बेटियों पर अत्याचार हो रहे हैं, राक्षसी लोगों को कड़ी सजा दी जाए और इसकी चर्चा भी हो: PM Modi

Independence Day 2024 : देश आज 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से देश के भीतर हो रहे बलात्कार जैसे घिनौने अपराध करने वालों पर जमकर बरसे। उन्होंने दुष्कर्म जैसे घिनौने अपराधों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने और दोषियों को सख्त सजा देने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने दुष्कर्म के खिलाफ कानून बनाने की बात करते हुए कहा कि देश की माताओं, बहनों और बेटियों से दुष्कर्म करने वाले राक्षसी प्रवृत्ति के लोगों को फांसी पर लटकाने का कानून बनाया है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश के भीतर लोग आक्रोशित हैं, मैं भी उस पीड़ा को और आक्रोश को लाल किले से महसूस कर पा रहा हूं। उन्होंने कहा कि एक समाज के नाते हमें इसे गंभीरता से सोचना होगा। महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जल्द से जल्द जांच होनी चाहिए। राक्षसी काम करने वालों को शीघ्र सजा होनी चाहिए। यह समाज में विश्वास पैदा करने के लिए आवश्यक है।

अपराधियों की सजा की हो चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर कोई अपराधी बलात्कर जैसी घटना को अंजाम देता है तो उसे मीडिया में खूब दिखाया जाता है। उन्होंने कहा कि जब राक्षसी प्रवृत्ति के लोगों को सजा मिलती है। तब वह खबरें कहीं नहीं आतीं.अब समय की मांग है कि जिनको सजा मिले, उनकी चर्चा हो ताकि आगे से कोई ऐसा घिनौना अपराध न करे और उनके मन में डर पैदा हो।

नेतृत्व कर रही महिलाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महिलाएं सिर्फ भागीदारी नहीं बढ़ा रही हैं, बल्कि अब नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं. डिफेंस सेक्टर में महिलाएं जमकर हिस्सा ले रही हैं और अपना दम-खम दिखा रही हैं। महिला विकास मॉडल का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महिलाएं नवाचार, रोजगार, उद्यमिता में कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं।

 

Source: 

Exit mobile version