
Haryana News: हिसार। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से पेट्रोल, डीजल व गैस संकट की घड़ी में जनता को भरोसा दिया है। प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम के माध्यम से अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का जिक्र करते हुए स्पष्ट कहा है कि दुनिया में जंग चल रही है। पेट्रोल-डीजल का संकट पैदा हुआ है, लेकिन भारत इस चुनौती से निपट रहा है।
डॉ. आशा खेदड़ रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में पार्टीजनों के साथ यह कार्यक्रम सुन रही थीं। उन्होंने कहा कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने हमारे देश के विशेष उपलब्धि प्राप्त व्यक्तियों व संस्थाओं का जिक्र किया वहीं जनता को बार—बार भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी तरह की अफवाहों में न आएं। सरकार की तरफ से जानकारी पर भरोसा करें। कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश में लगे हैं। जिला अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के भाषण का हवाला देते हुए जिस क्षेत्र में अभी युद्ध चल रहा है, वह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा केंद्र है। इसकी वजह से दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थिति बनती जा रही है। हमारे वैश्विक संबंध, अलग-अलग देशों से मिल रहा सहयोग और पिछले एक दशक में देश का जो सामर्थ्य बना है, इनकी वजह से भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है।

डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू कश्मीर की रणजी टीम का जिक्र करते हुए खिताब जीतने पर प्रसन्नता जताई। लगभग सात दशकों के लंबे इंतजार के बाद इस टीम ने अपना पहला रणजी खिताब हासिल किया। इसी तरह प्रधानमंत्री ने मछुआरों का जिक्र करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव बताया और कहा कि वे सुबह होने से पहले समंदर की लहरों से जूझते हुए, अपने परिवार के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में जुट जाते हैं।
जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम जिलेभर में बूथ स्तर पर सुना गया। जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला महामंत्री आशीष जोशी, कृष्ण खटाना, कोषाध्यक्ष अशोक मित्तल, सुरेश जांगड़ा, पीयूष मेहता, राजकुमार इंदौरा, मंडल अध्यक्ष लोकेश असीजा व जितेन्द्र पनिहार सहित अनेक महिलाएं व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे
Back to top button







