्य नगर तक जाने वाली सडक़ (रोड आईडी 11551) के विशेष मरम्मत कार्य के लिए प्रस्ताव को मिली मंजूरी
चंडीगढ़, 10 मार्च- लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि बाढ़ से प्रभावित सड़क़ों के सुधार को लेकर सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि इसी के तहत हिसार के गंगवा से आर्य नगर तक जाने वाली सड़क (रोड आईडी 11551) के विशेष मरम्मत कार्य के लिए प्रस्ताव को भी सरकार से मंजूरी मिल गई है। यह सडक़ बाढ़ के कारण काफी क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके चलते आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
उन्होंने बताया कि अधिसूचित रोड मेंटेनेंस पॉलिसी के तहत इस सड़क के रखरखाव और मरम्मत से संबंधित नियमों में छूट देकर सड़क के निर्माण कार्य पूरे किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क के विशेष मरम्मत कार्य के लिए लगभग 18.28 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया था, जिसे मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा मंजूरी दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत होने से गंगवा और आर्य नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। स्थानीय नागरिकों ने भी लंबे समय से इस सड़क के सुधार की मांग की थी।
इसके अतिरिक्त कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रदेश में रिसर्च लैब और क्वालिटी कंट्रोल से जुड़े कार्यों के संचालन में तेजी व सडक़ों की गुणवत्ता जांच व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नेशनल हाईवे सर्किल से जुड़े पद में अहम बदलाव किया गया है। सर्किल जींद के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर के पद को री-डिजिग्नेट कर सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर-कम-डायरेक्टर, रिसर्च लैब हिसार किया गया है। इसका मुख्यालय हिसार होगा। लोक निर्माण विभाग हरियाणा की तीनों क्वालिटी कंट्रोल डिवीजनों की निगरानी भी इसी पद के अधिकार क्षेत्र में रहेगी।
“नो स्मोकिंग-डे” पर विशेष
भारत में हर वर्ष लगभग 10 लाख लोगों की मृत्यु तंबाकू से संबंधित बीमारियों के कारण होती है : डॉ. ब्रह्मदीप
– 27 प्रतिशत कैंसर सीधे तंबाकू सेवन से जुड़े होते हैं
चंडीगढ़, 10 मार्च – 11 मार्च को “नो स्मोकिंग-डे” के अवसर पर स्वास्थ्य हरियाणा के निदेशक एवं वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. ब्रह्मदीप ने लोगों से तंबाकू और धूम्रपान से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि धूम्रपान और तंबाकू का सेवन विश्वभर में रोकी जा सकने वाली मृत्यु और बीमारियों के प्रमुख कारणों में से एक है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार तंबाकू के कारण हर वर्ष लगभग 80 लाख लोगों की मृत्यु होती है, जबकि भारत में ही प्रतिवर्ष 10 लाख से अधिक लोगों की मौत तंबाकू से जुड़ी बीमारियों के कारण होती है। भारत में लगभग 27 प्रतिशत कैंसर सीधे तंबाकू सेवन से जुड़े होते हैं जिनमें फेफड़ों का कैंसर, मुंह और गले का कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD), अस्थमा की गंभीरता में वृद्धि और गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
डॉ. ब्रह्मदीप ने बताया कि धूम्रपान करने वाले व्यक्तियों में हृदय रोग का खतरा लगभग 2-4 गुना और फेफड़ों के कैंसर का ख़तरा 20-25 गुना बढ़ जाता है।उन्होंने आगे बताया कि तंबाकू का धुआं केवल धूम्रपान करने वाले व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके आसपास मौजूद लोगों—विशेषकर बच्चों और महिलाओं—के स्वास्थ्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि धूम्रपान छोड़ने के बाद शरीर में सकारात्मक बदलाव बहुत जल्दी दिखाई देने लगते हैं। 20 मिनट के भीतर रक्तचाप और नाड़ी सामान्य होने लगती है, 12 घंटे के भीतर रक्त में कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर सामान्य हो जाता है और 2 से 12 सप्ताह में फेफड़ों की कार्यक्षमता और रक्त संचार में सुधार होने लगता है। एक वर्ष बाद हृदय रोग का खतरा लगभग 50 प्रतिशत तक कम हो जाता है, पांच वर्ष बाद स्ट्रोक का जोखिम काफी घट जाता है और दस वर्ष बाद फेफड़ों के कैंसर का खतरा लगभग आधा रह जाता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी सिविल अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में तंबाकू निषेध (Tobacco Cessation) केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां प्रशिक्षित डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा परामर्श, उपचार और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
डॉ. ब्रह्मदीप ने धूम्रपान छोड़ने के इच्छुक लोगों को सलाह दी कि वे एक निश्चित तिथि तय कर दृढ़ संकल्प लें, सिगरेट या तंबाकू उत्पाद अपने आसपास न रखें, इच्छा होने पर गहरी सांस लें या पानी पिएं, किसी अन्य गतिविधि में ध्यान लगाएं, परिवार और मित्रों का सहयोग लें तथा आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टर या तंबाकू निषेध केंद्र से परामर्श करें। उन्होंने नियमित व्यायाम, योग और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की सलाह दी है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे तंबाकू से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि स्वस्थ और तंबाकू-मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
– हरियाणा विधान सभा और उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित युवा सम्मेलन की तैयारियां ज़ोर शोर से जारी
– 21 मार्च को मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में होगा भव्य आयोजन
चंडीगढ़, 10 मार्च – हरियाणा विधान सभा की पहल पर युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, जनप्रतिनिधित्व और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोडऩे के उद्देश्य से 21 मार्च को सोनीपत के मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित होने जा रहे युवा सम्मेलन की तैयारियां ज़ोर शोर से जारी हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए मंगलवार को हरियाणा विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों ने सोनीपत जिला प्रशासन तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस युवा सम्मेलन में सोनीपत जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों तथा लगभग 20 महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी भाग लेंगे। सम्मेलन में राज्यसभा के उप-सभापति श्री हरिवंश मुख्यातिथि होंगे और युवाओं से प्रेरणादायक विचार साझा करेंगे। इस मौके पर राज्यसभा के महासचिव श्री पीसी मोदी भी उपस्थित रहेंगे।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह सम्मेलन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विजन विकसित भारत 2047 और ‘एक राष्ट्र-एक विधायिका’ का स्वप्न साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक श्रीनिवासन नारायणन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सम्मेलन की तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. श्रीप्रकाश, उप-मंडल अधिकारी (एसडीएम) सुभाष चंद्र, उच्चतर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में सतत विकास के लिए उभरती जैव प्रौद्योगिकी पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ
जैव प्रौद्योगिकी में है परिवर्तनकारी क्षमता: प्रो. राजीव कुमार
चंडीगढ़ , 10 मार्च – जे.सी. बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के जीवन विज्ञान विभाग द्वारा “सतत विकास के लिए उभरते जैव प्रौद्योगिकी रुझान” पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आज शुरू हुई, जो जलवायु, खाद्य सुरक्षा और पर्यावरणीय स्थिरता जैसे वैश्विक चुनौतियों का सामना करने में जैव प्रौद्योगिकी की भूमिका का पता लगाने के लिए है।
कार्यक्रम का कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ शुभारंभ हुआ। पैनासिया बायोटेक लिमिटेड, नई दिल्ली के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. अमुल्या पांडा उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि रहे।
राष्ट्रीय संगोष्ठी के संयोजक प्रो. सचिन तियोटिया ने स्वागत भाषण में विभाग की 2020 में स्थापना के बाद तेजी से प्रगति और जैविक विज्ञानों में नवीन, स्वदेशी समाधानों को बढ़ावा देने के मिशन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह संगोष्ठी अंतर-अनुशासनिक सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जो अकादमिया, उद्योग और नीति को जोड़कर सतत जैव प्रौद्योगिकीय प्रगति को गति प्रदान करता है।
सत्र की अध्यक्षता करते हुए, जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने जैव प्रौद्योगिकी की परिवर्तनकारी क्षमता पर जोर दिया, जो संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायक है। उन्होंने वैश्विक संकटों, जिसमें युद्ध जैसी स्थितियां शामिल हैं, के सामना में जैव प्रौद्योगिकीविदों को नवीकरण के वास्तुकार के रूप में उल्लेखित किया। उन्होंने कहा कि ये व्यवधान आपूर्ति श्रृंखलाओं को तोड़ते हैं, खाद्य एवं ऊर्जा की कमी को गहराते हैं तथा लाखों लोगों के विस्थापन का कारण बनते हैं, जिससे पुनर्बहाली के लिए जैव प्रौद्योगिकी की भूमिका अहम हो जाती है। उन्होंने अर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का जैव प्रौद्योगिकी के साथ क्रांतिकारी एकीकरण को वैश्विक संकटों जैसे जलवायु परिवर्तन, खाद्य असुरक्षा और स्वास्थ्य कमजोरियों का सामना करने के लिए एक आधारशिला के रूप में रेखांकित किया।
डॉ. पांडा ने मुख्य भाषण में “सेलुलर इंजीनियरिंग: भविष्य की चिकित्सा” पर व्याख्यान दिया , जिसमें सेलुलर पुनःप्रोग्रामिंग कैसे व्यक्तिगत चिकित्सा को आगे बढ़ा रही है, इस पर चर्चा की गई। डॉ. पांडा ने कहा कि “जैव प्रौद्योगिकी केवल खोज तक सीमित नहीं है; यह मानव स्वास्थ्य को बढ़ाने वाले स्केलेबल समाधानों के बारे में है
बाद के सत्र में जलवायु के अनुरूप कृषि और सूक्ष्मजीवी इंजीनियरिंग पर मुख्य व्याख्यान हुए। फरीदाबाद के क्षेत्रीय जैव प्रौद्योगिकी केंद्र से डॉ. रामू एस. वेमन्ना ने “सतत जैव अर्थव्यवस्था के लिए पौधों का पुनःप्रोग्रामिंग: जलवायु-अनुरूप कृषि के लिए जैव प्रौद्योगिकी” पर बात की, जिसमें सूखा-सहिष्णु फसलों पर केंद्रित था। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कुमार प्रनाव ने “एक्सोपॉलीसैकेराइड-उत्पादक राइजोबैक्टीरिया: फसल के लिए प्रकृति के छिपे इंजीनियर” पर व्याख्यान दिया, जिसमें पर्यावरण-अनुकूल सूक्ष्मजीवी सहायकों की खोज की गई।
स्वर्णिम एवं विकसित बंगाल बनाने के लिए जनता तत्पर- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
24 परगना में परिवर्तन संकल्प यात्रा को किया संबोधित
कहा, बंगाल अब परिवर्तन की राह पर गति से बढ़ रहा आगे
जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास की राजनीति पर दिया बल
बंगाल की लचर पचर, भ्रष्टाचार में फंसी सरकार को उखाड़ फेंकने का किया आह्वान
चण्डीगढ, 10 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वर्णिम और विकसित बंगाल बनाने के लिए जनता परिवर्तन संकल्प को मजबूत करने का कार्य करेगी। उन्होंने पारदर्शी शासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास आधारित राजनीति के महत्व पर बल दिया।
मुख्यमंत्री मंगलवार को बंगाल के 24 परगना के कुल्पी में परिवर्तन यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया और विश्वास जताया कि देश में विकास और परिवर्तन की भावना लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भूमि से बंगाल के लोगों के बीच आने का मौका मिला है जिस भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल मछली पालक किसानों की धरा है। यहां के लोगों ने इतिहास व संस्कृति को बदलने का कार्य किया। बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भावना पूरे देश में फैली है। बंगाल की माटी के लोग हमारे लिए गर्व और गौरव हैं। इस धरा ने स्वामी विवेकानन्द, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, नेता जी सुभाष चन्द्र बोस, बंकिमचन्द्र चटर्जी जैसे महान सपूत दिए हैं। यहां के रणबांकूरों ने देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की भूमि ने वंदे मातरण का मंत्र देकर देश में राष्ट्रवाद की ज्योत जलाई जो आज भी जग रही है।
बंगाल की जनता बदलाव और विकास के साथ-भय, भ्रष्टाचार से चाहती है मुक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल राजनैतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि बंगाल की लचर पचर, भ्रष्टाचार में फंसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए परिवर्ततन की पुकार है। बंगाल की जनता बदलाव और विकास के साथ चलकर भय और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहती है। इसी उत्साह एवं जोश के साथ भारी संख्या में जनसभा में आना इस बात का संकेत है कि बंगाल अब परिवर्तन की राह पर गति से आगे बढ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 परगना की खास पहचान है कि यहां जनता मेहनती है, समुद्र के किनारे बसे मछुआरे किसान मेहनत से जीवन यापन कर रहे हैं। किसानों को सुविधाएं व बाजार नहीं मिल रही, युवा बेरोजगार हैं और भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण व हिंसा का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं व चक्रवात से होने वाले नुकसान की भरपाई भी नहीं की। नाले टूट गए, खेती बह गई, उनका पैसा भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। बंगाल का भ्रष्टाचार किसी से छुपा हुआ नहीं है। सरकार जनता के साथ बहुत अन्याय कर रही है।
बंगाल का युवा अन्याय की दीवार और भ्रष्टाचारी सरकार को गिराने के लिए कृतसकंल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस धरती के महापुरुषों ने देश चलाने का काम किया और आजादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उनके लोगों को यह दिन देखने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यहां का युवा अन्याय की दीवार और भ्रष्टाचारी सरकार को गिराने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार ने काम नहीं किया, बल्कि बंगाल से उद्योग उजाड़ने का काम किया है। जनता में आक्रोश है। बंगाल में सरकार ने घुसपेठियों के लिए सुरक्षित जगह बनाई है। सरकार की गलत नीतियों के कारण लोकतंत्र खतरे में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। हरियाणा में 5 लाख रुपए तक का ईलाज अस्पतालों में मुफ्त किया जा रहा है। अब तक 27 लाख परिवारों ने इसका लाभ उठाया है जिसके 450 करोड़ रुपए केन्द्र सरकार ने दिए हैं, लेकिन बंगाल सरकार ने इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ गरीबों तक नहीं पहुँचाया। उन्होंने चिंता जताई कि कई पात्र लोगों तक इस योजना का लाभ प्रशासनिक और राजनीतिक कारणों से नहीं पहुंच पाया। जबकि हरियाणा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
भारत की चतुर्थ आर्थिक शक्ति के रूप में विश्व स्तर पर बढ़ी साख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अभूतपूर्व तरक्की कर रहा है और भारत की विश्व स्तर पर चतुर्थ आर्थिक शक्ति के रूप में साख बढी है। यह प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और विकास की राजनीति से ही सम्भव हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रही है। जब तक नारी सशक्त नहीं होती तब तक देश पूर्ण रूप से तरक्की नहीं कर सकता। इसलिए सरकार ने तीन लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का निर्णय लिया है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपए की राशि दी जा रही है। अब तक 5 किस्तों में 750 करोड़ रुपए की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि जिस राज्य में मुख्यमंत्री महिला होने पर भी वहां की महिलाएं सुरक्षित नहीं और उन पर अत्याचार हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देश की राष्ट्रपति का बंगाल की भूमि पर अपमान हुआ है। आगामी चुनाव में जनता विशेषकर महिलाएं बंगाल सरकार को सबक सिखाने का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा छोटा राज्य होने के बावजूद “डबल इंजन सरकार” के मॉडल के तहत विकास और जनकल्याण के कई महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब सरकार की नीयत साफ और नीतियां जनहित में बनाई जाती हैं, तो उनका लाभ सीधे जनता तक पहुंचता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के रोजगार और उद्योगों के लिए ऐसी नीतियां बनाई जानी चाहिए, जिसमें उद्योगों को बढ़ावा मिले और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हों। उन्होंने कहा कि विकास केंद्रित शासन से उद्योगों का पलायन रुकता है और युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार के अवसर मिलते हैं।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन और पारदर्शिता की आवश्यकता पर भी बल देते हुए कहा कि देश की जनता विकास, सुशासन और जवाबदेही चाहती है। उन्होंने लोगों से विकास और प्रगति की राजनीति का समर्थन करने का आह्वान करते हुए एक मजबूत व समृद्ध बंगाल के निर्माण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में पहुँचने पर ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।
डीसी ने सिधरावली स्थित प्रोजेक्ट में दीवार गिरने की घटना को लेकर एसडीएम मानेसर की अध्यक्षता में जांच कमेटी की गठित
चण्डीगढ, 10 मार्च- गुरुग्राम जिला के गांव सिधरावली में बीती रात सिग्नेचर ग्लोबल प्रोजेक्ट में दीवार गिरने की गंभीर घटना के मामले में जिला प्रशासन गुरुग्राम ने जांच के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि इस दुर्घटना में सात श्रमिकों की मौत तथा चार घायल हुए।।
उपायक्त, गुरुग्राम श्री अजय कुमार ने मामले की जांच के लिए एसडीएम मानेसर की अध्यक्षता में अधिकारियों की एक समिति का गठन किया है। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर एक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
गठित की गई समिति में मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा, सहायक पुलिस आयुक्त, पटौदी, जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन), गुरुग्राम तथा कार्यकारी अभियंता-प्प्, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क), गुरुग्राम को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि समिति घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर जिम्मेदारी तय करेगी और अपनी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करेगी।
इससे पहले मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव ने मंगलवार को घटना स्थल का भी दौरा किया और घटना स्थल पर विभिन्न पहलुओं की जांच की।
स्वास्थ्य मंत्री ने सुनी आमजन की समस्याएं
चंडीगढ़, 10 मार्च – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने आज चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं, प्रशासनिक कार्यों तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से जनता की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
एचपीवी टीकाकरण अभियान के लिए मीडिया सहयोग जरूरी : एनएचएम हरियाणा
चंडीगढ़, 10 मार्च – नेशनल हेल्थ मिशन, हरियाणा के मिशन निदेशक ने राज्य में चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान की सफलता के लिए मीडिया और जनसंपर्क माध्यमों से सहयोग की अपील की है।
उन्होंने यहाँ जारी बयान में बताया कि भारत सरकार ने एचपीवी वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल करने का निर्णय लिया है। विश्व स्तर पर सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में चौथा सबसे सामान्य कैंसर है, जबकि भारत में यह महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे बड़ा कैंसर है। विशेषज्ञों के अनुसार अधिकांश सर्वाइकल कैंसर के मामले जननांग मार्ग में उच्च जोखिम वाले ह्यूमन पैपिलोमावायरस संक्रमण के कारण होते हैं।
उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन का विशेष राष्ट्रीय अभियान 28 फरवरी, 2026 से शुरू किया गया है, जो तीन माह तक चलेगा। इस अभियान के दौरान वैक्सीन सिंगल डोज शेड्यूल के तहत दी जा रही है। अभियान के दौरान प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती, वैक्सीन के उचित भंडारण तथा सुरक्षा की कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। यह व्यवस्था भविष्य में इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा बनाने के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी।
निदेशक ने बताया कि 14 वर्ष की आयु की बालिकाएं—जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं—एचपीवी टीकाकरण के लिए पात्र हैं। पात्र बालिकाओं को निर्धारित स्वास्थ्य केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा, बशर्ते उन्होंने पहले कहीं भी एचपीवी वैक्सीन की कोई खुराक न ली हो।
उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस संबंध में मीडिया कार्यशालाओं के आयोजन, एचपीवी टीकाकरण शिविरों के प्रचार-प्रसार में जनमाध्यमों की भागीदारी और सोशल मीडिया के माध्यम से टीकाकरण के प्रति सकारात्मक संदेश फैलाने का सहयोग मांगा गया है।
एनएचएम हरियाणा के निदेशक ने कहा कि मीडिया के सहयोग से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं टीकाकरण का लाभ उठा सकेंगी, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में मदद मिलेगी।
हरियाणा के श्रद्धालुओं को ट्रेन के माध्यम से करवाए जाएंगे तीर्थ स्थलों के निशुल्क दर्शन
हरियाणा सरकार और रेलवे के बीच हुआ समझौता ज्ञापन
चंडीगढ़, 10 मार्च- प्रदेश सरकार ‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को अब ट्रेन के माध्यम से विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाएगी। इसके लिए हरियाणा सरकार और आई.आर.सी.टी.सी. (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन) के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं । सरकार की ओर से सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के. मकरंद पांडुरंग तथा आईआरसीटीसी की तरफ से सर्कल रिजनल मैनेजर (सीआरएम ) श्री हरजोत सिंह संधू ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
महानिदेशक श्री पांडुरंग ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाने के लिए ‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ शुरू की है। इसके तहत अब तक अलग-अलग जिलों से हरियाणा परिवहन विभाग की वोल्वो बसों के माध्यम से हजारों पात्र बुजुर्गों को अयोध्या सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों के निशुल्क दर्शन करवाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर श्रद्धालुओं के लिए ट्रेन के माध्यम से भी तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने की योजना बनाई गई है। इसी के अंतर्गत हरियाणा सरकार और आईआरसीटीसी के बीच समझौता ज्ञापन साइन किया गया है। इस अवसर पर रेलवे से श्री हर्ष दीप व श्री नितिन शर्मा तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री रणबीर सिंह सांगवान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे ।
इन पवित्र स्थलों पर ले जाने का हुआ करार :
सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री पांडुरंग ने बताया कि आईआरसीटीसी के साथ हुए समझौते के तहत हरियाणा से अयोध्या, वाराणसी, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, पुष्कर जी, वैष्णो देवी तथा शिरडी व शनि शिंगणापुर तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाने बारे समझौता हुआ है। जरूरत अनुसार और तीर्थ स्थल भी जोड़े जा सकते हैं ।
खाने-पीने व ठहरने की भी निशुल्क व्यवस्था:
उन्होंने बताया कि एक ट्रेन में 11 कोच होंगे। इनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए तथा एक कोच सर्विंग स्टाफ के लिए रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था, नजदीकी रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थल तक पहुंचाने के लिए बसों आदि का प्रबंध तथा ठहरने की व्यवस्था भी हरियाणा सरकार द्वारा निशुल्क की जाएगी।
क्या है तीर्थ यात्रा योजना:
‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत, 60 वर्ष से अधिक आयु के हरियाणा के वरिष्ठ नागरिकों , जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए से कम है, को नि:शुल्क पवित्र स्थलों की यात्रा करवाई जाती है। योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र व्यक्ति तीर्थ यात्रा के लिए आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण करते हैं।
हरियाणा के कर्मचारियों और पेंशनरों को पंजाब के चार बड़े अस्पतालों में मिलेगा इलाज: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
– इन अस्पतालों में कैंसर, रीढ़ की चोट और लिवर से संबंधित गंभीर बीमारियों का बेहतरीन उपचार उपलब्ध
चंडीगढ़, 10 मार्च – हरियाणा सरकार के कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उनके प्रयासों से अब हरियाणा सरकार के कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके परिवारजनों को पंजाब के चार प्रमुख अस्पतालों में उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने पंजाब के चार प्रतिष्ठित अस्पतालों को उपचार के लिए सूचीबद्ध (एम्पैनल) किया है। इनमें होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, मुल्लांपुर, पंजाब (यह टाटा मेमोरियल सेंटर मुंबई की यूनिट है ),होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल, संगरूर, पंजाब (यह भी टाटा मेमोरियल सेंटर मुंबई की यूनिट है), रीजनल स्पाइनल इंजरीज सेंटर, सेक्टर 70 मोहाली तथा पंजाब इंस्टिट्यूट ऑफ़ लिवर एंड बिलियरी साइंस, फेज 3 बी 1, सेक्टर 60 मोहाली शामिल हैं। इन अस्पतालों में कैंसर, रीढ़ की चोट और लिवर से संबंधित गंभीर बीमारियों का उन्नत उपचार उपलब्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि यह निर्णय राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को बेहतर और विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा कि कई बार गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए विशेष अस्पतालों की आवश्यकता होती है और इन अस्पतालों को सूचीबद्ध किए जाने से मरीजों को समय पर और बेहतर इलाज मिल सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने आगे जानकारी दी कि सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार किसी भी आपात स्थिति, आपदा, महामारी या सरकारी अस्पतालों में मरीजों की अधिक संख्या होने की स्थिति में ये सूचीबद्ध अस्पताल एंबुलेंस, आईसीयू/सीसीयू, बर्न यूनिट, वार्ड, बेड तथा मोर्चरी जैसी सुविधाएं भी आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध करवाएंगे।
यह निर्देश पत्र जारी होने की तिथि से प्रभावी हो गए हैं। विस्तृत जानकारी हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से भी प्राप्त की जा सकती है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के कर्मचारियों, पेंशनरों और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और भविष्य में भी ऐसे कदम उठाए जाते रहेंगे।
हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यकारी उपाध्यक्ष बने विमल गोस्वामी
चंडीगढ़, 10 मार्च– हरियाणा सरकार ने केंद्रीय अभियांत्रिकी सेवा के 1989 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री विमल गोस्वामी को हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीडब्ल्यूडब्ल्यूएमए) पंचकूला का कार्यकारी उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री गोस्वामी सीमा सड़क संगठन में अपर महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और उन्हें प्रशासनिक एवं तकनीकी क्षेत्र में लंबा अनुभव है।
नवनियुक्त कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री विमल गोस्वामी ने अपनी नियुक्ति पर हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राज्य में जल संरक्षण को बढ़ावा देने, तालाबों के पुनर्जीवन तथा अपशिष्ट जल के प्रभावी प्रबंधन के लिए प्राधिकरण की टीम के साथ मिलकर पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों का संरक्षण समय की आवश्यकता है और इसके लिए आधुनिक तकनीक व प्रभावी योजनाओं के माध्यम से ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में तालाबों के संरक्षण और पुनर्जीवन के साथ-साथ अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक प्रबंधन को मजबूत बनाने की दिशा में प्राधिकरण द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों को और अधिक गति देने के लिए सभी संबंधित विभागों व विशेषज्ञों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
इस मौके पर प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री विमल गोस्वामी का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा तालाबों के पुनर्जीवन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेगा।







