HARYANAHOME

Haryana News: नायब सैनी पंजाब में भी बीजेपी का नाश करेंगे: अभय सिंह चौटाला

Haryana News: नायब सैनी पंजाब में भी बीजेपी का नाश करेंगे: अभय सिंह चौटाला

Haryana News: चंडीगढ़, 27 मार्च। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय पर मंडियों में किसानों को पेश आ रही दिक्कतों, रसोई गैस की किल्लत, राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों द्वारा की गई क्रॉस वोटिंग समेत कई मुद्दों पर प्रेस वार्ता की। इस दौरान इनेलो के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस चौधरी, विधायक अदित्य देवीलाल और पार्टी सेक्रेटरी नछत्तर सिंह मल्हान भी मौजूद रहे।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो के एक प्रतिनिधि मंडल ने किसान हित में लाइसेंस रिन्यू करने के मुद्दे को लेकर 12 मार्च को मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किसान हित में लाइसेंस रिन्यू करने का आश्वासन दिया था। लेकिन आज तक मुख्यमंत्री ने वादाखिलाफी करते हुए आश्वासन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की है। कल शनिवार को सुबह 11:30 बजे इस मुद्दे को लेकर महामहिम राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन की जानकारी देंगे। सरकार को किसानों को एमएसपी न देना पड़े इसलिए लाइसेंस रिन्यू नहीं कर रही है। सरकार की नियत में खोट है। राज्यपाल से मुलाकात के बाद बड़े कदम का ऐलान भी करेंगे।

अभय सिंह चौटाला ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इनेलो पार्टी द्वारा जिलों में किसान कष्ट निवारण केंद्र बनाए जाएंगे। पार्टी पदाधिकारी किसानों की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे। हरियाणा की मंडियों की फसल को रखने की क्षमता कम है। ज्यादा धान आने पर अनाज सडक़ों पर बिखरा रहता है। फसल उठान में भी देरी होती है जिसके कारण किसानों को खामियाजा भुगतना पड़ता है ।

उन्होंने ईरान-इजरायल युद्ध के चलते घरेलू गैस की आ रही किल्लत पर भी कहा कि बाजार में गैस का पर्याप्त स्टॉक नहीं है। जिसके कारण लोगों को गैस के सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और सरेआम कालाबाजारी कर गैस सिलेंडर को महंगे दामों में बेचा जा रहा है। आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की भी किल्लत शुरू होगी।

राज्यसभा चुनाव को लेकर निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान के अनर्गल बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि देवेंद्र कादियान ने इनेलो की छवि खराब करने की गंदी मंशा से कहा था कि नामांकन के वक्त इनेलो के दो विधायक भी मौजूद थे। जबकि यह जग जाहिर है कि इनेलो का कोई विधायक नहीं गया। पार्टी इस बयान को लेकर निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान और टीवी चैनल को कानूनी नोटिस भेजेगी। या तो कादियान सबूत पेश करें, वरना कोर्ट में माफी मांगनी पड़ेगी।

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर अभय सिंह चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मतदान के दिन 3 बजे तक कुल 87 वोट डाले जा चुके थे जिसमें कांग्रेस के भी सभी विधायक वोट डाल चुके थे। उस समय तक विधानसभा स्पीकर और इनेलो के दो वोट समेत 3 वोट नहीं डाले गए थे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव में पोलिंग एजेंट थे। कांग्रेस के सभी विधायकों का वोट भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने देखा था। जब 3 बजे तक भूपेंद्र हुड्डा को पता चल गया था कि कांग्रेस के विधायकों ने अपने वोट क्रॉस और कैंसिल किए हैं तो फिर भूपेंद्र हुड्डा ने समय रहते उनके नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए। इसके पीछे भी बहुत बड़ा राज है। भूपेंद्र हुड्डा बीजेपी के उम्मीदवार को जिताने में लगा था। भूपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस के ही दलित उम्मीदवार को हराने की साजिश की थी। हमने किसी भी कीमत पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार को वोट नहीं देना था और अगर भूपेंद्र हुड्डा क्रॉस वोट की जानकारी दे देते तो हमारे दोनों वोट कांग्रेस के दलित उम्मीदवार को देते। कांग्रेस क्रॉस वोटिंग वालों के नाम तो बता रही है। लेकिन चार रद्द होने वाले विधायकों के नाम भी बताएं। क्रॉस वोटिंग और वोट रद्द करने वाले सभी विधायक हुड्डा के चहेते हैं।

मुख्यमंत्री नायब सैनी पर भी पलटवार करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इनेलो को कांग्रेस की बी टीम बताया था। हमारे विधायकों के वोट का फैसला हमारी पार्टी करेगी। या तो मुख्यमंत्री अपनी बात को साबित करे नहीं तो उनको भी कानूनी नोटिस भेजा जाएगा। जब भी मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात होगी तो उनसे जवाब मांगूंगा।

मुख्यमंत्री नायब सैनी के पंजाब दौरे पर अभय सिंह ने कहा कि नायब सैनी पंजाब में भी बीजेपी का नाश करेंगे। पंजाब में जाकर वो कहते हैं कि पंजाब की कानून व्यवस्था खराब है लेकिन हरियाणा में आज कानून व्यवस्था का कितना बुरा हाल है वो उन्हें दिखाई नहीं देता। अब तो भाजपा नेताओं को भी फिरौती की धमकियां मिल रही है। कल ही एक बीजेपी के नेता को 10 करोड़ रूपए की रंगदारी की धमकी मिली है। लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तार नहीं हुआ क्योंकि यह सब सरकार के संरक्षण में चल रहा है।

विकास मलिक

विकास मलिक 18 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। विकास मलिक ने इंडिया न्यूज, इंडिया न्यूज़ हरियाणा, साधना न्यूज, एमएचवन न्यूज, खबरें अभी तक, न्यूज नेशन, लीविंग इंडिया न्यूज़ समेत कई बड़े चैनल्स में काम किया है। विकास मलिक अभी जिओ हॉटस्टार में हरियाणावी कमेंट्री में बतौर प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं और साथ में अपनी खुद की वेबसाइट चला रहे है। इनकी कंटेंट से लेकर खेल और राजनीति के साथ हरियाणा पर गहरी पकड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button