HARYANAHOME

Haryana news: किसान आंदोलन को मिला आम आदमी पार्टी का खुला समर्थन, AAP राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने घेरी नायब सरकार

Haryana news: किसान आंदोलन को मिला आम आदमी पार्टी का खुला समर्थन, AAP राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने घेरी नायब सरकार

Haryana news: चंडीगढ़: 11 अप्रैल, 2026। हरियाणा की मंडियों में अव्यवस्थाओं से परेशान आंदोलनरत किसानों का समर्थन करते हुए आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने सीएम नायब सिंह पर तीखे हमले किये हैं। ढांडा ने आरोप लगाते हुए कहा है कि किसानों की फसल को बिकने से साजिशन रोका जा रहा है। गेट पास से लेकर बिक्री तक हर कदम पर कोई न कोई अड़ंगा अड़ा कर किसान को तंग किया जा रहा है। प्रदेश भर की मंडियों में नायब सरकार की व्यवस्था की पोल खुल गई है। जिस कारण आज प्रदेशभर का किसान आंदोलन करने को मजबूर है। किसानों से लेकर आढ़ती तक नए खरीद नियमों और अव्यवस्थाओं के कारण परेशान हो गए हैं।

अनुराग ढांडा ने कहा कि आज हरियाणा का किसान सड़कों पर जाम लगाकर आंदोलन कर रहा है हाईवे बंद किए गए और टोल पर कब्ज़ा किया गया है तो इसकी वजह खुद नायब सिंह हैं। किसानों को मंडियों में सरसों का सीजन शुरू होने से लेकर आज तक लगातार तंग किया जा रहा है। फ़सल खरीद की नई प्रक्रिया और नियम इस तरह तैयार किए गए हैं कि किसान मंडियों में प्रवेश ही ना कर पाये और अगर कर पाये तो फसल ना बेच पाये।

अनुराग ढांडा बोले कि प्रदेश भर की मंडियों में फसल की खरीद और उठान सही समय पर न होने से व्यवस्था पूरी बिगड़ चुकी है जिस कारण किसान परेशान है। गेहूं की आवक लगातार जारी है लेकिन मंडियों में न तो फसल की खरीद हो रही है न उठान। जिससे अंदर और बाहर जाम लग रहा है। इस समय प्रदेश की मंडियों में 20 लाख टन से अधिक गेहूं की आवक हो गई है और अगले 3 दिनों में और 20 लाख टन गेहूं आने का अनुमान लगाया जा रहा है लेकिन अब तक मात्र 5 लाख टन गेहूं की ही खरीद हुई है और 15 लाख टन गेहूं अब तक मंडियों में बिना खरीद के पड़ा है। इसमें से मात्र 49000 टन का ही उठान हुआ है।

अनुराग ढांडा ने कहा कि मंडियों में सरकार का हाईटेक सिस्टम भी धराशायी हो गया है। किसानों को एक गेट पास बनाने के लिए आधा घंटा लग रहा है। बायोमेट्रिक मशीनों का सर्वर डाउन होने से किसानों को घंटों अपनी बारी का इंतज़ार करना पड़ रहा है। पूरा दिन इंतज़ार करने के बाद भी फसल की खरीद नहीं होने से किसान ठगा हुआ महसूस कर रहा है। फसलों की खरीद शुरू हुए 15 दिन हो चुके हैं लेकिन अब तक नायब सरकार बायोमेट्रिक सिस्टम को नहीं सुधार पाई है। इससे सरकार की मंशा साफ़ हो गई है कि सरकार फसल खरीदने के मूड में ही नहीं है।

अनुराग ढांडा ने कहा कि जींद और फतेहाबाद में मीटर में नमी नापने वाले मीटर में सरेआम गड़बड़ी देखी गई है। खरीद एजेंसी का नमी नापने वाला मीटर असल नमी से 6 प्रतिशत की अधिक नमी दिखा रहा है। जींद मंडी में एजेंसी के मीटर में नापने पर 14 से 17 प्रतिशत की नमी देखी गई जबकि दूसरे मीटर में मात्र 11 प्रतिशत नमी आंकी गई। वहीं फतेहाबाद की भट्टूकलां मंडी से भी ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां एजेंसी के मीटर में 14.3 प्रतिशत नमी देखी गई तो आढ़तियों के मीटर में 11 प्रतिशत देखी गई। अगर सही से जांच की जाए तो यह एक स्कैम है जो प्रदेशभर की मंडियों में देखने को मिल जाएगा। इन गड़बड़ियों ने नायब सरकार की व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। किसान की फसलों को खरीदने की बजाये नायब सिंह सरकार ऐसी साजिशें रचने का काम कर रही है। नायब सरकार ने किसानों की फसल में कमियां बताकर कम दामों में खरीदने की साजिश रची है ताकि किसानों की फसल न खरीदनी पड़े और न एमएसपी देना पड़े।

अनुराग ढांडा ने सीएम नायब सिंह पर मंडियों में व्यवस्था को साजिशन बिगाड़ने के आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहा कि किसान हमेशा से किसान विरोधी रही है और किसानों से नफरत करती है। मंडियों में 12 दिनों से किसान लगातार तंग हो रहे हैं लेकिन अब तक किसान हितैषी होने का दावा करने वाली नायब सरकार कोई समाधान नहीं कर पाई है।

ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों के संघर्षों में उनके साथ मज़बूती से खड़ी रही है और लगातार किसानों के मुद्दे उठा रही है। उन्होने सीएम नायब सिंह को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द मंडियों में किसानों की फसलों की खरीद प्रक्रिया को आसान बनाया जाए। किसानों की फसल समय पर खरीद कर एमएसपी दिया जाए। नमी मीटर मापने जैसी गड़बड़ियों पर तुरंत रोक लगाई जाए। वरना, आम आदमी पार्टी को मजबूरन किसानों को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

विकास मलिक

विकास मलिक 18 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। विकास मलिक ने इंडिया न्यूज, इंडिया न्यूज़ हरियाणा, साधना न्यूज, एमएचवन न्यूज, खबरें अभी तक, न्यूज नेशन, लीविंग इंडिया न्यूज़ समेत कई बड़े चैनल्स में काम किया है। विकास मलिक अभी जिओ हॉटस्टार में हरियाणावी कमेंट्री में बतौर प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं और साथ में अपनी खुद की वेबसाइट चला रहे है। इनकी कंटेंट से लेकर खेल और राजनीति के साथ हरियाणा पर गहरी पकड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button