HARYANA

Haryana News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी बड़ी सौगात, करीब 117 करोड़ की 557 परियोजनाओं का किया उद्घाटन

Haryana News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी बड़ी सौगात, करीब 117 करोड़ की 557 परियोजनाओं का किया उद्घाटन

Haryana News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी बड़ी सौगातकरीब 117 करोड़ की 557 परियोजनाओं का किया उद्घाटन

हरियाणा को विकास के शिखर पर लेकर जाना हमारी प्रतिबद्धता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

सोनीपत के मुरथल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शरद नवरात्र और महाराजा अग्रसेन जयंती की बधाई

चंडीगढ़, 22 सितंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को शरद नवरात्र के पहले दिन प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए 117 करोड़ रुपये की 557 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत सोनीपत जिला के दीन बंधू छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) मुरथल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने यहां से 72 महिला सांस्कृतिक केंद्र, 90 इनडोर जिम, 69 योग एवं व्यायामशालाओं, मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना के तहत 101 सड़कों एवं 225 गांवों में फिरनी पर स्ट्रीट लाइट्स का उद्घाटन किया। इसके साथ-साथ उन्होंने स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान और 8वें पोषण माह के तहत महिला स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन एवं निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्र व महाराजा अग्रसेन जयंती की बधाई भी दी

इस मौके पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह केवल परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं है बल्कि हमारे संकल्पों की सिद्धि का और हरियाणा को विकास के शिखर पर ले जाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हरियाणा सरकार गांव-गांव और शहर-शहर समान रूप से विकास का प्रकाश फैलाने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मानना है कि जब महिला सशक्त होंगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा। ये सांस्कृतिक केंद्र, जिनका आज उद्घाटन किया गया है यह महिलाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच होंगे। इन केंद्रों में माताएं-बहनें सांस्कृतिक कार्यक्रम कर सकेंगी। प्रदेशभर में यह सांस्कृतिक केंद्र खोले जा रहे हैं। बीते दिनों तीज महोत्सव के दौरान प्रदेश में 131 महिला सांस्कृतिक केंद्रों का उद्घाटन किया गया था, आज के केंद्रों को मिलाकर प्रदेश में कुल 203 महिला सांस्कृतिक केंद्र खोले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 11 वर्षों के कार्यकाल में महिलाओं को सशक्त करने का काम किया है।

प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ और तंदुरुस्त देखना सरकार का संकल्प

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ और तंदरूस्त देखना सरकार के संकल्प का हिस्सा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी फिट इंडिया मूवमेंट की शुरूआत की थी। वहीं प्रदेश में फिटनेस और योग संस्कृति को बढ़ावा देते हुए जिम व व्यायामशालाएं खोली जा रही हैं। आज 90 इनडोर जिम और 69 योग एवं व्यायामशालाओं को उद्घाटन भी इसी कड़ी का हिस्सा हैं। अब तक प्रदेश में 892 योग एवं व्यायामशालाएं खोली जा चुकी हैं। सरकार की योजना हर गांव मे जिम खोलने की है। अभी तक 19 जिलों में 341 इनडोर जिम खोले जा चुके हैं। हर युवा स्वस्थ हो, नशे से दूर रहे और इन जिम और व्यायामशालाओं का लाभ उठाए।

गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गांवों का विकास उनकी सरकार की प्राथमिकता है। सबसे अधिक आबादी वाले ब्लॉकों के 10 गांवों और सभी महाग्रामों में फिरनी पर स्ट्रीट लाइट लगाने के काम किया जा रहा है। अब तक 695 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाई जा चुकी हैं। एक हजार से अधिक आबादी वाली 588 ग्राम पंचायतों की कच्ची फिरनियों को 237.64 करोड़ रुपये से पक्का किया गया है। बाकि जगह भी जल्द काम पूरा किया जाएगा। इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना में भी तेजी से कार्य हो रहा है। आज भी इस योजना के अंतर्गत 101 नई सड़कों का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ग्राम उदय से भारत उदय के विजन को आगे बढ़ाते हुए विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। हरियाणा सरकार भी इसे आगे बढ़ाते हुए पंचायती राज संस्थानों को सशक्त बनाते हुए ऐतिहासिक कदम उठा रही है।

हरियाणा को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंग

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम हरियाणा को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। ग्रामीण जीवन को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रदेश की 983 ई-लाइब्रेरियों में फर्नीचर उपलब्ध करवाया है। इन ई-लाइब्रेरियों में जल्द ही पुस्तकें व कंप्यूटर भी लगाए जाएंगे। इस सुविधा का विस्तार सभी गांवों में किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि हरियाणा का प्रत्येक गांव स्वावलंबी बने और पंचायतें सबका साथ-सबका विकास के संकल्प को साकार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिवस पर स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान और 8वें पोषण माह का शुभारंभ किया था। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने कामों में व्यस्त रहती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य कैंप लगाए जा रहे हैं, वह अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करवाएं, ताकि कोई गंभीर बीमारी हो तो समय पर इलाज हो सके।

पीएम ने जीएसटी में राहत देकर दी बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी में राहत देकर आमजन को बड़ी सौगात दी है। इसका लाभ आज पहले नवरात्र से मिलना शुरू हो गया है। खाने की सामग्री से लेकर अनेक वस्तुओं पर जीएसटी मे छूट दी गई है। जीएसटी में छूट से आम आदमी की बचत बढ़ेगी। यह गर्व की बात है कि जीएसटी मे यह सुधार की घोषणा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से की थी। तत्काल जीएसटी काउंसिल की बैठक हुई और जीएसटी छूट की घोषणा की गई। प्रधानमंत्री द्वारा यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उठाया गया कदम मील का पत्थर साबित होगा।

ग्रामीण विकास के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात कृष्ण लाल पंवार

विकास एवं पंचायत व खनन तथा भूविज्ञानन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज ग्रामीण विकास के क्षेत्र में हरियाणा सरकार ने इतनी परियोजनाओं का उद्घाटन करके आमजन को बड़ी सौगात दी है। महिला सांस्कृतिक केंद्रों, इनडोर स्टेडियम, योग एवं व्यायामशाला तथा फिरनी एवं स्ट्रीट लाइट्स का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में संभव हुआ है। ये परियोजनाएं न केवल हमारे गांवों की आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगी, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के स्वास्थ्य, सांस्कृतिक संरक्षण और समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। हमारा लक्ष्य है कि हर गांव, हर घर तक विकास की रोशनी पहुंचे। आज का यह समारोह उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि “नारी ही नारायणी है, नारी ही शक्ति है” और जब नारी सशक्त होगी, तो गाँव, समाज और राष्ट्र सशक्त होगा।

ग्रामीण विकास में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा रहाः डॉ. साकेत कुमार

विकास एवं पंचायत विभाग के  आयुक्त एवं सचिव व मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार ने कहा कि यह हमारे लिए बड़े गर्व की बात है कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा रहा है। हाल के वर्षों में गांव के बुनियादी ढ़ांचे में परिवर्तन के लिए हरियाणा सरकार ने अलग-अलग जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। गांव की सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाकर गांव की सुरक्षा एवं सुविधा को सुनिश्चित किया गया है। स्वास्थ्य एवं फिटनेस की दृष्टि से योग एवं व्यायामशालाएं खोली जा रही हैं। डिजिटल क्रांति को आगे बढ़ाते हुए गांवों में ई-लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में विशेष बल दिया गया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एवं पंचायत मंत्री के मार्गदर्शन में पंचायती राज संस्थाएं सक्रिय भूमिका निभाएंगी तभी समृद्ध गांव और सशक्त हरियाणा का सपना साकार होगा।

मुख्यमंत्री ने इन्हें किया सम्मानित

– आयुष्मान व्यवंदन स्कीम के अंतर्गत ओमवती और ओमी को कार्ड दिया गया।

– आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत माया देवी को आभा आईडी दी गई।

– भिगान गांव में लिंगानुपात में सुधार होने पर भिगान गांव की सरपंच सुनीता को सम्मानित किया गया।

– कैंसर से ठीक होने वाली महिला को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, विधायक निखिल मदान, खरखोदा से विधायक पवन खरखोदा, गन्नौर से विधायक देवेंद्र कादियान, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका दहिया, मेयर राजीव जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, भाजपा जिला अध्यक्ष गोहाना बिजेंद्र मलिक, दीनबंधु छोटूराम विज्ञान प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल के कुलपति प्रोफेसर श्री प्रकाश सिंह, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त सुशील सारवान सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

सेवा पखवाड़े के तहत स्वास्थ्य जांच शिविरों का लोगों को मिल रहा लाभ – अनिल विज

ऊर्जा मंत्री ने सेवा पखवाड़े के तहत अम्बाला छावनी में लगाए गए दो स्वास्थ्य जांच शिविरों का किया अवलोकन

चण्डीगढ़, 22 सितम्बर – हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि सेवा पखवाड़े के तहत अम्बाला छावनी में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य जांच शिविरों का लोगों को लाभ मिल रहा है। इन शिविरों में विभिन्न प्रकार के टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है।

ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने आज सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत आज अम्बाला छावनी में स्वास्थ्य जांच शिविर का अवलोकन किया और इससे पहले ईएसआई हेल्थ केयर, श्रम विभाग द्वारा नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी में आयोजित किए गए दो दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से लेकर 2 अक्टूबर लाल बहादुर शास्त्री व महात्मा गांधी की जयंती तक देश में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाडे के तहत पर्यावरण संरक्षण के तहत पेड़ लगाने का, स्वच्छता के तहत सफाई व्यवस्था, रक्तदान शिविर व स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज अम्बाला छावनी में दो जगहों पर स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया है जिसमें नागरिक अस्पताल अम्बाला छावनी व बीडी फ्लोर मिल के निकट हरी नगर सिंह सभा गुरुद्वारा में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया है।

श्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में हरि नगर स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है। यहां पर सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के साथ-साथ मुलाना मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक भी लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं। यहां पर ईसीजी, लंग्स के टेस्ट के साथ-साथ सभी प्रकार के टेस्ट निशुल्क किए जा रहे हैं तथा परामर्श के साथ-साथ दवाइयां भी निशुल्क दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान जो गंभीर बीमारी के मरीज पाए जा रहे हैं, उन्हें रेगुलर ट्रीटमेंट के लिए अम्बाला छावनी नागरिक अस्पताल में रेफर किया जा रहा हैं।

इससे पहले कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने नागरिक अस्पताल में ईएसआई हेल्थ केयर, श्रम विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन करते हुए शिविर का अवलोकन किया व मरीजों से बातचीत की। शिविर में आसपास क्षेत्रों से सैकड़ों श्रमिकों ने स्वास्थ्य जांच करवाई।

हरियाणा में जिला स्तर पर मनाई जाएगी महर्षि वाल्मीकि जयंती

5 से 7 अक्तूबर तक चलेंगे कार्यक्रम

चंडीगढ़, 22 सितम्बर-हरियाणा सरकार ने महर्षि वाल्मीकि जयंती जिला स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। इसलिए सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने जिले के जिला कल्याण अधिकारी से परामर्श करके 5 से 7 अक्तूबर तक महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम करवाना सुनिश्चित करें।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा इस संबंध में सभी मंडलायुक्तों और उपायुक्तों को लिखे एक पत्र में कहा गया है कि सरकार द्वारा संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रचार प्रसार योजना के अंतर्गत महापुरुषों के जन्मदिन / जयंती राज्य एवं जिला स्तर पर मनाये जाते हैं।

नायब सिंह सैनी ने लाडवा अनाज मंडी से किया धान के खरीद कार्य का शुभारंभ

 मुख्यमंत्री ने लाडवा मंडी में खरीद कार्यों का लिया जायजा

 किसानों के हित को देखते हुए समय से पहले शुरू करवाया खरीद कार्य

चंडीगढ़, 22 सितंबर–मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने किसानों के हित को देखते हुए धान खरीद कार्य को 1 अक्टूबर की बजाए 22 सितंबर से शुरू करने का काम किया  है।  सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की धान की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को जिला कुरुक्षेत्र की लाडवा अनाज मंडी में धान के खरीद कार्य का शुभारंभ करने उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा अनाज मंडी में धान की खरीद कार्य को शुरू करवाया और किसानों तथा व्यापारियों से बातचीत करते हुए कहा कि किसानों के अनुरोध पर धान खरीद कार्य को निर्धारित समय से पहले शुरू करवाया गया है। इतना ही नहीं किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए गत दिवस हिसार कृषि मेले में किसानों ने गेहूं के बीज पर सब्सिडी देने की मांग रखी थी। इस मांग को चंडीगढ़ जाते ही पूरा किया गया और बीज पर सब्सिडी देने की अधिसूचना को जारी करवाया गया।

मुख्यमंत्री  के सामने खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा किसान अमित कुमार व चरण सिंह की लगभग 100 क्विंटल पीआर धान की खरीद की गई। पिछले वर्ष पीआर धान की कुल आवक 12,00,000 क्विंटल हुई थी। हालांकि इस सीजन में अनाज  मंडी में पीआर धान की कुल 5000 क्विंटल की आवक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है। किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को पराली जलाने से रोकने के लिए 1200 रुपए की मदद दे रही है।

इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

प्रदेश में आम नागरिकों का साल भर में जीएसटी सुधार से होगा 4 हजार करोड़ रुपए का फायदा : नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने लाडवा के बाजार से प्रदेशव्यापी वस्तु एवं सेवाकर बचत कार्यक्रम का किया शुभारंभ

 दुकानदारों व व्यापारियों ने किया मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत

चंडीगढ़, 22 सितंबर-  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में लागू किए गए जीएसटी सुधार से प्रदेश में आम नागरिकों का साल भर में लगभग 4 हजार करोड़ रुपए का फायदा होगा और यह प्रदेश व देश के आर्थिक विकास में सबसे बड़ा परिवर्तन लाएंगे। यह जीएसटी सुधार न केवल व्यापारियों को राहत देंगे बल्कि आम उपभोक्ताओं के जीवन को भी सरल बनाएंगे। अहम पहलू यह है कि नागरिक अब कम जीएसटी का लाभ उठाकर स्वदेशी उत्पाद अपने घर लेकर आए। इन सुधारों से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियों में पारदर्शिता आएगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को लाडवा के मेन बाजार में  प्रदेशव्यापी वस्तु एवं सेवाकर बचत उत्सव को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान दुकानदारों और व्यापारियों से बातचीत कर रहे थे।

  इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रामकुंडी चौक पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और प्रदेशवासियों को अग्रसेन जयंती तथा नवरात्रों की बधाई और शुभकामनाएं देने के उपरांत  प्रदेशव्यापी वस्तु एवं सेवाकर उत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी  मैन बाजार, संगम मार्केट होते हुए शहीद ढींगरा चौक पर पहुंचे और दुकानदारों, व्यापारियों को सरकार द्वारा नई लागू जीएसटी दरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी और लोगों को स्वदेशी वस्तुएं और उत्पाद घर लाने की अपील की।

 इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद मदन लाल ढींगरा की प्रतिमा पर  भी माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री ने  जीएसटी में किए गए सुधारों और दी गई राहतों के बारे में अवगत करवाया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जीएसटी सुधारों के लाभ और महत्व की जानकारी आमजन और व्यापारियों तक पहुंचाने के लिए ‘जीएसटी जागृति अभियान’ शुरू किया गया है। यह अभियान 15 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इसके लिए आबकारी एवं कराधान विभाग ने विस्तृत कार्ययोजना के तहत शिविर आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि अभियान का पहला चरण 22 से 29 सितंबर तक चलेगा। इसमें सभी जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे और प्रतिदिन चिह्नित मार्केट्स का दौरा कर दुकानदारों और ग्राहकों को सुधारों की जानकारी देंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि व्यापार मंडल और विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है, ताकि व्यापारी वर्ग प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो। जीएसटी सुधारों के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया जा रहा है। इसके लिए जीएसटी सुधार, ईज ऑफ डूइंग, स्वदेशी और हरियाणा जैसे हैशटैग चलाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कर सुधारों की जानकारी देना ही नहीं है बल्कि लोगों को भारत में निर्मित वस्तुओं को अपनाने और स्वदेशी की भावना को प्रोत्साहित करने का भी संदेश देना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान के माध्यम से न केवल व्यापारी वर्ग जागरूक होगा बल्कि आमजन को भी इन सुधारों का सीधा लाभ मिलेगा और हरियाणा व्यापारिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बनेगा।

महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन पर्व पर श्री अग्रवाल सभा लाडवा के  के पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया

इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा,  उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

पलवल को स्वच्छ और सुंदर बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी – गौरव गौतम

 पलवल के लोगों को समुचित सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत करवाए जा रहे विकास कार्य

चण्डीगढ़, 22 सितंबर – हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने पलवल बस स्टैंड पर कूड़ा प्रबंधन एवं कूड़ादान वितरण कार्यक्रम के तहत स्ट्रेट वेंडरो को डस्टबिन वितरित करते हुए स्वच्छता को लेकर जागरूक कर स्वच्छता अभियान के तहत स्वयं सडक़ों पर झाड़ू लगाकर और कचरे को ट्रॉली में डालकर लोगों को जागरूक किया। वहीं उन्होंने पलवल में एक करोड़ 30 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों के शिलान्यास भी किए।

श्री गौरव गौतम ने ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पाेरेशन के सीएसआर फंड से लक्ष्य वेलफेयर मिशन के सहयोग से आयोजित किए गए कूड़ा प्रबंधन एवं कूड़ादान वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देशभर में 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत आज पलवल में स्ट्रीट वेंडरों ( रेहड़ी संचालकों) को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए डस्टबिन वितरित किए गए हैं।

उन्होंने रेहड़ी संचालकों से आह्वान करते हुए कहा कि कूड़ेदान में ही कूड़ा डालने का कार्य करे। इससे आपके आस-पास सफाई भी रहेगी। पलवल को स्वच्छ और सुंदर बनाने में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। यदि हम अपने घर, कार्यालय और दुकानों की तरह अपने आस-पास भी साफ-सफाई रखेंगे तो निश्चित तौर पर पलवल आने वाले दिनों में स्वच्छ और सुंदर शहरों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि आमजन कूड़े को कूड़ेदान में डाले और कूड़ा उठाने वाली गाडिय़ों में बनाए गए अलग-अलग बॉक्स में सूखा और गीला कूड़ा डाले। इस अवसर पर उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक का भी आमजन से बहिस्कार करने की अपील की।

लोगों की सुविधाओं के लिए सरकार लगातार करवा रही विकास कार्य

खेल राज्य मंत्री ने एक करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों के शिलान्यास भी किए। उन्होंने पलवल के वार्ड नंबर 28 में रास्ते और देवीलाल पार्क में एस्पिरेशनल शौचालय का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बिना भेदभाव के सरकार द्वारा तेजी से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। नागरिकों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर सरकार संकल्पित है।

मुख्यमंत्री ने धर्मपत्नी सहित पहले नवरात्र पर किए माता मनसा देवी के दर्शनलिया आशीर्वाद

प्रदेशवासियों की सुखशांति व समृद्धि की करी कामना

चंडीगढ़, 22 सितंबर-हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी सहित अश्विन नवरात्र के प्रथम दिन आज पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में माथा टेक पूजा अर्चना कर महामायी का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इसके उपरांत मंदिर परिसर में स्थित यज्ञशाला पहुंचकर हवन यज्ञ में भाग लिया और आहुति डाली।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राईन बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती निशा यादव ने मुख्यमंत्री को माता मनसा देवी का चित्र सम्मान स्वरूप भेंट किया।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, माता मनसा देवी श्राईन बोर्ड की सचिव श्रीमती शारदा प्रजापति, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

केंद्र और प्रदेश सरकार महाराजा अग्रसेन के दिखाए मार्ग पर चल रही है : मुख्यमंत्री

पंचकूला में “महाराजा अग्रसेन जयंती” में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मुख्यमंत्री

प्रदेश के लोगों को शरदीय नवरात्रों की बधाई दी

अग्रवाल समाज से प्रदेश के विकास में योगदान देने का किया आह्वान

चंडीगढ़ , 22 सितंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महाराजा अग्रसेन के दिखाए मार्ग पर चल कर “सबका साथ, सबका विकास” की नीति पर चल रही है। जिस प्रकार से महाराजा अग्रसेन अपने राज्य में बसने वाले हर व्यक्ति को एक ईंट और एक सोने की मोहर भेंट कर सहयोग करते थे, उनकी इसी समावेशी और दूरगामी सोच को आधार बनाकर सरकार अपनी योजनाओं से प्रत्येक व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री आज पंचकूला में हरियाणा सरकार की “संत महापुरुष सम्मान एवं विचार -प्रसार योजना”  के अंतर्गत आयोजित “महाराजा अग्रसेन जयंती” में बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सर्वप्रथम लोगों को शरदीय नवरात्रों की बधाई दी और महाराजा अग्रसेन को नमन किया। उन्होंने अग्रवाल समाज के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि यह समाज सदैव देश व समाज के लिए और उससे भी बढ़कर सम्पूर्ण मानवता के लिए महान सेवाएं प्रदान करता रहा है। उन्होंने समाज के कई महापुरुषों का नाम लेते हुए कहा कि जिस क्षेत्र पर नजर डालें, हर क्षेत्र में अग्रवाल समुदाय के लोगों की भूमिका देखने को मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्रवाल समाज मुख्यतः व्यापार और उद्योग से जुड़ा है।  हरियाणा सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में उद्योग और व्यापार के अनुकूल माहौल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार की नीतियों के कारण आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए ‘हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड’ का गठन किया है। हमने हिसार हवाई अड्डे का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों और सिद्धांतों को याद रखें।

उन्होंने बताया कि आज नवरात्रों से देशभर में जीएसटी में हुए सुधारों को लागु किया जा रहा है, इससे व्यापारी वर्ग में विशेष उत्साह है। उन्होंने ख़ुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुधारों के लिए प्रधामंत्री श्री नरेंद्र मोदी को अग्रवाल समाज द्वारा एक धन्यवाद पत्र भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि व्यापारियों के लिए ई-रिफंड की ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। कराधान के क्षेत्र में ई-पंजीकरण, कर की ई-अदायगी एवं रिटर्न की ई-फाइलिंग, ई-निविदा और सी-फार्म जारी करने की ऑनलाइन सुविधा शुरू की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री शहरी स्वामित्व योजना’ के तहत 20 साल से अधिक समय से किराये या लीज अथवा लाइसेंस फीस पर चल रही पालिकाओं की दुकानों व मकानों की मलकीयत उन पर काबिज व्यक्तियों को दी हैं। व्यापारियों की सुविधा हेतु माल के अंतर्राज्यीय आवागमन के लिए ‘ई-वे बिल योजना’ शुरू की है। ‘प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मान धन योजना’ के तहत खुदरा विक्रेताओं और दुकानदारों के लिए 60 वर्ष की आयु होने पर 3 हजार रुपये की न्यूनतम मासिक पेंशन सुनिश्चित की है।

श्री नायब सिंह सैनी ने उद्योगपतियों की सुविधा के लिए लागू की जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए  कहा कि लघु व मध्यम व्यापारियों के कल्याण के लिए अलग से ‘एम.एस.एम.ई.’ विभाग का गठन किया गया है। गुरुग्राम में स्टार्टअप की मदद के लिए ‘जी.एस.टी. सुविधा सेल’ स्थापित किया है। इसमें स्टार्ट-अप को पंजीकरण से लेकर रिटर्न दाखिल करने तक एंड-टू-एंड मदद मिल रही है। इसी प्रकार, पंचकूला में ‘एम.एस.एम.ई. जी.एस.टी. सुविधा सेल की स्थापना की गई है। इससे छोटे उद्यमियों को आसानी से जी.एस.टी. अनुपालन करने में मदद मिल रही है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का एक इको-सिस्टम तैयार किया है। प्रदेश सरकार ने उद्योगों से जुड़ी कई लंबित समस्याओं का समाधान कर प्रदेश में औद्योगिक वातावरण का निर्माण किया है। इससे उद्यमियों में भी हरियाणा सरकार के प्रति विश्वास पैदा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने अग्रवाल समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी गौरवशाली परम्पराओं का निर्वहन करते हुए भविष्य में भी प्रदेश के विकास में योगदान देते रहें।

 इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सहृदयता की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार महाराजा अग्रसेन के पदचिन्हों पर चल रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय नीति और महाराजा अग्रसेन की नीति सबका साथ सबका विकास का राज्य सरकार द्वारा पालन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल, विधायक श्री घनश्याम सर्राफ, विधानसभा के पूर्व  स्पीकर श्री ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल के अलावा अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से कुरुक्षेत्र की पहचान पूरे विश्व में -डा. अरविंद शर्मा

पर्यटन मंत्री ने शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर कुरुक्षेत्र में पहले नवरात्र पर की पूजा अर्चना

चण्डीगढ़, 22 सितंबर-  हरियाणा के पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से कुरुक्षेत्र की पहचान पूरे विश्व में है। इस पावन धरा कुरुक्षेत्र के साथ-साथ हरियाणा का हर क्षेत्र में चहुंमुखी  विकास हो रहा है और प्रदेश सरकार की तरफ से कुरुक्षेत्र में पर्यटन की दृष्टि से अनेक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा सोमवार को शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर, कुरूक्षेत्र में पहले नवरात्र पर पूजा अर्चना करने पहुंचे थे। यहां पर पर्यटन मंत्री ने परम्परा अनुसार पूजा अर्चना की और शक्ति पीठ पर माथा टेका।

पर्यटन मंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि के साथ-साथ दशहरा, दीपावली व अन्य पर्वों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के हर नागरिक को कुरुक्षेत्र की शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर में सुख शांति और समृद्धि के लिए मां का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचना चाहिए। इस मंदिर से मां का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद हर व्यक्ति की मनोकामना पूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर के साथ कुरुक्षेत्र के अन्य धार्मिक व पर्यटन स्थलों के कारण देश ही नहीं विदेशों में भी एक अलग पहचान है। इस धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की अनेकों परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश का चहुंमुखी  विकास हो रहा है। इस सरकार ने कुरुक्षेत्र ही नहीं हरियाणा को पर्यटन हब के रूप में एक अलग पहचान देने का काम किया है। इस सरकार के कार्यकाल में किसान, मजदूर, महिला, कर्मचारी और सीनियर सिटीजन लोगों के लिए अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया गया है।

विकास मलिक

विकास मलिक 18 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। विकास मलिक ने इंडिया न्यूज, इंडिया न्यूज़ हरियाणा, साधना न्यूज, एमएचवन न्यूज, खबरें अभी तक, न्यूज नेशन, लीविंग इंडिया न्यूज़ समेत कई बड़े चैनल्स में काम किया है। विकास मलिक अभी जिओ हॉटस्टार में हरियाणावी कमेंट्री में बतौर प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं और साथ में अपनी खुद की वेबसाइट चला रहे है। इनकी कंटेंट से लेकर खेल और राजनीति के साथ हरियाणा पर गहरी पकड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Rakulpreet की तस्वीरें वायरल, फोटोशूट में ढाया कहर Arbaz Khan की एक्स ने सोशल मीडिया पर मचाई तबाही, Viral तस्वीरों से मची सनसनी Haryanvi छोरी ने Instagram पर तस्वीरें post कर पूछा- कै ज्ञान, हो गई वायरल PM Modi in Srisailam: प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीशैलम के पवित्र श्री भ्रामराम्बा मल्लिकार्जुन स्वामी देवस्थानम में की पूजा-अर्चना, तस्वीरें Viral श्वेता तिवारी की लाडली ने सोशल मीडिया पर डाली ऐसी तस्वीरें, फैंस बोले wow