Haryana News: हमें धैर्य, मर्यादा, भाईचारे व सच्चाई के रास्ते पर चलना सिखाती है रामायण : नायब सिंह सैनी
Haryana News: हमें धैर्य, मर्यादा, भाईचारे व सच्चाई के रास्ते पर चलना सिखाती है रामायण : नायब सिंह सैनी

Haryana News: नई दिल्ली, 2 अक्तूबर- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श हमारे जीवन को सही दिशा देते हैं। रामायण हमें यह सिखाती है कि धैर्य, मर्यादा, भाईचारे और सच्चाई के रास्ते पर चलकर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। आज के इस पावन पर्व पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अपने जीवन से बुराइयों को दूर करेंगे और समाज में अच्छाई, भाईचारे व प्रेम का संदेश फैलाएंगे।
मुख्यमंत्री वीरवार को श्री राम हनुमान रामलीला समिति लाडवा, कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित रामलीला महाआरती में पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का समिति के पदाधिकारियों ने स्वागत किया और गदा भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समिति को 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यंत विशेष है, क्योंकि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। दशहरे का संदेश है कि चाहे बुराई कितनी भी बड़ी क्यों न हो, उसका नाश निश्चित है और सत्य व धर्म की हमेशा जीत होती है। हरियाणा सरकार भी श्रीराम के आदर्शों पर चलकर सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ विकास कार्य करवा रही है।
उन्होंने कहा कि 3 अक्टूबर को केडीबी मेला ग्राउंड, कुरुक्षेत्र में केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह नए अपराधिक कानूनों के सकारात्मक परिणामों पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। अंग्रेजों के समय से कानून अभी तक देश में चले आ रहे थे, जिन्हें समाप्त करके देश में नए कानून लागू किए हैं। देश में इन कानूनों को सबसे पहले लागू करने वाला हरियाणा प्रदेश है। उन्होंने नागरिकों को इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए निमंत्रण भी दिया।







